राज्य सेवा परीक्षा 2026 के लिए 1.30 उम्मीदवारों ने किया आवेदन, निर्धारित तिथि के बाद लगेगा विलंब शुल्क
राज्य सेवा परीक्षा 2026 को लेकर इस बार युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला है। पिछले कुछ वर्षों में जहां आवेदकों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही थी, वहीं इस साल आवेदन करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार करीब 1 लाख 30 हजार अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए फॉर्म भरा है। आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी से शुरू होकर 9 फरवरी की रात 12 बजे तक चली। खास बात यह रही कि अंतिम दिन ही 5 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया। बड़ी संख्या में लोगों ने आखिरी समय तक फॉर्म भरे।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान कुछ तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें भी सामने आईं। कई उम्मीदवारों ने सर्वर स्लो होने और फीस भुगतान में समस्या आने की बात कही। बावजूद इसके, कुल आवेदनों का आंकड़ा 1.30 लाख तक पहुंच गया, जो पिछले साल से ज्यादा है। वर्ष 2025 में 158 पदों के लिए लगभग 1.18 लाख आवेदन आए थे, जबकि इस बार 155 पदों के लिए 1.30 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी इस बार सीटें जरूर कुछ कम हैं, लेकिन प्रतियोगी परीक्षा पिछले साल की तुलना में ज्यादा कड़ी रहने वाली है।
अगर पिछले सालों का रुझान देखें तो 2024 में 110 पदों पर कुल 1.83 लाख लोगों ने आवदेन किया था। जबकि, 2023 में कुल 229 पदों पर 2.30 लाख लोगों ने आवेदन किया था। साल 2022 में 427 पदों पर कुल 2.75 लाख और 2021 में 283 पदों के लिए कुल 3 लाख से अधिक लोगों ने आवेदन किए थे। इन आंकड़ों से पता चलता है कि बीच के सालों में संख्या में गिरावट आई, वहीं इस बार फिर से हल्की बढ़त देखने को मिली है। प्री परीक्षा 26 अप्रैल को प्रस्तावित है, जिससे उम्मीदवारों के पास तैयारी के लिए काफी सीमित समय बाकी बचा है।
आयोग ने विलंब शुल्क को लेकर भी सख्त नियम बनाए हैं। निर्धारित तिथि के बाद पहले सात दिनों तक आवेदन करने पर 3 हजार रुपए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इसके बाद यह राशि सीधे 25 हजार रुपए तक पहुंच जाएगी, जो सामान्य फीस की तुलना में काफी ज्यादा है। इस सख्ती का मकसद उम्मीदवारों को समय सीमा के भीतर आवेदन के लिए प्रेरित करना है। कुल मिलाकर, राज्य सेवा परीक्षा 2026 में बढ़ी हुई आवेदन संख्या यह दिखाती है कि युवाओं का भरोसा अब भी प्रशासनिक सेवाओं पर कायम है और इस बार मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है।
(एपी सिंह की रिपोर्ट)
HPRCA Vacancy 2026: हिमाचल में स्टाफ नर्स बनने का मौका, 390 पदों पर भर्ती; जानें कौन कर सकता है आवेदन
HPRCA Vacancy 2026: हिमाचल प्रदेश में नर्सिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने सहायक स्टाफ नर्स के कुल 390 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह भर्ती पूर्णकालिक (रेगुलर) नियुक्ति के आधार पर की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 फरवरी 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर शुरू होगी।
शैक्षणिक योग्यता और पात्रता
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से B.Sc Nursing या GNM (A-Grade Nursing Diploma) होना अनिवार्य है। इसके साथ ही न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त होना जरूरी है। ध्यान देने वाली बात यह है कि केवल महिला उम्मीदवार ही इस भर्ती के लिए पात्र होंगी। इसके अलावा, अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी (डोमिसाइल) होना और शिमला स्थित HPNRC (Himachal Pradesh Nurses Registration Council) में पंजीकरण होना अनिवार्य शर्त है।
आयु सीमा क्या होगी?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 तक न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष निर्धारित की गई है। यानी तय तारीख तक उम्र 21 साल से कम और 45 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार SC, ST, OBC, दिव्यांगजन और सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष तक की छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन कैसे करें?
- सबसे पहले hprca.hp.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर Assistant Staff Nurse Recruitment 2026 के लिंक पर क्लिक करें।
- यदि आप नए उम्मीदवार हैं तो पहले रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन आईडी व पासवर्ड प्राप्त करें।
- लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।
- आवश्यक दस्तावेज, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर निर्धारित फॉर्मेट में अपलोड करें।
- आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करें।
- अंत में सभी विवरण जांचकर फॉर्म सबमिट कर दें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
यह भर्ती हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के लिए सरकारी नर्स बनने का सुनहरा अवसर है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन की अंतिम तिथि से पहले ही फॉर्म भर लें और ऑफिशियल नोटिफिकेशन को जरूर पढ़ें।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi






















