सागर में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर को पीटा, ट्रैक्टर से रौंदने का प्रयास
मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ से एक बहुत ही हैरान कर देने वाली और डरावनी खबर सामने आ रही है। यहां रविवार की रात को वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को रोकने गई वन विभाग की टीम पर कुछ दबंगों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में डिप्टी रेंजर और उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला
जैसे ही वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को पकड़ने की कोशिश की, वैसे ही वहां मौजूद लोगों ने उग्र होकर टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए पथराव और मारपीट में डिप्टी रेंजर शैलेंद्र तिवारी और वन पाल नारायण सिंह पलिया बुरी तरह घायल हो गए।
वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
दरअसल इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि गुस्साए लोगों के बीच बहस चल रही है। वीडियो के बैकग्राउंड में आवाजें आ रही हैं कि इन्हें खेत में ही मारो। इसके बाद जब एक अधिकारी ने ट्रैक्टर उठवाने की बात कही तो ड्राइवर भड़क गया।
अस्पताल में भर्ती घायल अधिकारी
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हमलावर मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। घायल डिप्टी रेंजर और उनके साथी कर्मचारियों को तुरंत शाहगढ़ के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने निवाही गांव के रहने वाले हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
इस घटना के सामने आने के बाद से इलाके के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वन विभाग के कर्मचारियों पर इस तरह के जानलेवा हमले से विभाग के लोगों में भारी गुस्सा है और वे आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
नर्मदापुरम में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश के बाद जुआरी की मौत, परिजनों ने घेरा थाना
नर्मदापुरम में जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई देखने को मिल रही है। लगातार अलग अलग इलाकों में दबिश देकर संचालकों और जुआरियों को दबोचा जा रहा है। इसी कड़ी में बालागंज क्षेत्र में पुलिस के कार्रवाई देखने को मिली। इस दौरान एक जुआरी की तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद उसकी मौत भी हो गई।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान हुए इस घटनाक्रम के बाद मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए। इसके बाद शव को एंबुलेंस में रखकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर घेराव कर दिया। परिजनों और समाजजनों का कहना था कि पुलिस की मारपीट के बाद ये सब हुआ है। सभी कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग करते दिखाई दिए।
थाने पहुंचे कई लोग
ये मामला रात तकरीबन 10.30 बजे का है। जब मृतक के परिजनों और समाजजनों ने थाने को पूरी तरह घेर लिया। यहां रात 12.30 बजे तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होती रही। परिजनों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान जब नासिर की तबीयत बिगड़ी तो पुलिसकर्मी उसे मौके पर छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की है।
आश्वासन के बाद माने परिजन
थाने के बाहर किए गए घेराव की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक, एएसपी अभिषेक राजन और सिटी कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला पहुंचे। सभी ने परिजनों से मुलाकात कर आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाने के लिए राजी हुए।
जुआ फड़ से 5 गिरफ्तार
जुआ फड़ पर की गई इस कार्रवाई की बात करें तो सूचना के आधार पर पुलिस की टीम यहां पर पहुंची थी। जब दबिश दी गई तो मौके से लोग भागने लगे, जिनमें से पांच को पकड़ लिया गया। यहां से 50 हजार रुपए भी पकड़े गए हैं। नासिर भी यहां मौजूद था। जानकारी के मुताबिक उसके खिलाफ मारपीट, जुआ और आर्म्स एक्ट के 18 अपराध दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News










