US Dollar के मुकाबले Rupee 13 पैसे गिरकर 96.88 पर बंद, Sensex में 1045 अंकों की गिरावट
भारतीय रुपया लगातार दबाव देखने को मिल रहा है। वैश्विक बाजारों में बढ़ती अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव के बीच रुपया गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे कमजोर होकर 96.88 के स्तर पर बंद हुई। वहीं, कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और मजबूत डॉलर ने भी रुपये की परेशानी बढ़ाई है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 96.71 के स्तर पर खुला था। कारोबार के दौरान यह 96.65 के ऊपरी स्तर तक गया, जबकि 96.79 के निचले स्तर को छुआ। आखिर में रुपया 96.88 के अस्थायी स्तर पर बंद हुआ। इससे एक दिन पहले बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 96.75 पर बंद हुआ था।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर निवेशकों का जोखिम लेने से बचना रुपये के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के साथ निवेशक सुरक्षित माने जाने वाले विकल्पों की ओर जा रहे हैं। इसके अलावा, डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की महंगी कीमतें भी भारतीय रुपया पर लगातार दबाव बना रही हैं।
डॉलर की मजबूती को मापने वाला सूचकांक 102.40 पर पहुंच गया, जिसमें 0.16% की बढ़त दर्ज की गई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, डॉलर का यह मजबूत रुख और कई महीनों के ऊंचे स्तर के आसपास बना रहना रुपये के लिए चुनौती पैदा कर रहा है।
दूसरी बड़ी चिंता कच्चे तेल की कीमत है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल 4.20% की तेजी के साथ 104.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और खाड़ी तथा होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों पर हमलों से तेल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका बढ़ी है। भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने का सीधा असर रुपये और देश के आयात खर्च पर पड़ता है।
हालांकि, निचले स्तरों पर रुपये को भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से कुछ सहारा मिला। बाजार में इस बात पर नजर है कि केंद्रीय बैंक रुपये में अत्यधिक उतार-चढ़ाव रोकने के लिए आगे क्या कदम उठाता है।
मीरा एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये का रुख कमजोर रह सकता है। उनके मुताबिक, मजबूत डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रुपये पर दबाव बनाए रख सकती है। हालांकि, अक्टूबर में अमेरिकी केंद्रीय बैंक की ब्याज दर बढ़ाने की संभावना कम होने और रिजर्व बैंक के किसी भी हस्तक्षेप से रुपये को निचले स्तरों पर कुछ समर्थन मिल सकता है।
गौरतलब है कि रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को कहा था कि केंद्रीय बैंक रुपये को स्थिर रखने और उसकी उचित कीमत तय होने की प्रक्रिया में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि रुपये में जरूरत से ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होने दिया जाएगा।
उधर, घरेलू शेयर बाजार में भी गुरुवार को भारी गिरावट रही। सेंसेक्स 1,045.46 अंक टूटकर 71,593.24 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 371.25 अंक गिरकर 22,231.80 पर आ गया। इससे बाजार में जोखिम से बचने की भावना और मजबूत हुई।
बता दें कि बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से शुद्ध रूप से 6,121.37 करोड़ रुपये की निकासी की थी। ऐसे में मजबूत डॉलर, महंगा तेल, विदेशी निवेश की निकासी और पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव रुपये के लिए आगे भी बड़ी चुनौतियां बने हुए हैं।
Election Commission विवाद पर INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, राजघाट पर बापू को नमन कर मांगा इस्तीफा
नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने निर्वाचन आयोग के मामले को लेकर बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन अपना प्रदर्शन जारी रखा और महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि उन्होंने ‘‘सरकार को सद्बुद्धि देने’’ और ‘‘वोट चोरी बंद होने’’ के लिए प्रार्थना की है। विपक्षी दलों ने यह भी कहा कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका अभियान जारी रहेगा। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने का समय मांगा है और राष्ट्रपति भवन से जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मेजबानी में यहां ‘मोएट्स’ रेस्तरां में दोपहर का भोजन किया और अपराह्नन करीब तीन बजकर 15 मिनट पर तीन बसों में सवार होकर राजघाट रवाना हुए। राजघाट पहुंचने के बाद वे कुछ देर मौन बैठ रहे और फिर बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए। कनॉट प्लेस से राजघाट तक की यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता नारे लगाते और ढोल बजाते हुए आगे चल रहे थे।
कुछ स्थानों पर वामपंथी छात्र संगठन आइसा और एआईएसएफ के कार्यकर्ता भी नारे लगाते तथा डफली बजाते नजर आए। कनॉट प्लेस में आयोजित दोपहर के भोज में खरगे के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी के राजीव राय तथा मोहिबुल्ला नदवी एवं कई अन्य विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों की मौजूदगी अहम थी क्योंकि विपक्ष के बुधवार के प्रदर्शन में पार्टी का कोई नेता शामिल नहीं हुआ था।
सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और शिवसेना (उबाठा) का कोई भी सांसद बृहस्पतिवार को भोज में शामिल नहीं हो सका क्योंकि इन दलों का कोई सांसद दिल्ली में नहीं था। विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ-साथ निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार और आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं। गठबंधन के नेता इन मुद्दों पर सरकार और निर्वाचन आयोग से जवाब मांग रहे हैं।
राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये तीसरा दिन है। हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया है और जनता के मुद्दे उठाए हैं। हमने यहां आकर प्रार्थना की कि इस सरकार को सद्बुद्धि दे।
वोट की चोरी बंद होनी चाहिए, जिन्होंने गलतियां की हैं उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और देश के नागरिकों का वोट देने का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। राजघाट की ओर विपक्षी नेताओं के रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण धरना देना चाहते हैं, लेकिन उन्हें प्रदर्शन के लिए आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के पहले दिन उन्हें निर्वाचन आयोग के कार्यालय के पास रोक दिया गया, जबकि दूसरे दिन जंतर-मंतर जाने से रोका गया और ‘‘हमारे लोगों को मारा-पीटा गया।’’ गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘सच्चाई ये है कि नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने आपराधिक साजिश करके देश को हाईजैक किया है।
संविधान को नष्ट किया और वोट चोरी की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। यह हमारी गारंटी है और आप ऐसा होते हुए देखेंगे।’’ राजघाट पर जाने से पहले खरगे ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी सांसद गांधी स्मारक जा रहे हैं, जहां वह धरना देंगे और शांतिपूर्वक प्रार्थना करेंगे कि मोदी और शाह को ‘‘सद्बुद्धि’’ मिले। कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि मोदी सरकार को सद्बुद्धि नहीं आती है तो फिर उसे जाना होगा।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने और चुनाव प्रणाली के दुरुस्त होने तक विपक्ष का यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इससे एक दिन पहले बुधवार को विपक्षी सांसदों ने जनपथ स्थित ‘सागर रत्ना’ रेस्तरां में दोपहर का भोजन किया था। इसके बाद वे तीन बसों में सवार होकर जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया था।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया। ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर भी मार्च किया था। पुलिस ने संसद मार्ग के पास अवरोधक लगाकर उनका मार्च रोक दिया था, जिसके बाद कई विपक्षी नेता और सांसद वहीं धरने पर बैठ गए थे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने बुधवार को कहा था कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए समय मांगा है, लेकिन राष्ट्रपति भवन की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। बुधवार को आयोजित दोपहर के भोज में समाजवादी पार्टी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ था। इस पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का कहना था कि दोपहर के भोज का फैसला मंगलवार देर रात लिया गया और उसी समय इसकी जानकारी दे दी गई थी।
रमेश के अनुसार इसलिए कुछ दलों के प्रतिनिधियों का भोज में शामिल नहीं हो पाना स्वाभाविक था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










