RBI मौद्रिक नीति से पहले Rupee में कमजोरी, US Dollar के मुकाबले 96.45 पर फिसला
मुंबई, सात अक्टूबर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के मौद्रिक नीति संबंधी फैसले से पहले रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 10 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.45 पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों से विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और अमेरिकी डॉलर के 102 के ऊपर रहने से रुपये पर लगातार दबाव है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.37 प्रति डॉलर पर खुला।
इसके बाद इसमें गिरावट आई और यह 96.45 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.35 पर बंद हुआ था। भारतीय रिजर्व बैंक बुधवार को सुबह 10 बजे अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करेगा।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत बढ़कर 102.02 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.91 प्रतिशत बढ़कर 101.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 460 अंक फिसलकर 72,599.05 अंक पर और निफ्टी 164.80 अंक टूटकर 22,610.85 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 2,961.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
PM Narendra Modi के जनप्रतिनिधि के 25 वर्ष पूरे, CM योगी ने दी बधाई
लखनऊ, सात अक्टूबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और कहा कि उनका जीवन और नेतृत्व जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण तथा ‘‘राष्ट्र प्रथम’’ के सिद्धांत से चिह्नित रहा है। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आदित्यनाथ ने कहा कि ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ को जीवन का ध्येय मानकर भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और गौरव को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर समर्पित आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष का अवसर है। उन्होंने कहा, ‘‘इन वर्षों की राष्ट्र साधना में जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना निरंतर प्रतिबिंबित हुई है।
प्रधानमंत्री का जीवन देशवासियों को विकसित, आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रसेवा के इस अविराम पथ पर 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








