दिल्ली में प्रदर्शन से कारोबार पर संकट, रोजाना ₹250 करोड़ के व्यापार पर पड़ सकता है असर
Nagaon Lok Sabha Bypoll: BJP प्रत्याशी देवाशीष शर्मा बदरुद्दीन अजमल से 1.46 लाख मतों से आगे
गुवाहाटी, नौ अक्टूबर असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल पर 1,46,180 वोट की निर्णायक बढ़त बना ली। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा को 5,28,938 वोट मिले, जबकि अजमल को 3,82,758 वोट मिले।
कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा 95,881 वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। भाजपा उम्मीदवार ने मोरीगांव, राहा, जागीरोड और नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्रों में अच्छी बढ़त बनाई है, जबकि मुस्लिम बहुल ढिंग, समागुरी, लाहरीघाट और रुपहीहाट विधानसभा क्षेत्रों में अजमल आगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।
सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती शुरू हुई। नगांव में दो केंद्रों-डॉसन उच्चतर माध्यमिक स्कूल और नगांव राजकीय बाल विद्यालय में की जा रही है, जहां प्रत्येक केंद्र पर 14-14 मेज लगाई गई हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में नगांव और मोरीगांव जिलों में फैले आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
दोनों मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को किसी भी जुलूस के आयोजन से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लेने का निर्देश दिया गया है। मुख्य मुकाबला शर्मा, बोरा और अजमल के बीच है।
उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस साल की शुरुआत में कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफा देने और भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर जीत हासिल करने के बाद नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
हालांकि, इस नतीजे से संसद में सत्ता के समीकरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा। नगांव निर्वाचन क्षेत्र में 19.05 लाख मतदाता हैं, जिनमें 9.43 लाख महिलाएं और 50 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






