CCTV में कैद हुआ स्ट्रीट डॉग को कुचलने का मामला, नाबालिग चला रहा था कार, परिवार पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
जबलपुर के जेडी कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग को कार से कुचलने का मामला सामने आया है। दरअसल घटना मुस्काना प्लाजा के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि कार एक नाबालिग चला रहा था और टक्कर से कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोग और डॉग लवर विजय नगर थाने पहुंचे। उन्होंने कार मालिक और उसके बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले में गाली-गलौज, धमकी और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए गए हैं।
दरअसल यह घटना 15 अक्टूबर की रात करीब 10 बजकर 13 मिनट की बताई गई है। जानकारी के मुताबिक जेडी कॉलोनी में रहने वाले भरत सोनी का नाबालिग बेटा कार लेकर अपार्टमेंट के गेट से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद स्ट्रीट डॉग कार की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुत्ते के चारों पैर टूट गए और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर घायल कुत्ते की मदद की। मामला सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों ने पुलिस से शिकायत की और CCTV फुटेज भी सौंपे।
नाबालिग ने स्ट्रीट डॉग को कुचला
वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक कार को अपार्टमेंट से बाहर निकालते समय चालक को गेट के पास बैठे स्ट्रीट डॉग के बारे में सावधान भी किया गया था। इसके बावजूद कार कुत्ते के ऊपर चढ़ने का आरोप है। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने घायल कुत्ते का इलाज कराने की बात कही लेकिन शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस दौरान मदद करने के बजाय विवाद शुरू हो गया।
CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ घटनाक्रम
दरअसल स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भरत सोनी और उनके परिवार के सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकाया। शिकायत में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी के आरोप भी लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम का कुछ हिस्सा CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल पुलिस के पास शिकायत और फुटेज हैं जिनके आधार पर घटना की परिस्थितियों को समझने की कोशिश की जा रही है।
डॉग लवर ने की कार्रवाई की मांग
वहीं शुक्रवार रात स्थानीय लोग और डॉग लवर विजय नगर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार मालिक भरत सोनी तथा उनके नाबालिग बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कुत्ते को गंभीर चोट लगने के बाद उसके इलाज को लेकर बात की गई थी लेकिन इसके बजाय उनके साथ विवाद और गाली-गलौज हुई।
वहीं विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक कॉलोनी के लोगों ने भरत सोनी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत के साथ कुछ CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के मुताबिक वैधानिक कार्रवाई होगी।
उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर से ढहाई तीन मंजिला इमारत
सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। नगर निगम के अधिकारियों ने पूरी योजना बनाकर इस अभियान को अंजाम दिया। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए टीम अपने साथ 3 बड़ी पोकलेन और 1 जेसीबी मशीन लेकर पहुंची थी। देखते ही देखते कुछ ही घंटों के भीतर आश्रम परिसर में खड़े अवैध स्ट्रक्चर को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।
नोटिस की समयावधि खत्म होने के बाद लिया गया कड़ा फैसला
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा आश्रम में बिना इजाजत किए गए इस निर्माण को लेकर प्रबंधन को बहुत पहले ही कानूनी नोटिस थमाया गया था। नोटिस में आश्रम वालों को खुद ही अवैध निर्माण हटाने का पूरा समय दिया गया था। लेकिन दी गई समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब निर्माण नहीं हटाया गया तो निगम प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
सुबह-सुबह भारी अमले के साथ पहुंची नगर निगम की टीम
नगर निगम के भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि शुक्रवार तड़के ही निगम का पूरा अमला गाड़ियों और पोकलेन मशीनों के साथ नृसिंह घाट क्षेत्र में पहुंच गया था। टीम ने पहुंचते ही बिना कोई वक्त गंवाए अवैध हिस्सों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया। तड़के हुई इस कार्रवाई के दौरान आश्रम के आसपास लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया था।
मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
किसी भी तरह के विरोध या हंगामे की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम के अमले और पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी की वजह से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से निपट गई। अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध निर्माण या अतिक्रमण को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सिंहस्थ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जारी रहेगा अभियान
उज्जैन नगर निगम का कहना है कि आगामी सिंहस्थ मेले को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। सरकारी जमीन और सिंहस्थ बायपास मार्ग पर किए गए किसी भी अवैध कब्जे पर आगे भी इसी तरह का बुलडोजर एक्शन जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









