सलमान ने पिता सलीम खान संग शेयर की तस्वीरें:दोनों काउबॉय हैट में दिखे, बोले- वह ‘असली मॉन्स्टर’ हैं, हम सब के बाप में है दम
सलमान खान ने बुधवार देर रात अपने पिता सलीम खान के साथ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में दोनों मैचिंग काउबॉय हैट पहने नजर आए। सलमान ने सलीम खान के साथ तस्वीरों की सीरीज इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। पहली 3 तस्वीरों में सलमान कुर्सी पर बैठे सलीम को पीछे से गले लगाते दिखे। सलमान इस ट्विनिंग मोमेंट में काफी खुश नजर आए। आखिरी तस्वीर में सलमान पिता के पास बैठे और उनका हाथ पकड़े दिखे। तस्वीरें शेयर करते हुए सलमान ने लिखा, “हाउडी पार्टनर! ही-हॉ! 91 की उम्र में एक... बाप तो बाप होता है। वह असली मॉन्स्टर हैं। हम सब के बाप में है दम वंदे मातरम्।” उन्होंने आगे लिखा, “एक और दिन नहीं होता , एक और दिन कम होता है। आप लोग समझ रहे हैं? भगवान दयालु रहे हैं।” सलमान अब भी पिता से करियर की सलाह लेते हैं वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में सलमान ने बताया था कि वह अब भी अपने पिता से करियर की सलाह लेते हैं। उन्होंने कहा, “आज भी अगर मैं किसी बात को लेकर उलझन में होता हूं, तो हमेशा उनके पास जाता हूं। वह जो कहते हैं, मैं वही करता हूं।” सलमान ने आगे कहा था, “आमतौर पर लोग आपके पास सलाह लेने आते हैं और फिर वही करते हैं जो उन्हें करना होता है। मेरे मामले में ऐसा नहीं है।” सलीम खान अस्पताल में भर्ती हुए थे सलीम खान को 17 फरवरी 2026 को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था। डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा था और एहतियात के तौर पर वेंटिलेटर सपोर्ट भी दिया गया था। करीब एक महीने अस्पताल में रहने के बाद उन्हें छुट्टी मिली थी। 21 मार्च 2026 को ईद के मौके पर सलीम खान पहली बार अस्पताल से लौटने के बाद सार्वजनिक रूप से नजर आए थे। वह सलमान और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ मुंबई स्थित अपने घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स की बालकनी पर पहुंचे थे। पोती के पहले जन्मदिन पर पहुंचे थे सलीम खान हाल ही में 5 अक्टूबर को सलीम खान अपनी पोती सिपारा के पहले जन्मदिन के मौके पर भी नजर आए थे। सिपारा, अरबाज खान और शूरा खान की बेटी हैं। 1960 के दशक में करियर शुरू हुआ था सलीम खान हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रिप्ट राइटर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से की थी। 1960 के दशक में फिल्म ‘बारात’ से करियर शुरू हुआ, लेकिन फिल्मों में उन्हें सीमित और छोटे किरदार ही मिले। लगभग दो दर्जन फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि एक्टिंग उनकी वास्तविक ताकत नहीं है। इसके बाद उन्होंने लेखन की ओर रुख किया और स्क्रिप्ट राइटर बन गए। ‘सलीम-जावेद’ की जोड़ी फेमस हुई सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी ‘सलीम–जावेद’ के नाम से मशहूर रही है। दोनों ने मिलकर हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट और यादगार फिल्में दीं, जैसे जंजीर, दीवार, शोले, डॉन और सीता और गीता। इन फिल्मों की दमदार कहानियां और संवाद लोगों के दिलों में बस गए। उनकी लिखी स्क्रिप्ट ने फिल्मों का अंदाज बदल दिया। उन्होंने मजबूत किरदार, संवाद और सामाजिक मुद्दों को कहानी का हिस्सा बनाया। सलीम-जावेद की सफलता से फिल्म इंडस्ट्री में लेखकों को नई पहचान और सम्मान मिला और उन्हें भी स्टार्स की तरह महत्व मिलने लगा। सलीम-जावेद भारतीय सिनेमा के पहले लेखक माने जाते हैं, जिन्हें ‘स्टार स्टेटस’ मिला। उन्होंने अमिताभ बच्चन की ‘एंग्री यंग मैन’ इमेज को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। सलीम खान ने दो शादियां कीं पर्सनल लाइफ की बात करें तो सलीम खान ने दो शादियां कीं। उनकी पहली शादी 18 नवंबर 1964 को सलमा खान (पूर्व नाम सुषिला चरक) से हुई। इस शादी से उनके चार बच्चे सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान हुए। बाद में 1981 में सलीम खान ने एक्ट्रेस हेलन रिचर्डसन से शादी की। कुछ सालों बाद सलीम खान और हेलेन ने अर्पिता को गोद लिया। उनके बड़े बेटे सलमान खान हिंदी सिनेमा के सबसे टॉप एक्टर्स में गिने जाते हैं, जबकि अरबाज और सोहेल भी फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उनकी बेटी अलवीरा की शादी एक्टर-डायरेक्टर अतुल अग्निहोत्री से हुई, वहीं अर्पिता की शादी एक्टर आयुष शर्मा से हुई है। ......