Responsive Scrollable Menu

Kolkata में रंगी सड़कों पर फिसले दोपहिया वाहन, सरकार ने पुलिस को दिए जांच के आदेश

दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता में हाल में रंगी गई एक सड़क पर मोटरसाइकिल सवारों के फिसलने के वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद विपक्षी दलों और पर्यावरणविदों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। विपक्षी दलों तथा पर्यावरणविदों ने सड़कों पर इस्तेमाल किए गए रंगों की उपयुक्तता पर सवाल उठाए। एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना की जांच का आदेश दिया है और कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद को इसकी जांच का जिम्मा सौंपा है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने शहर की कई सड़कों की सामान्य काली पिच या डामर वाली सतह को चमकीले रंगों से रंगा है। शहरी विकास एवं नगर निकाय मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि दक्षिण कोलकाता में गरियाहाट फ्लाईओवर, पूर्वी कोलकाता में चिंगरीघाटा फ्लाईओवर और शहर के मध्य में रेड रोड के एक हिस्से को सुरक्षा दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए इंद्रधनुषी रंगों से रंगा गया है। पॉल ने संवाददाताओं को बताया कि शहर को सुंदर बनाने और उसकी सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए पार्क सर्कस के सेवन प्वाइंट क्रासिंग और गरियाहाट फ्लाईओवर के पास पारंपरिक बंगाली सजावटी कला ‘अल्पना’ भी बनाई गई है।

मंत्री ने कहा कि ये रंग कुछ महीनों में उतर जाएंगे। दिन के दौरान चिंगरीघाटा फ्लाईओवर पर बारिश से गीली हुई इंद्रधनुषी रंगों वाली सड़क पर बाइक सवारों के फिसलने के वीडियो वायरल हुए। हालांकि, पीटीआई-भाषा इन वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।

पॉल ने बाद में कहा, “मुख्यमंत्री ने हमें रंग से रंगने को लेकर मिली शिकायतों की जांच करने का निर्देश दिया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त से भी इस मामले की जांच करने को कहा गया है।” कांग्रेस, ममता बनर्जी की अगुवाई वाली अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) और माकपा ने दुर्गा पूजा से पहले शुरू की गई इस सौंदर्यीकरण पहल के सुरक्षा संबंधी प्रभावों पर सवाल उठाए। ममता बनर्जी की एआईटीसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हाल में रंगा गया फ्लाईओवर मौत का जाल बन गया है।

बारिश की पहली बौछार के साथ ही बाइक फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।’’ पार्टी ने इस मामले में पॉल से जवाबदेही तय करने की मांग की। पार्टी ने वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘‘बंगाल के लोग सुरक्षित सड़कें चाहते हैं, खतरनाक बुनियादी ढांचा नहीं।’’ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आशुतोष चटर्जी ने भी पॉल और कोलकाता नगर निगम की आयुक्त एवं प्रशासक स्मिता पांडे को पत्र लिखकर सड़क पर सामान्य पेंट के इस्तेमाल से पैदा होने वाले संभावित सुरक्षा जोखिमों की ओर ध्यान दिलाया। चटर्जी ने अपने पत्र में कहा कि वाहनों की आवाजाही के लिए बनी सड़कों पर चमकदार पेंट का मनमाने ढंग से इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे टायरों की पकड़ कमजोर हो सकती है और फिसलने की आशंका बढ़ सकती है।

माकपा नेता पार्थ प्रतिम विश्वास ने भी फ्लाईओवर की सड़कों को रंगने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ‘‘चमकीले और चिकने पेंट का इस्तेमाल सड़क सुरक्षा नियमों के खिलाफ है और सड़क निर्माण के सिद्धांतों का उल्लंघन करता है। इससे खासकर बारिश के दौरान मोटर चालकों और बाइक सवारों की जान को खतरा होता है।’’ पर्यावरणविद् सोमेंद्र मोहन घोष ने पीटीआई-भाषा से कहा कि शहर को सुंदर बनाने की कोई भी पहल स्वागतयोग्य है, लेकिन मोटर वाहनों की आवाजाही वाली सड़कों पर ऐसे पेंट के इस्तेमाल की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

घोष ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पॉल और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, दोनों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चिंतित हूं। वाहनों के चलने वाली सड़क पर चमकदार ऑयल पेंट खतरनाक है और इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

सामान्य घरेलू पेंट से सड़क पर टायरों के चलने वाले पूरे हिस्से को कभी नहीं रंगना चाहिए।’’ घोष ने कहा, ‘‘चमकदार पेंट एक चिकनी परत बना देता है। जब यह पानी, तेल या डीजल से गीला होता है, तो घर्षण गुणांक बहुत कम हो जाता है। इससे दोपहिया वाहन और कारें फिसल सकती हैं।’’ पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यकर्ता नबा दत्ता ने सवाल उठाया कि क्या सड़कों को चमकीले रंगों से रंगने के उद्देश्य को पर्याप्त रूप से स्पष्ट किया गया है और क्या इस पहल में सड़क का इस्तेमाल करने वाले लोगों पर पड़ने वाले प्रभावों को महत्व दिया गया है।

Continue reading on the app

India Gate पर धरने पर बैठे Ankita Bhandari के माता-पिता को हिरासत में लेकर छोड़ा

अंकिता भंडारी हत्याकांड से कथित तौर पर जुड़े एक ‘‘वीआईपी’’ की संवैधानिक पद पर नियुक्ति रोकने की मांग को लेकर यहां इंडिया गेट पर धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता और कांग्रेस के कुछ नेताओं को बृहस्पतिवार तड़के हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने पुलिस पर अंकिता के माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पुलिस ने तड़के करीब चार बजे अंकिता के माता-पिता और प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों को हिरासत में लिया।

बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा और काजी निजामुद्दीन ने पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि न्याय की मांग करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। अंकिता के माता-पिता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने का विरोध कर रहे थे और बुधवार को इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गए थे।

उनका आरोप है कि हत्याकांड में जिस कथित ‘‘वीआईपी’’ की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं, वह गौतम हैं। सितंबर 2022 में हुई इस हत्या के समय गौतम भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी थे। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा या गौतम की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार देर शाम इंडिया गेट पहुंचकर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और न्याय की लड़ाई में परिवार को समर्थन देने का भरोसा दिलाया था। राहुल गांधी ने बाद में ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि चार साल बीत जाने के बावजूद अंकिता के परिवार को न्याय नहीं मिला है। अंकिता के पिता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से दुष्यंत गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति रोकने का अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच पूरी होने तक गौतम को राज्यपाल नियुक्त नहीं किया जाना चाहिए।

ऋषिकेश के निकट वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट रही 19 वर्षीय अंकिता की सितंबर 2022 में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने दोषी ठहराया था और तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

Continue reading on the app

  Sports

19 के स्कोर पर गिर गए थे 4 विकेट... स्मृति मंधाना ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत से किया कप्तानी का आगाज

India womens cricket team beat Zimbabwe: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को चार विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरी टीम इंडिया के सामने 115 रन का लक्ष्य था, लेकिन शुरुआती झटकों के कारण उसने 19 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (49) और पदार्पण कर रही निकी प्रसाद (नाबाद 39) ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई. Fri, 16 Oct 2026 22:44:00 +0530

  Videos
See all

Hardoi Station पर महिला से छेड़छाड़, लोगों ने नशेड़ी को पीटा! #shorts #viralnews #viralvideo #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-16T22:10:26+00:00

Settlers attack Palestinian olive farmers in West Bank | Global News Podcast #tmktech #vivo #v29pro
2026-10-16T22:00:39+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers