Odisha सरकार ने लिंगानुपात में पिछड़े पांच जिलों में निरीक्षण बढ़ाने के दिए निर्देश
भुवनेश्वर, चार अगस्त ओडिशा सरकार ने लिंगानुपात के मामले में निचले पायदान पर रहे राज्य के पांच जिलों में निरीक्षण अभियान तेज करने, सभी अभिलेखों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने और व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। गर्भाधान-पूर्व एवं प्रसूति-पूर्व निदान तकनीक (पीसी-पीएनडीटी) अधिनियम के तहत गठित राज्य पर्यवेक्षी बोर्ड की बैठक में यह निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग की अध्यक्षता वाले इस बोर्ड ने लिंगानुपात के आधार पर नयागड, अनुगुल, ढेंकानाल, गंजाम और खुर्दा को राज्य के सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों के रूप में चिह्नित किया है।
वहीं, जाजपुर को इस सूचकांक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला घोषित किया गया। महालिंग ने कहा कि इन जिलों में लिंगानुपात में सुधार के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘लिंगानुपात में सुधार के लिए जिला अधिकारियों को निरीक्षण अभियान तेज करने, सभी अभिलेखों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।’’ मंत्री ने बताया कि जिला स्तरीय समितियों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
Greater Noida में ITBP जवान ने गुटखा विवाद के बाद दुकानदार को मारी गोली, गिरफ्तार
नोएडा (उत्तर प्रदेश), चार अगस्त ग्रेटर नोएडा में गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान ने दुकानदार पर कथित रूप से गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर रात सूरजपुर थाना क्षेत्र के भनौता गांव की है जब आईटीबीपी का जवान सुरेंद्र फौजी गुटखा लेने के लिए गांव निवासी उदय प्रताप (42) की दुकान पर गया था।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से उदय प्रताप पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि गोली उदय के पेट में लगी, जिससे वह घायल हो गए और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मंगलवार सुबह आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
























