Himachal News: सोलन में नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति ही निकला कातिल; देवर और भतीजी भी थी शामिल
Himachal News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कुठाड़ क्षेत्र में नवविवाहिता सुमन की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस सनसनीखेज मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सुमन की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति चतर सिंह ने ही की थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, जिसमें आरोपी के भाई और भतीजी ने भी उसका साथ दिया.
पीएम रिपोर्ट में खुलासा
पुलिस के मुताबिक, चतर सिंह ने पहले सुमन का गला घोंटकर उसकी हत्या की. इसके बाद सबूत मिटाने और मामले को उलझाने के लिए कैंची से उसके गले और शरीर पर कई वार किए गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ है कि सुमन की मौत पहले गला दबाने से हुई थी, जबकि धारदार हथियार से किए गए वार बाद में किए गए थे.
शादी के बाद से ही होने लगे थे झगड़े
सुमन और चतर सिंह की शादी 23 नवंबर 2025 को हुई थी. बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. कुछ समय पहले सुमन करीब 10 से 15 दिन के लिए मायके चली गई थी, जिससे चतर सिंह नाराज चल रहा था. 31 जनवरी को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ. गुस्से में आकर चतर सिंह ने सुमन का गला दबा दिया. कुछ देर बाद सुमन बेहोश होकर गिर पड़ी और जब आरोपी ने उसे दोबारा देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी.
खुद को बचाने के लिए रची साजिश
पत्नी की मौत से घबराकर चतर सिंह ने खुद को बचाने के लिए एक साजिश रची. उसने अपने भाई नरेंद्र सिंह और भतीजी निकिता को इसमें शामिल किया. चतर सिंह ने कैंची से सुमन के गले पर वार किए और खुद को भी चाकू से हल्की चोटें पहुंचाईं. इतना ही नहीं, भतीजी निकिता के गाल पर भी चाकू से कट लगाया गया ताकि झूठी कहानी को सच साबित किया जा सके.
मायके पक्ष को किया गुमराह
इसके बाद मायके पक्ष को फोन कर बताया गया कि सुमन ने चाकू से हमला किया और फिर खुद को कमरे में बंद कर लिया. दरवाजा तोड़ने का नाटक भी किया गया, लेकिन पुलिस जांच में कहीं भी संघर्ष के सबूत नहीं मिले. जांच के आधार पर पुलिस ने चतर सिंह के भाई और भतीजी को भी गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा. सोलन के एसएसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है.
यह भी पढ़ें: Sadhvi Prem Baisa Case: क्या DNA जांच से खुलेगा साध्वी प्रेम बाईसा की हत्या का राज? SIT ने जांच के लिए भेजे 35 सैंपल
UP Road Accident: सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा, SUV ने बाइक को मारी टक्कर; मामा-भांजे की मौत
UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मामा और भांजे की मौत हो गई. यह हादसा जयसिंहपुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड पर कालीगंज अंडरपास के पास अपराह्न करीब 3 बजे हुआ. हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुर के देवपरापार गांव निवासी अमित (22) अपने भांजे रघुवीर (20) के साथ बाइक से गोशैसिंहपुर बाजार गए थे. रघुवीर गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इटकौली गांव का रहने वाला था. दोनों बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे. बाइक अमित चला रहे थे. जब दोनों कालीगंज अंडरपास के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक एसयूवी (फॉर्च्यूनर) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित और रघुवीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
मौके से चालक फरार
हादसे के बाद एसयूवी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को विरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहपुर क्षेत्राधिकारी आरके चतुर्वेदी और कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है.
नहीं पहना था हेलमेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे. बताया जा रहा है कि अमित और रघुवीर मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. अमित अपने परिवार में सबसे छोटे थे, जबकि रघुवीर तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे. रघुवीर पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी.
ड्राइवर की तलाश में पुलिस
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय एसयूवी की नंबर प्लेट मौके पर गिर गई थी. उसी के आधार पर वाहन और चालक की तलाश की जा रही है. क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी.
यह भी पढ़ें: UP News: मथुरा में बस से उतरे लोगों को कंटेनर ने रौंदा, छह लोगों की मौके पर ही मौत; ऐसे हुआ हादसा
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation



















