UP Board Exam 2027: अब एडमिट कार्ड पर होगी छात्रों की सिग्नेचर, नकल और फर्जी परीक्षार्थियों पर लगेगी रोक
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने बोर्ड परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नई पहचान सत्यापन व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। वर्ष 2027 से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के एडमिट कार्ड पर उनकी फोटो के साथ-साथ हस्ताक्षर भी प्रिंट किए जाएंगे।
एडमिट कार्ड पर Signature से होगी पहचान
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्र पर छात्रों के एडमिट कार्ड पर छपे हस्ताक्षरों का मिलान उत्तरपुस्तिका और उपस्थिति रजिस्टर में किए गए हस्ताक्षरों से किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि परीक्षा देने वाला छात्र वही है, जिसका बोर्ड में पंजीकरण हुआ है।
रजिस्ट्रेशन के दौरान लिए जा रहे हैं हस्ताक्षर
यह बदलाव शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पंजीकरण प्रक्रिया के साथ लागू किया जा रहा है। स्कूल छात्रों की फोटो, शैक्षणिक विवरण और हस्ताक्षर एकत्र कर बोर्ड पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं। यही जानकारी 2027 की बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड तैयार करने में इस्तेमाल होगी।
क्यों लिया गया यह फैसला?
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में पिछले कुछ वर्षों के दौरान फर्जी परीक्षार्थियों और सॉल्वर गैंग के कई मामले सामने आए थे। कई मामलों में फोटो से छेड़छाड़ कर दूसरे व्यक्ति को परीक्षा दिलाने की कोशिश की गई थी, जिन पर एफआईआर भी दर्ज हुई थी।
अब हस्ताक्षर आधारित सत्यापन लागू होने के बाद किसी दूसरे व्यक्ति के लिए परीक्षा देना पहले की तुलना में काफी मुश्किल हो जाएगा। इससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
स्कूलों को जारी किए गए निर्देश
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक विवरण और परीक्षा शुल्क संबंधी जानकारी 16 अगस्त की मध्यरात्रि तक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करें। इसके अलावा, पंजीकृत छात्रों की फोटोयुक्त सूची और ट्रेजरी चालान 30 सितंबर तक बोर्ड कार्यालय में जमा करना होगा।
रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि
बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए नियमित और निजी अभ्यर्थियों का पंजीकरण जारी है। छात्र 5 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क ट्रेजरी में जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है। वहीं, विलंब शुल्क के साथ 16 अगस्त तक आवेदन और शुल्क जमा करने का अवसर मिलेगा।
MPPSC का बड़ा फैसला: 2019 से 2024 तक की मुख्य परीक्षा की कॉपियां दिखाएगा आयोग, कैसे करना होगा आवेदन?
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने घोषणा की है कि 2019 से 2024 के बीच आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपनी डिस्क्रिप्टिव उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण कर सकेंगे। इस पहल को आयोग ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
नवंबर 2026 से शुरू होगी प्रक्रिया
आयोग की आधिकारिक सूचना के अनुसार, सबसे पहले वर्ष 2019 की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण नवंबर 2026 से शुरू किया जाएगा।
इसके बाद 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं भी चरणबद्ध तरीके से अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा लाभ?
यह सुविधा केवल उन अभ्यर्थियों के लिए होगी जिन्होंने 2019 से 2024 के बीच आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के लिखित (Main Written Exam) में भाग लिया था।
कैसे करना होगा आवेदन?
उत्तर पुस्तिका देखने के इच्छुक उम्मीदवारों को MPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद आयोग निर्धारित तिथि और समय के अनुसार अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से उत्तर पुस्तिका का निरीक्षण करने की अनुमति देगा।
जल्द जारी होंगे विस्तृत दिशा-निर्देश
आयोग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिका निरीक्षण से संबंधित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, समय-सारणी, आवश्यक नियम और अन्य दिशा-निर्देश अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।
क्यों अहम है यह फैसला?
उत्तर पुस्तिका निरीक्षण की सुविधा मिलने से अभ्यर्थी अपने उत्तरों के मूल्यांकन को समझ सकेंगे और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। इससे भविष्य की तैयारी में भी उन्हें अपनी कमियों और मजबूत पक्षों का बेहतर आकलन करने में मदद मिलेगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi










