भारत दौरे के लिए जिम्बाब्वे ने घोषित किया स्क्वाड, जोसेफिन नकोमो कप्तान, नवा रायपुर में होंगे T20 मैच
जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम पहली बार भारत दौरे पर आ रही है। दरअसल इस दौरे पर भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। जिम्बाब्वे ने सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है और जोसेफिन नकोमो को कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है। बता दें कि टी20 सीरीज के सभी मुकाबले नवा रायपुर में होंगे जबकि वनडे सीरीज वडोदरा में खेली जाएगी। वनडे सीरीज ICC विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा भी होगी।
दरअसल जिम्बाब्वे महिला टीम का भारत दौरा 16 अक्टूबर से शुरू होकर 28 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरे में टीम के पास भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका होगा। जिम्बाब्वे की टीम हाल ही में अपने घरेलू मैदान हरारे स्पोर्ट्स क्लब में वेस्टइंडीज को हराकर आ रही है। यह जीत वेस्टइंडीज के खिलाफ उसकी पहली जीत थी। ऐसे में टीम भारत दौरे पर भी इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।
नवा रायपुर में होंगे जिम्बाब्वे-भारत टी20 सीरीज के तीनों मैच
वहीं भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 18 अक्टूबर और 20 अक्टूबर को भी आमने-सामने होंगी। सीरीज के तीनों टी20 मैच छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। लगातार तीन मैच होने के कारण दोनों टीमों को इस फॉर्मेट में अपनी रणनीति और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने का मौका मिलेगा। जिम्बाब्वे की कप्तानी जोसेफिन नकोमो करेंगी। टीम में मोडेस्टर मुपाचिकवा, तेंडाई मेयर्स और बिलव्ड हॉर्स जैसी खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, लोरिन फिरी और लाइट डक को भी टीम में जगह दी गई है। जिम्बाब्वे के लिए भारतीय परिस्थितियों में खेलना इस दौरे का अहम हिस्सा होगा। टीम को टी20 मुकाबलों में भारत की चुनौती का सामना करना पड़ेगा और सीरीज के दौरान अपने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
वडोदरा में होगी वनडे सीरीज
दरअसल टी20 सीरीज के बाद भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे सीरीज का पहला मैच 23 अक्टूबर को होगा। दूसरा मुकाबला 25 अक्टूबर और तीसरा मैच 28 अक्टूबर को खेला जाएगा। ये तीनों मैच वडोदरा के बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आयोजित होंगे। यह वनडे सीरीज खास अहमियत रखती है, क्योंकि इसे ICC विमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा बताया गया है। ऐसे में मुकाबलों में मिलने वाले पॉइंट्स दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होंगे। जिम्बाब्वे के लिए यह दौरा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर होगा, जबकि भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर खेलने उतरेगी। जिम्बाब्वे की टीम हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दर्ज कर चुकी है, जिससे उसका मनोबल बढ़ा होगा। हालांकि भारत के खिलाफ वनडे और टी20 दोनों फॉर्मेट में उसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
जिम्बाब्वे का स्क्वाड: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलव्ड हॉर्स, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे, लोरिन फिरी, लाइट डक, मोडेस्टर मुपाचिकवा, तेंडाई मेयर्स
इंदौर में 11 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच T20 मैच, बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, घर से निकलने से पहले देख लें डायवर्जन
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज चल रही है। जिसमें से दो मैच खेले जा चुके हैं। पहले मैच में भारत और दूसरे मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने जीत दर्ज कर सीरीज में 1-1 की बराबरी पर है। तीसरे मैच में टीम इंडिया की नजरें वापसी कर सीरीज में बढ़त लेने पर टिकी हुईं है। तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस मुकाबले के लिये दोनों की टीमें पूरी तरह तैयार हैं।
होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबले को लेकर इंदौर में क्रिकेट का रोमांच चरम पर है। मैच को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, मुकाबले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं। इस संबंध में डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत करते हुये तैयारियों और यातायात प्रबंधन की विस्तार से जानकारी दी है।
भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू
रविवार को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के क्रिकेट मुकाबले को लेकर डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। होलकर स्टेडियम के आसपास आउटर रोड पर जंजीरवाला चौराहा, हुकुमचंद घंटाघर, हाईकोर्ट चौराहा और इंडस्ट्री हाउस तिराहा से वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू रहेगा। वहीं, आम जनता की सुविधा के लिए तीन प्रमुख स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें बाल विनय मंदिर, एसजीएसआईटीएस ग्राउंड और पंचम की फेल में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। दर्शक इन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर अपने वाहन खड़े कर सकेंगे और मैच का आनंद ले सकेंगे।
मैच देखने नहीं जाने वालों के लिए अलग ट्रैफिक प्लान तैयार
आगे ट्रैफिक प्लान की जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि.. मुकाबले को देखने नहीं जाने वाले लोगों के लिए भी अलग से यातायात व्यवस्था बनाई गई है। ऐसे लोग मधुमिलन चौराहे से होते हुए आसानी से राजबाड़ा की ओर जा सकेंगे। मैच के दौरान पूरे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो.. इसके लिए विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किये गये हैं। इसके अलावा, मैच देखने आने वाले दर्शकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करें और वहां से स्टेडियम पहुंचकर आराम से मैच का आनंद लें।
250 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
वहीं, यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 250 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा वॉलंटियर्स भी लगाए गए हैं। वाहन चालकों और दर्शकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन वाले मार्गों पर दिशा-निर्देश संबंधी बोर्ड भी लगाए गए हैं ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








