रणवीर, दीपिका और प्रियंका पर चिल्लाए थे संजय लीला भंसाली:रजा मुराद का खुलासा; कहा- उन्हें सेट पर काम न होने पर आता है गुस्सा
बॉलीवुड अभिनेता रजा मुराद ने खुलासा किया है की फिल्म मेकर संजय लीला भंसाली रणवीर, दीपिका और प्रियंका पर चिल्ला पड़े थे। विकी ललवानी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने संजय लीला भंसाली के सेट पर गुस्से और उनके काम करने के अंदाज पर अपनी बात रखी। रजा मुराद ने कहा कि भंसाली का गुस्सा काम से जुड़ा होता है। वे सेट पर सिर्फ असिस्टेंट्स पर ही नहीं, बल्कि बड़े स्टार्स पर भी चिल्ला चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने भंसाली की तुलना राज कपूर से करते हुए दोनों को काम का पक्का और परफेक्शनिस्ट बताया है। काम न समझने पर आता है गुस्सा रजा मुराद ने बताया कि संजय लीला भंसाली शुरुआत से ही गुस्से में नहीं रहते हैं। जब कोई इंसान लगातार उनकी बात या सोच को समझ नहीं पाता, तब उनका पारा चढ़ता है। यह गुस्सा किसी से दुश्मनी या निजी खुन्नस की वजह से नहीं होता, बल्कि काम ठीक से न होने की वजह से आता है। उन्होंने बताया कि भंसाली को सेट पर सिर्फ अपने काम से मतलब रहता है और वे चाहते हैं कि जो सीन उन्होंने सोचा है, वह बिल्कुल वैसा ही पर्दे पर उतरे। बड़े स्टार्स पर भी चिल्ला चुके हैं भंसाली इंटरव्यू में जब रजा मुराद से पूछा गया कि क्या उन्होंने भंसाली को बड़े स्टार्स पर गुस्सा होते देखा है, तो उन्होंने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद भंसाली को रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जैसे बड़े कलाकारों पर चिल्लाते हुए देखा है। भंसाली जो चाहते हैं, वे हर हाल में हासिल करके रहते हैं। रजा मुराद खुद भंसाली के साथ 'गोलियों की रासलीला राम-लीला', 'बाजीराव मस्तानी', 'पद्मावत' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुके हैं। राज कपूर और भंसाली दोनों परफेक्शनिस्ट रजा मुराद ने भंसाली के काम के तरीके की तुलना राज कपूर से की। वे राज कपूर के साथ 'प्रेम रोग', 'राम तेरी गंगा मैली' और 'हिना' में काम कर चुके हैं। रजा मुराद ने कहा कि दोनों ही दिग्गज निर्देशक परफेक्शनिस्ट हैं। दोनों के लिए समय, शिफ्ट, पैसा, सेट का खर्च और कलाकारों की तारीखें कोई मायने नहीं रखती थीं। अगर 4 दिन का काम 8 दिन में भी पूरा हो, तो उन्हें फर्क नहीं पड़ता था, बस सीन सही होना चाहिए। दोनों ही सेट पर सिर्फ काम के इरादे से आते थे। 2027 में रिलीज होगी भंसाली की 'लव एंड वॉर' संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'लव एंड वॉर' के पोस्ट-प्रोडक्शन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। भंसाली और इला बेदी दत्ता की लिखी यह फिल्म युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा है। इसमें रणबीर और विक्की इंडियन एयरफोर्स ऑफिसर्स के रोल में नजर आएंगे, जिनके बीच आलिया भट्ट के किरदार को लेकर लव ट्रायंगल देखने को मिलेगा। यह फिल्म अब 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये खबर भी पढ़ें संजय लीला भंसाली के खिलाफ FIR की मांग:लव एंड वॉर के सेट पर करंट लगने से वर्कर की मौत, एसोसिएशन बोला- 1 करोड़ मुआवजा दें संजय लीला भंसाली की अपकमिंग फिल्म लव एंड वॉर सेट पर हुए हादसे के बाद विवादों में घिर चुकी है। फिल्म की शूटिंग मुंबई फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में चल रही थी, जहां करंट लगने से 42 साल के कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव का निधन हो गया। पूरी खबर पढ़ें
दिल्ली के सीमापुरी में पांच मंजिला बिल्डिंग गिरी:8 से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका, रेस्क्यू टीमें बचाव कार्य में जुटीं
दिल्ली में मछली मंडी के पास सीमापुरी इलाके में बुधवार को मंजिला इमारत गिर गई। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, बिल्डिंग मालिक के परिवार समेत 8 से 10 लोग मलबे में दबे हुए हैं। अब तक 2 बच्चों समेत 5 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। रेस्क्यू टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। यह इमारत ईदगाह मस्जिद के पास थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा दोपहर के करीब 3.10 बजे हुआ। हादसे के दौरान बिल्डिंग की पहली मंजिल पर एक परिवार के चार से पांच लोग मौजूद थे। घायलों को राजीव गांधी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल ले जाया गया है। हादसे से जुड़ी पांच तस्वीरें… इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं फायर कंट्रोल को दोपहर करीब 3:15 बजे बिल्डिंग गिरने की कॉल मिली थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि यह इमारत गली के बिल्कुल अंदर की ओर है। इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें और ऊपर की ओर चार मंजिलें बनी हुई थीं, जिनमें अलग- अलग परिवार रहते थे। बिल्डिंग मालिक और उसका परिवार भी इसी इमारत में रहता था और उसके भी दबने की खबर है। पार्षद पंकज लूथरा ने कहा- हमें इमारत ढहने की सूचना मिली थी। मलबे से चार-पांच लोगों को पहले ही बचाया जा चुका है। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया, “अभी तक करीब पांच से छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। बचाव अभियान जारी है। सारी जानकारी मिलने के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल दो से तीन लोग अभी भी अंदर हैं और वे हमसे संपर्क में हैं। बचाव अभियान जारी है। 3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं 2022 से 2025 तक यानी 3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के 1133 मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई है। ----------------- ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली में 5 मंजिला इमारत गिरी, 6 की मौत:दावा- 50 साल पुरानी थी बिल्डिंग; बारिश की वजह से बेसमेंट में पानी जमा था दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई। बिल्डिंग के बेसमेंट में पानी जमा हुआ था। चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के वक्त छात्र कमरों में थे और बेसमेंट में खुदाई भी चल रही थी। 12 का रेस्क्यू कर लिया गया है। बिल्डिंग में हॉस्टल चलता था। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others











