'तेजी से गिर रही थी पल्स, होंठ पड़ गए थे नीले', Flydubai की फ्लाइट में कैप्टन स्मित मच्छार की जान बचाने वाले डेंटिस्ट ने किया खुलासा
Flydubai Flight Hijack: फ्लाईदुबई की 30 सितंबर को तेल अवीज जा रही फ्लाइट में कैप्टन स्मित मच्छार पर ओमानी को-पायलट ने कुल्हाड़ी से हमला किया था. जिसमें वे बुरी तरह से जख्मी हो गए थे. फिलहाल उनका अबू धाबी के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. विमान में भारतीय पायलट स्मित मच्छार की जान बचाने वाले इजरायल के एक डेंटिस्ट ने खुलासा किया है कि उन्होंने कैप्टन मच्छार की जान कैसे बचाई.
इजरायली डेंटिस्ट ने किया खुलासा
इजरायली डेंटिस्ट ने बताया कि कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वे तुरंत वहां पहुँचे. लेकिन, बुरी तरह घायल पायलट का इलाज करते समय उन्हें डर था कि समय कम पड़ रहा है. 'द नेशनल' से बात करते हुए इजरायली डेंटिस्ट डॉ. शोता मुसाएव ने बताया कि मच्छार के सिर और बाएं हाथ पर गहरे घाव थे. उन्होंने घावों से बहते खून को रोकने के लिए टी-शर्ट का इस्तेमाल किया, लेकिन उनके मुताबिक, खून को रोकना मुश्किल होता जा रहा था. डॉक्टर ने कहा, "मैंने खून रोकने के लिए घावों पर टी-शर्ट से दबाव डाला और केबिन क्रू से बर्फ मांगी."
'कैप्टन स्मित मच्छार के घाव से तेजी से बह रहा था खून'
इजरायली डॉक्टर ने आगे बताया, "उन्हें बहुत गहरे घाव आए थे और हमें कई बर्फ के पैकेट की जरूरत थी." उन्होंने आगे कहा, "लेकिन जब भी मैं ब्लीडिंग चेक करने के लिए टी-शर्ट हटाता, तो खून और तेजी से बहने लगता. इसलिए मैंने बहुत जोर से दबाव नहीं डाला और बर्फ का इस्तेमाल किया. पूरे 45 मिनट तक मैंने दबाव बनाए रखा."
'मैं यहां मरना नहीं चाहता'
इजरायली डेंटिस्ट ने आगे कहा कि इलाज के दौरान, कैप्टन मच्छार बार-बार डॉक्टर से कह रहे थे, "मैं जीना चाहता हूं, यहां मरना नहीं चाहता." डॉक्टर ने फ्लाईदुबई के कैप्टन को भरोसा दिलाते हुए कहा, "डरो मत, तुम अपने परिवार के पास वापस जाओगे, हम जल्द ही लैंड करने वाले हैं." डॉक्टर ने मच्छार को दर्द कम करने वाली दवा (पेनकिलर) न देने का फैसला किया, हालांकि वे दर्द से कराह रहे थे. मुसाएव ने बताया, "वे पीठ के बल लेटे हुए थे और मैं उन्हें उठाने से हिचकिचा रहा था क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि दोबारा खून बहने लगे. उन्हें दवा देना खतरनाक हो सकता था."
'तेजी से गिर रही थी पल्स, होंठ पड़ गए थे नीले'
इजरायली डॉक्टर शाता मुसाएव ने बताया कि एक समय ऐसा आया जब कैप्टन मच्छार की पल्स तेजी से गिर गई और उनके होंठ नीले पड़ गए. मुसाएव ने एक स्टीवर्ड से कहा, "हमें जल्दी लैंड करना होगा. उनके पास ज्यादा समय नहीं बचा है."
कैप्टन की हालत में 'लगातार सुधार': भारतीय दूतावास
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय दूतावास ने कहा है कि स्मित मच्छार की हालत में "लगातार सुधार" हो रहा है और वे "ठीक हो रहे हैं". दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें लिखा, "कैप्टन स्मिथ की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वे ठीक हो रहे हैं. दूतावास उनके परिवार, डॉक्टरों और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और हर संभव मदद दे रहा है." उन्होंने आगे कहा, "हम सभी की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद देते हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं."
ये भी पढ़ें: फ्लाईदुबई के को-पायलट को लेकर बड़ा खुलासा, विमान को इजरायल में क्रैश कराने की रची थी साजिश!
बता दें कि जरूरी मेडिकल इलाज के लिए उत्तर-पश्चिम सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराए जाने के एक दिन बाद कैप्टन स्मित मच्छार को UAE भेज दिया गया था. जब मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने वाला लॉक खोला, तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे.
ये भी पढ़ें: फ्लाईदुबई हमले की साजिश से हटा पर्दा! शिन बेट की पूछताछ में क्या सामने आया?
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation









