Maharashtra FDA कमिश्नर Tukaram Mundhe बोले, नहीं हुआ मेरा तबादला
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने उनके तबादले की अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि वह अपने पद पर बने हुए हैं और असुरक्षित खाद्य पदार्थों तथा घटिया दवाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। वरिष्ठ प्रशासनिक सेवा अधिकारी (आईएएस) के संभावित तबादले की चर्चाओं के बीच मुंढे ने यह स्पष्टीकरण दिया। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान उनका कई बार तबादला हो चुका है।
तबादले की अटकलें उस समय सामने आईं, जब राज्य सरकार ने रविवार को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की ओर से आयोजित परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति में मुंढे को सचिव नियुक्त किया। मुंढे ने सोमवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, नहीं, मुझे एफडीए से स्थानांतरित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, मैं महाराष्ट्र एफडीए के आयुक्त के रूप में काम कर रहा हूं।
असुरक्षित, घटिया और मिलावटी खाद्य पदार्थों तथा नकली एवं घटिया दवाओं के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है। एफडीए में मुंढे के कार्यकाल ने लोगों का काफी ध्यान आकर्शित किया है। उपभोक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विभाग की तेज की गई कार्रवाई का स्वागत किया है, जबकि रेस्तरां और खाद्य कारोबार से जुड़े कुछ लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों के खिलाफ की गई कार्रवाई का विरोध किया है।
एफडीए ने कथित तौर पर असुरक्षित और मिलावटी उत्पादों की बिक्री या इस्तेमाल सहित विभिन्न उल्लंघनों को लेकर भोजनालयों और खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, छापेमारी और प्रवर्तन कार्रवाई तेज की है। विभाग ने खाद्य सुरक्षा नियमों को लागू करने के अभियान के तहत लाइसेंस और नियमों के अनुपालन से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। जहां उपभोक्ताओं ने जवाबदेही और खाद्य सुरक्षा पर जोर दिए जाने का स्वागत किया है, वहीं विभाग की कुछ कार्रवाइयों का रेस्तरां संचालकों ने विरोध किया है।
प्रवर्तन से जुड़े कुछ कदमों को अदालतों में चुनौती भी दी गई है, जिससे एफडीए की नियामक कार्रवाई के कुछ पहलू न्यायिक समीक्षा के दायरे में आए हैं। इन घटनाक्रमों के कारण विभाग में मुंढे का कार्यकाल विशेष रूप से चर्चा में रहा है। एफडीए के कार्रवाई अभियान से खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन और भोजनालयों के संचालन के तरीके पर लोगों का ध्यान बढ़ा है।
एमपीएससी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक की जांच करने वाली समिति में मुंढे की नियुक्ति भर्ती आयोग के कामकाज को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद हुई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पिछले सप्ताह समिति की घोषणा करते हुए कहा था कि यह महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के मौजूदा और पूर्व अध्यक्षों तथा सदस्यों के कार्यकाल की जांच करेगी।
Riyadh हवाई अड्डे पर हमले में मारे गए भारतीय के अंतिम संस्कार में पहुंचे Ambassador Vipul
सऊदी अरब में भारत के राजदूत रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में मारे गए भारतीय नागरिक के जनाजे में शामिल हुए और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी दी।
दूतावास ने बताया कि राजदूत विपुल और दूतावास के अधिकारियों ने मोहम्मद यूसुफ अली के परिवार और उनके दोस्तों के साथ शोक सभा में भाग लिया। मिशन ने कहा कि भारतीय राजदूत ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दूतावास ने पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने पीड़ित परिवार को दूतावास की ओर से हर संभव सहायता और सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।’’ रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई थी।
इस हमले में 10 भारतीय नागरिक समेत कई अन्य लोग घायल भी हुए थे। सऊदी अरब ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। भारतीय मिशन ने पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान की और अंतिम संस्कार से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने में उनकी मदद की।
दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों का कुशलक्षेम भी जाना। मिशन ने कहा कि वह घायलों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, घरों में रहने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









