जयपुर RADO शोरूम में 36 मिनट का खेल, 251 महंगी घड़ियां लेकर फरार हुए चोर; नेपाल तक पहुंची जांच
Jaipur Rado Showroom Theft: जयपुर के पॉश इलाके में स्थित नामी घड़ी शोरूम में हुई करोड़ों की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस के हाथ बेहद अहम सुराग लगे हैं. टोंक रोड पर बजाज नगर थाना इलाके में स्थित स्विट्जरलैंड के मशहूर ब्रांड राडो के शोरूम 'द वॉच फैक्ट्री' से 251 लग्जरी घड़ियां पार करने वाले गिरोह की हलचल सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
वारदात के बाद गिरोह के चार बदमाश सिंधी कैंप बस अड्डे पहुंचे और वहां से हरियाणा रोडवेज की बस पकड़कर फरार हो गए. पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य शहर से निकलने के लिए ट्रेन का सहारा ले चुके हैं. पुलिस अब बदमाशों के हर संभावित ठिकाने पर नजर बनाए हुए है.
सीसीटीवी में दिखा लंगड़ाता चोर और साथियों का सहारा
पुलिस ने जब वारदात के बाद शहर और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक बेहद चौंकाने वाला दृश्य सामने आया. फुटेज में गिरोह का एक बदमाश गंभीर रूप से चोटिल और लंगड़ाकर चलता हुआ दिखाई दिया. उसके दो साथी उसे दोनों तरफ से कंधे पर सहारा देकर तेजी से ले जाते दिखे. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसने या वहां से भागते समय इस बदमाश को गहरी चोट लगी होगी.
जांच में यह बात भी सामने आई है कि घायल बदमाश का शरीर काफी भारी था, जिसकी वजह से वह तेजी से भाग नहीं पा रहा था और चोट लगने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई. पुलिस ने अब तक इस गिरोह के छह प्रमुख बदमाशों की पहचान कर ली है और उनकी धरपकड़ के लिए लगातार छापे मारे जा रहे हैं.
बाहर खड़े होकर पहरा दे रहे थे तीन बदमाश
पुलिस पड़ताल में यह साफ हुआ है कि इस पूरी डकैती को बेहद शातिराना और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था. वारदात के दौरान गिरोह के सभी सदस्य शोरूम के भीतर दाखिल नहीं हुए थे. तीन बदमाश शोरूम के बाहर मुख्य सड़क पर मुस्तैद खड़े थे. उनका जिम्मा आसपास से गुजरने वाले वाहनों, गश्त कर रही पुलिस की गाड़ियों और स्थानीय लोगों की हर हरकत पर नजर रखना था.
बाहर खड़े इन पहरेदारों का काम किसी भी खतरे की भनक लगते ही अंदर मौजूद साथियों को सतर्क करना था. इस तैयारी से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से कई दिन पहले इलाके की रेकी की थी और घटना के बाद भागने का पूरा रास्ता पहले से तय कर रखा था.
120 पुलिसकर्मियों का पहरा और 1100 कैमरों की पड़ताल
इस बड़ी वारदात का पर्दाफाश करने के लिए जयपुर कमिश्नरेट ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसटी, ईस्ट डीएसटी और जिले के अलग-अलग थानों से करीब 120 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम बनाई गई है. इनमें से करीब 30 पुलिसकर्मियों को सिर्फ और सिर्फ शहर भर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के काम में लगाया गया है.
जांच टीमें अब तक जयपुर और हाईवे के 1100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देख चुकी हैं. इसके अलावा साइबर और तकनीकी शाखा के 10 से ज्यादा विशेषज्ञ मोबाइल टावर डंप, लोकेशन डेटा और अन्य तकनीकी कड़ियों को जोड़ने में दिन-रात एक किए हुए हैं.
नेपाल में माल खपाने की तैयारी, सीमा पर चौकसी
पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में अंदेशा जताया गया है कि चोरी की गई इन कीमती घड़ियों को देश से बाहर नेपाल के काले बाजार में बेचने की साजिश रची गई है. भारत में महंगे ब्रांड की इन घड़ियों का सीरियल नंबर होने के कारण इन्हें स्थानीय स्तर पर बेचना बेहद जोखिम भरा होता है.
इसी आशंका के चलते राजस्थान पुलिस की विशेष टीमों ने दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में डेरा डाल दिया है. इतना ही नहीं, चोरी का माल बरामद करने और बदमाशों को सीमा पार भागने से रोकने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम को नेपाल सीमा की तरफ रवाना किया गया है.
36 मिनट का खेल और 5 करोड़ की चपत
यह पूरी वारदात गुरुवार तड़के करीब पांच से सात बजे के बीच अंजाम दी गई थी. करीब 13 बदमाशों का यह गिरोह पूरी तैयारी के साथ शोरूम पहुंचा था. उन्होंने कुछ ही मिनटों में शोरूम का मजबूत शटर तोड़ा और सीधे उन काउंटर्स को निशाना बनाया जहां सबसे कीमती घड़ियां रखी थीं.
