Munirka में पत्नी Kanika की हत्या करने के आरोप में Anurag गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दो अगस्त दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के मुनिरका इलाके में 24 वर्षीय व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना किशनगढ़ को सूचित किया गया कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने एक मित्र से मदद मांग रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मुनिरका स्थित पाल डेयरी पहुंचे, जहां पुलिस को फोन करने वाला व्यक्ति मौजूद था। उसकी सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। उनके मुताबिक, आरोपी की पहचान मुनिरका निवासी अनुराग उर्फ अभिषेक (24) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को फोन करने वाले ने बताया कि एक अगस्त की रात उसे उसके मित्र अनुराग का फोन आया, जिसने उसे तत्काल अपने घर के पास आने के लिए कहा। वहां पहुंचने पर अनुराग ने बताया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की है और उसे अपने कमरे में चलने को कहा। उसके अनुसार, कमरे का दरवाजा खोलने पर उसने आरोपी की पत्नी को बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जिसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे।
उसने आरोप लगाया कि अनुराग ने उसके सामने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की और शव को ठिकाने लगाने में मदद करने का अनुरोध किया। पुलिस ने बताया कि बाद में फोन करने वाले व्यक्ति ने आरोपी से अपना मोबाइल फोन वापस लिया जो उसने अपने परिजनों को कॉल करने के बहाने से ले लिया था। मोबाइल मिलने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस आरोपी के घर पहुंची, जहां उसकी पत्नी कनिका का शव बिस्तर पर खून से लथपथ अवस्था में मिला जिसे सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया तथा अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के विशेषज्ञों को बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि इस बाबत थाना किशनगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कनिका (20) गृहिणी थी। आरोपी अनुराग उर्फ अभिषेक सामान पहुंचाने का काम करता था। दोनों का विवाह 2023 में हुआ था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Uttar Pradesh में मानसून कमजोर, सामान्य से 29 प्रतिशत कम हुई बारिश
लखनऊ, तीन अगस्त उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है और मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना के कारण मौसम में सुधार की उम्मीद है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तीन अगस्त तक राज्य में सामान्य 380.4 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 271.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की कमी 34 प्रतिशत रही, जहां सामान्य 408.9 मिलीमीटर के मुकाबले 268.3 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 340.6 मिलीमीटर के मुकाबले 275.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो औसत से 19 प्रतिशत कम है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तरी मध्यप्रदेश और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बनने से राज्य में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव से सात अगस्त तक उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, चार और पांच अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि छह अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
विभाग ने बताया कि सात अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








