पोप लियो को लंग कैंसर:रोम के अस्पताल में सर्जरी हुई, दाएं फेफड़े का पूरा निचला हिस्सा निकाला गया
पोप लियो XIV को लंग कैंसर होने की पुष्टी हुई है। वेटिकन ने मेडिकल बुलेटिन में यह जानकारी दी। 71 वर्षीय पोप की मंगलवार को रोम के अगोस्तीनो जेमेली अस्पताल में 90 मिनट की सर्जरी हुई। जांच में फेफड़ों की ग्रंथि कोशिकाओं से विकसित होने वाले कैंसी की पुष्टि हुई। वेटिकन के मुताबिक, सर्जरी सफल रही और इसमें कोई परेशानी नहीं हुई। पोप करीब एक सप्ताह अस्पताल में रहकर स्वास्थ्य लाभ करेंगे। वेटिकन ने बताया कि सर्जरी के बाद पोप सामान्य रूप से होश में आए। कुछ देर निगरानी में रखने के बाद उन्हें उनके कमरे में भेज दिया गया। फेफड़ों में गांठ के चलते सर्जरी हुई थी पोप लियो XIV ने रविवार को अपनी सर्जरी की जानकारी दी थी। उन्होंने रोम में सेंट पीटर्स स्क्वायर के सामने बालकनी से लोगों को संबोधित किया था। यह संबोधन पारंपरिक एंजेलस प्रार्थना के बाद हुआ था। पोप ने बताया था कि उनके फेफड़े की गांठ सीमित है और शुरुआती चरण में ही इसका पता चल गया। इसके बावजूद डॉक्टरों ने उन्हें गांठ हटाने के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी थी। सर्जरी में उसे हटाने के बाद कैंसर का पता चला। पोप को उनके स्वास्थ के चलते बेड रेस्ट दिया गया है। उनके सार्वजनिक कार्यक्रम भी 20 अक्टूबर तक रद्द कर दिया गया है। नवंबर में लैटिन अमेरिका जाने वाले थे पोप लियो टोक्यो के कार्डिनल तार्सिसियो इसाओ किकुची ने बताया कि उन्होंने सोमवार को पोप से मुलाकात की थी। उनके अनुसार, गांठ का पता चलने के बावजूद पोप शारीरिक रूप से ठीक महसूस कर रहे थे। किकुची ने कहा कि पोप ने जल्द से जल्द सर्जरी कराने का फैसला किया। उन्हें नवंबर की शुरुआत में लैटिन अमेरिका की यात्रा पर जाना था। जानिए पोप कौन होते हैं और कैसे चुने जाते हैं… पोप कौन होते हैं? पोप कैथोलिक ईसाई धर्म के सबसे बड़े धर्मगुरु होते हैं। उन्हें दुनिया भर के कैथोलिक ईसाइयों का आध्यात्मिक नेता माना जाता है। जिस तरह हिंदू धर्म में शंकराचार्य जैसे बड़े धार्मिक गुरु होते हैं, उसी तरह कैथोलिक ईसाई धर्म में पोप का बहुत अहम स्थान है। हालांकि, दोनों की भूमिका और अधिकार अलग-अलग हैं। पोप वेटिकन सिटी में रहते हैं। यह इटली की राजधानी रोम के अंदर बसा दुनिया का सबसे छोटा देश है। पोप कैथोलिक चर्च के प्रमुख होते हैं और दुनिया भर के चर्चों, पादरियों और बिशपों का मार्गदर्शन करते हैं। वे धार्मिक नियमों, ईसाई शिक्षाओं और नैतिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं। वे युद्ध, गरीबी और शांति जैसे वैश्विक मुद्दों पर भी लोगों से अपील करते हैं। पोप कैसे चुने जाते हैं? जब किसी पोप की मृत्यु हो जाती है या वे अपने पद से इस्तीफा दे देते हैं, तब नए पोप को चुनने की प्रक्रिया शुरू होती है। इसके लिए 80 साल से कम उम्र के कार्डिनल वेटिकन में इकट्ठा होते हैं और गुप्त मतदान करते हैं। इस प्रक्रिया को कॉन्क्लेव कहते हैं। दो-तिहाई वोट मिलने पर नए पोप का चुनाव होता है। चुनाव की खबर वेटिकन की सिस्टीन चैपल की चिमनी से निकलने वाले सफेद धुएं के जरिए दुनिया को दी जाती है। काला धुआं निकलने का मतलब है कि अभी नया पोप नहीं चुना गया है। पोप लियो XIV कौन हैं? पोप लियो XIV को 8 मई 2025 को कैथोलिक चर्च का 267वां पोप चुना गया था। उनका असली नाम रॉबर्ट फ्रांसिस प्रेवोस्ट है। वे अमेरिका से आने वाले पहले पोप हैं। उनसे पहले पोप फ्रांसिस इस पद पर थे। पोप का पद आजीवन होता है, लेकिन कोई पोप चाहे तो इस्तीफा भी दे सकता है।
Breaking: दिल्ली के रेस्टोरेंट में भीषण आग, खिड़की से कूदकर लोगों ने बचाई जान; पहली मंजिल से बच्चों को नीचे उतारा
Breaking: दिल्ली के रेस्टोरेंट में भीषण आग, खिड़की से कूदकर लोगों ने बचाई जान; पहली मंजिल से बच्चों को नीचे उतारा
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Samacharnama










