चलती कार में स्टंट करना युवकों को पड़ा भारी, पुलिस ने काटा चालान, लगवाई उठक बैठक
उज्जैन में तेज रफ्तार कार पर स्टंट करने वाले कुछ युवकों को पुलिस ने सबक सिखाया है। कोतवाली पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद युवकों की पहचान कर इन्हें पकड़ा। इन पर चलानी कार्रवाई की गई और कान पड़कर उठक बैठक भी लगवाई गई।
दरअसल कुछ युवकों का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह तेज रफ्तार कर की खिड़की से बाहर निकलकर वीडियो बना रहे थे। जैसे ही यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचा तुरंत ही जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। युवक कहां रहते हैं इस बारे में जानकारी जुटाई गई और उन्हें मौके से पकड़ कर थाने लाया गया।
पुलिस ने की चलानी कार्रवाई
पुलिस ने वीडियो के जरिए तीन युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ा है। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चलानी कार्रवाई की गई है। इन्हें सड़क पर इस तरह के लापरवाही न करने की समझाइश भी दी गई है। इन युवकों की पहचान 25 वर्षीय नावेद, 25 वर्षीय साकेत और 18 वर्षीय आश्मीर अहमद के रूप में हुई है। यह सभी मिल्कीपुरा के रहने वाले हैं। तीनों ने अपनी गलती स्वीकार की है और भविष्य में इस तरह के लापरवाही न करने और यातायात नियमों का पालन करने का वचन दिया है।
पुलिस ने लगवाई उठक बैठक
स्टंट करने वाले युवकों को जब पुलिस कोतवाली थाना लेकर पहुंची। तब समझाइश देने के बाद इनसे कान पकड़ कर उठक बैठक भी लगवाई गई। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित गति से गाड़ी चलाने और सड़क पर कोई भी खतरनाक गतिविधि करने से बचने की सलाह दी है।
लगातार जारी है कार्रवाई
बता दें कि शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस के कार्रवाई लगातार जारी है। कई बार छोटी सी लापरवाही वाहन चालकों के साथ-साथ दूसरे लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल देती है। ऐसे में पुलिस यातायात नियमों पालन करने और सुरक्षित रूप से वाहन चलाने की अपील कर रही है।
MP Weather: आज से 4 दिन बादल-बारिश का दौर, ग्वालियर-चंबल संभाग में ज्यादा प्रभाव, जानिए भोपाल-इंदौर के मौसम का भी हाल
उत्तरी हिस्से में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से आज से मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 15 से 18 अक्टूबर तक 5 संभागों में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई है।
इसका ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में रहने का अनुमान है। इसके अलावा उज्जैन, सागर और रीवा संभाग में भी बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है। गुरुवार, 15 अक्टूबर को ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, नीमच और मंदसौर में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।
इसके अलावा आने वाले दिनों में ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में भी असर देखने को मिलेगा। भोपाल और इंदौर संभाग में मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप और रात में ठंडक बनी रहेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक,पश्चिमी विक्षोभ मध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर उत्तर-पश्चिम यूपी के ऊपर स्थित अब उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में स्थित है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण मध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर राजस्थान के मध्य भागों के ऊपर स्थित अब दक्षिण राजस्थान के मध्य भागों के ऊपर स्थित है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण मध्य समुद्र तल से 4.5 किमी की ऊंचाई उत्तर-पूर्वी यूपी और संलग्न बिहार के ऊपर विस्तृत है। इन सभी मौसम प्रणालियों के असर से गुरुवार से रविवार तक प्रदेश में बादल-बारिश की स्थिति बनी रहेगी। बीते 10 सालों का ट्रेंड भी देखें तो अक्टूबर महीने में बादल, बारिश, गर्मी और ठंडक मिला-जुला असर देखने को मिलता है।
इस बार का मानसूनी सीजन में कैसा रहा
- इस बार मानसून 24 जून से 3 अक्टूबर 2026 यानि 100 दिन सक्रिय रहा।
- इस दौरान 908.4 मिलीमीटर यानी 35.8 इंच (95.9%) बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 37.3 इंच (949.5 मिलीमीटर ) होनी चाहिए थी।
- मानसूनी सीजन में इस बार प्रदेश में करीब 4% या 1.5 इंच बारिश कम हुई।
- पूर्वी मध्य प्रदेश में 4% ज्यादा पानी गिरा, लेकिन पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 12% कम बारिश हुई।
- आलीराजपुर बारिश के मामले में सबसे पीछे रहा। निवाड़ी और मऊगंज में सामान्य से 150% से ज्यादा बारिश दर्ज हुई।
- भोपाल, राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, कटनी, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, आगर-मालवा, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में सामान्य से अधिक बारिश हुई।
- बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर, सिवनी में 5% से 21% तक कम बारिश हुई है।
- आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में भी औसत से 9% से 51% कम पानी गिरा है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