बदमाशों ने केवल 36 मिनट के भीतर करीब 5 करोड़ रुपये कीमत की 251 लग्जरी घड़ियां समेटीं और मौके से ओझल हो गए. अब पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी के सुरागों और पकड़े गए रास्तों के आधार पर इस पूरे गिरोह की घेराबंदी कर रही है ताकि लूटा गया माल सही सलामत बरामद किया जा सके.
यह भी पढ़ें: AI Honeytrap Scam in Jaipur: जयपुर की हाईटेक हसीना ने एआई वीडियो से वसूले 90 लाख, ऐसे बुना था जाल
Drishyam 3 Box Office Collection: अजय देवगन की 'दृश्यम 3' ने पहले मंडे को भी काटा गदर, इन फिल्मों के तोड़े रिकॉर्ड
Drishyam 3 Box Office Collection Day 4: अजय देवगन (Ajay Devgn) की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (Drishyam: The Conclusion) इन दिनों बॉक्स पर तहलका मचा रही है. फिल्म का रिलीज से पहले ही काफी ज्यादा क्रेज देखने को मिला था, यही वजह है कि सिनेमाघरों में लोग फिल्म देखने पहुंच रहे हैं और ये 4 दिनों में ही 200 करोड़ के करीब पहुंच गई है. तो चलिए जानते हैं, इसका अब तक का कलेक्शन कितना पहुंच गया है.
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का बॉक्स ऑफिस पर राज
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को स्ट्रॉन्ग वर्ड ऑफ माउथ मिल रहा है. वहीं, फ्रेंचाइजी का आखिरी पार्ट होने की वजह से भी लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं. अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर जबरदस्त कलेक्शन किया था. सैकनिल्क की ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक 'दृश्यम 3’ ने रिलीज के पहले दिन 66.75 करोड़ से खाता खोला था. फिर दूसरे दिन 53.50 करोड़ रुपये और तीसरे दिन फिल्म ने 61 करोड़ की कमाई की और इसका कलेक्शन 176.50 करोड़ रुपये हो गया था.
'दृश्यम 3' ने पहले मंडे को कितने कमाए?
वहीं, अब 'दृश्यम 3' वीकडेज में एंटर कर गई है और बावजूद इसके अच्छी कमाई कर रही है. भले ही फिल्म की कमाई में रिलीज के चौथे दिन मंदी देखी गई लेकिन फिर भी इसने मंडे टेस्ट पास कर लिया है और डबल डिजिट में ही कमाई की है.सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'दृश्यम 3' ने रिलीज के चौथे दिन (Drishyam 3 Box office Collection Day 4) यानी पहले मंडे को 21 करोड़ की कमाई की है. जिसके बाद फिल्म की भारत में 4 दिनों की नेट कमाई अब 197.50 करोड़ रुपये हो गई है.
ये भी पढ़ें- Drishyam 3 Box Office Collection: 200 करोड़ के करीब पहुंची 'दृश्यम 3', तीन दिनों में तोड़े इन 9 फिल्मों के रिकॉर्ड्स
इन फिल्मों के तोड़े रिकॉर्ड
दृश्यम 3 सिनेमाघरों मे धमाल मचा रही हैं और इसने चार दिनों में इस साल रिलीज हुई कई फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को मात दे दी है. इसने धमाल 4-177.92, आवारापन 2-156.12, टॉक्सिक (हिन्दी)-143.92 और वेलकम टू द जंगल-137.93 की लाइफटाइम कमाई को पीछे छोड़े दिया है. वहीं, अब इससे आगे धुरंधर 2- 1186.32, बॉर्डर 2- 362.76, हनुमान अंश- 324.73, मिर्ज़ापुर द मूवी- 233.07 और भूत बंग्ला-199.23 है. वहीं, अब फिल्म मंलवार को 1.50 करोड़ और कमाते ही भूत बंगला को भी पीछे छोड़ देगी.
बजट से आगे निकली ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है. फिल्म ने रिलीज के सिर्फ 4 दिनों में करीब 197.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं, फिल्म का बजट करीब 110 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. ऐसे में फिल्म अपनी लागत से काफी आगे निकल चुकी है. 197.50 करोड़ की कमाई के साथ ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने अपनी लागत से करीब 87.50 करोड़ रुपये ज्यादा कमा लिए हैं. अब फिल्म की नजर 200 करोड़ क्लब में एंट्री करने पर है.
'दृश्यम 3' की स्टारकास्ट
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में पिछली फिल्मों के कई कलाकार अपने पुराने किरदारों के साथ लौटे हैं. फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अहम रोल में नजर आ रहे हैं. वहीं, इस बार जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री ने कहानी में नया ट्विस्ट जोड़ा है. कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों को आगे बढ़ा रहे हैं. फिल्म को अभिषेक पाठक ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने मिलकर तैयार किया है.
ये भी पढ़ें- अजय देवगन की 'Drishyam 3' जैसी सस्पेंस से भरी ये फिल्में भी हैं मस्ट वॉच, OTT पर देखें
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










