Droupadi Murmu ओडिशा दौरे पर, राष्ट्रपति ने भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर तक की ट्रेन यात्रा
भुवनेश्वर/ब्रह्मपुर, चार अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने ओडिशा दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को भुवनेश्वर से गंजाम जिले के ब्रह्मपुर तक ट्रेन से 170 किलोमीटर यात्रा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू ने ‘राष्ट्रपति विशेष’ ट्रेन में सफर किया और इस दौरान उनके साथ राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति तथा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी थे।
‘राष्ट्रपति विशेष’ ट्रेन एक बेहद शानदार रेल कार है, जिसमें वातानुकूलित शयनकक्ष, एक भोजन एवं बैठक कक्ष और एक रसोई की व्यवस्था है। एक अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन को 170 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे से अधिक का समय लग सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘मौसम विभाग द्वारा बारिश के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति की ट्रेन यात्रा की व्यवस्था की गई है।
ट्रेन के पूर्वाह्न 11 बजकर 10 बजे ब्रह्मपुर स्टेशन पहुंचने का समय निर्धारित था।’’ उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस विशेष ट्रेन के आगे और पीछे दो अन्य ट्रेन चल रही थीं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर और ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और गहन सामान जांच प्रणाली तैनात की गई है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों के अलावा, कुछ केंद्रीय एजेंसियों के कमांडो भी ट्रेन में सवार थे।
अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों की लगभग 15 पलटन (एक पलटन में 30 कर्मी) तैनात की गईं। उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुर में भी इसी तरह की व्यवस्था की गई। राष्ट्रपति मुर्मू ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंची थीं।
ब्रह्मपुर पहुंचने के बाद, मुर्मू पूजा-अर्चना करने के लिए तप्तपानी में मां कंधुनी देवी मंदिर जाएंगी। गंजाम के जिलाधिकारी वी कीर्ति वसन ने बताया कि जिले में राष्ट्रपति के दौरे वाले स्थानों को ‘‘नो-फ्लाई जोन’’ घोषित किया गया है। तप्तपानी अपने प्राकृतिक गर्म पानी के झरने के लिए एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जो हरे-भरे जंगलों से घिरा एक सुरम्य स्थान है।
Shivpal Singh Yadav ने Lucknow में Samajwadi Party प्रदर्शन के दौरान सरकार को घेरा
लखनऊ, चार अगस्त मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी, प्रश्नपत्र लीक तथा अन्य मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश कर रही है, जबकि वह मूल बजट का 30 प्रतिशत हिस्सा भी अब तक खर्च नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह चंदा चोर, चढ़ावा चोर और बजट चोर सरकार है।
यह सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए बजट लाती है और पूरे बजट की चोरी कराती है।’’ यादव ने कहा कि जिस दल के शासन में भगवान राम के मंदिर के चढ़ावे को लेकर सवाल उठ रहे हों, उससे लोगों को कोई उम्मीद नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया, राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में मुख्य आरोपियों के खिलाफ सरकार कार्रवाई नहीं कर रही और उन्हें बचा रही है। ऐसे में सरकार खुद भी चंदा चोर और चढ़ावा चोर है।’’ यादव ने दावा किया कि बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की हार 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उसकी पराजय का संकेत है।
उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में सपा भाजपा का ‘‘सफाया’’ कर देगी। इससे पहले यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘जिस सरकार से अपना मूल बजट ही 30 से 50 प्रतिशत तक खर्च नहीं हो पाया, वह अब अनुपूरक बजट के नाम पर अपनी नाकामी छिपाने निकली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु राम के नाम पर राजनीति की सबसे ऊंची चोटी बनाने वाली भाजपा बताए कि जब रामलला के दरबार में चढ़ावे को लेकर उठे सवालों और कथित गड़बड़ियों पर भी जवाबदेही तय नहीं हो पाई, तब प्रदेश के खजाने की जवाबदेही पर जनता कैसे भरोसा करे?’’ सपा सदस्यों ने विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को भी विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उत्तर प्रदेश सरकार मंगलवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी।
मानसून सत्र का समापन छह अगस्त होगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
