…….. यह खबर भी पढ़ें... ‘मेरे खिलाफ बहुत नेगेटिविटी चल रही थी’: ‘दस का दम’ नहीं करना चाहते थे सलमान, पिता सलीम खान की सलाह से बदला फैसला सलमान खान ने हाल ही में बताया था कि नेगेटिविटी के दौर में वह ‘दस का दम’ होस्ट नहीं करना चाहते थे। उस समय उनके खिलाफ कोर्ट केस, रिलेशनशिप और फिल्मों को लेकर कई खबरें चल रही थीं। ऐसे में उन्होंने पिता सलीम खान से शो को लेकर सलाह ली थी। सलीम खान ने उन्हें अपनी पर्सनैलिटी और परवरिश पर भरोसा रखने की सलाह दी थी। इसके बाद सलमान ने शो करने का फैसला किया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
सैमसन बोले- तिलक का विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट था:यहीं से भारत की जीत की उम्मीद टूटी; अर्शदीप की चोट पर अपडेट भी दिया
भारतीय ओपनर संजू सैमसन ने तिलक वर्मा के विकेट को बुधवार को हैदराबाद में खेले गए मैच का टर्निंग पॉइंट बताया है। उन्होंने मैच के बाद कहा- ‘मैच का टर्निंग पॉइंट वह था, जब तिलक आउट हुए। हम मैच में अच्छी स्थिति में थे।’ 31 साल के सैमसन ने आगे कहा, ‘हम 10-20 रन आसानी से बना रहे थे। रेड्डी और तिलक दबाव हैंडल कर रहे थे। दोनों बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उस समय तक हम रन चेज में बने हुए थे।’ मैच में 48 रन बनाने के लिए 19 गेंदें बाकी थीं, तभी रोमारियो शेफर्ड ने तिलक से गलत शॉट लगवाकर उनका विकेट लिया। इसके बाद वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हरा दिया। 70 रन की साझेदारी टूटी, रेड्डी-तिलक ने पारी संभाली थी नीतीश कुमार रेड्डी और तिलक वर्मा जब क्रीज पर आए, तब भारत ने 130 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। टीम को 50 गेंदों में 118 रन बनाने थे। यहां से दोनों ने छठे विकेट के लिए 32 गेंद पर 70 रन की साझेदारी करके भारत की वापसी कराई। इस पर सैमसन ने कहा कि यह अच्छी बात है कि पांच विकेट गंवाने के बाद भी हमारे पास नियंत्रण था। 2 युवा खिलाड़ियों ने दबाव संभाला और वेस्टइंडीज के गेंदबाजी आक्रमण का सामना किया। उन्होंने माना कि निचले क्रम की साझेदारी को अंत में बहुत कुछ करना था। सैमसन ने कहा, ‘सच कहूं तो ऐसी चीजें होती हैं। गलतियां होना तय है। हमें आगे बढ़ते रहना और पॉजिटिव रहना होगा।’ सैमसन ने ईशान-अभिषेक का बचाव किया ईशान किशन ने 3 गेंदों पर 6 रन बनाए। अभिषेक शर्मा 24 गेंदों पर 29 रन ही बना सके। दोनों के प्रदर्शन को लेकर सैमसन ने उनका बचाव किया। उन्होंने कहा, ‘ईशान और अभिषेक दुनिया के टॉप-2 बैटर्स हैं। एक मैच खराब होना ठीक है। अभिषेक ने पिछले मैच में शानदार 70 रन बनाए थे। ईशान लगातार काफी रन बना रहे हैं। इसलिए एक मैच खराब होना पूरी तरह ठीक है।' सैमसन ने खुद फिफ्टी लगाई ईशान के जल्दी आउट होने के बावजूद सैमसन ने भारत को तेज शुरुआत दी। उन्होंने 23 गेंदों पर 56 रन बनाए। हालांकि, भारत की हार के बाद सैमसन निराश दिखे। उन्होंने कहा, ‘हारने वाली टीम में होने का एहसास अलग होता है। इस समय मैं काफी निराश हूं। मेरा योगदान जीत में आना चाहिए था।’ अपनी पारी के बारे में सैमसन ने कहा, ‘मुझे वहां बल्लेबाजी करने में बहुत मजा आया। जब आप ऐसे स्कोर का पीछा कर रहे होते हैं, तो ज्यादा सोचने का समय नहीं होता।’ सैमसन बोले- अर्शदीप बर्फ लगा रहे, जल्दी ठीक होंगे सीरीज बराबर होने के बाद सैमसन ने कहा कि भारतीय टीम आखिरी मैच के लिए पूरी तरह तैयार है। अब यह फाइनल जैसा मुकाबला है। देखते हैं कि आगे क्या होता है।' उन्होंने अर्शदीप की चोट पर कहा- ‘अर्शदीप अपने कंधे पर बर्फ लगा रहे हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे। उन्हें तेज गति की गेंद लगी थी। आशा है कि वह जल्द ही उबर जाएंगे।’ -------------------------------------------------------------
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others









