वेस्टइंडीज सीरीज से पहले टीम इंडिया के बॉलिंग कोच बोले:वैभव टीम के साथ ज्यादा वक्त बिताएं: खेलें या नहीं, सीनियर्स से सीखें
लखनऊ में मंगलवार से भारत-वेस्टइंडीज के बीच शुरू हो रही टी-20 सीरीज से पहले गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम के सीनियर्स से सीखने की सलाह दी है। मोर्केल ने कहा कि वैभव को प्लेइंग-11 में मौका मिले या नहीं, टीम के साथ रहना, अनुभवी खिलाड़ियों की तैयारी देखना और उनसे सवाल पूछना उनके क्रिकेट के लिए काफी फायदेमंद होगा। 13 साल के वैभव एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने टूर्नामेंट के सभी मैच खेले थे। हालांकि, वे बड़ी पारी नहीं खेल सके। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले T20 में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के ओपनिंग करने की संभावना है। हालांकि, मोर्केल ने प्लेइंग-11 को लेकर कोई संकेत नहीं दिया है। मोर्केल बोले- सीनियर्स को देखना और उनसे बात करना अहम मोर्केल ने कहा, "हम सभी वैभव की प्रतिभा जानते हैं। वे जितना ज्यादा समय इस माहौल में क्वालिटी प्लेयर्स के साथ बिताएंगे और इस स्तर पर ट्रेनिंग करेंगे, उतना ही उनके क्रिकेट के लिए अच्छा होगा। अगर उन्हें खेलने का मौका नहीं मिलता है, तब भी वे बस, डगआउट और होटल में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ रहेंगे।" उन्होंने कहा, "सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना, उनसे बात करना और यह देखना कि वे अपनी पारी की शुरुआत कैसे करते हैं, वैभव के लिए अहम होगा। हमारा काम है कि युवा खिलाड़ियों को सही माहौल दें, ताकि वे सवाल पूछें, सीखें और आगे बढ़ें।" प्लेइंग-11 पर मोर्केल ने कहा- आज तय करेंगे मोर्केल ने पहले T20 के लिए टीम कॉम्बिनेशन पर कहा कि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। एशियन गेम्स के बाद कई खिलाड़ी हाल ही में लौटे हैं और टीम मैनेजमेंट उनकी थकान और जेट लैग को भी ध्यान में रख रहा है। उन्होंने कहा, "कुछ खिलाड़ी सिर्फ दो दिन पहले पहुंचे हैं। जेट लैग और लंबे सफर से उबरना जरूरी है। हम आज रात तय करेंगे कि सीरीज के लिए सबसे बेहतर कॉम्बिनेशन क्या होगा।" मोर्केल ने कहा कि एशियन गेम्स में अभिषेक शर्मा और वैभव को ओपनिंग कराने का कॉम्बिनेशन था, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इसमें बदलाव कर सकती है। मयंक की वापसी पर नजर, प्रिंस को बताया मेहनत की मिसाल मोर्केल ने चोट के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मयंक की रफ्तार और एक्स-फैक्टर उन्हें खास बनाते हैं। मोर्केल ने कहा, "मयंक को देखते ही सबसे पहले उनकी रफ्तार और एक्स-फैक्टर दिमाग में आता है। वे चोट से वापसी कर रहे हैं और हम देखना चाहते हैं कि मौका मिलने पर वे कैसा प्रदर्शन करते हैं।" वहीं प्रिंस यादव के बारे में मोर्केल ने कहा कि वे कुछ साल पहले टीम के नेट बॉलर थे और अब भारतीय टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रिंस ने काफी मेहनत और जुझारूपन दिखाया है। कुलदीप की फॉर्म से खुश, बोले- हमारे बड़े मैच विनर मोर्केल ने स्पिनर कुलदीप यादव की फॉर्म पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कुलदीप ने पिछली वनडे सीरीज के बाद अपनी पुरानी लय में लौटने की बात कही थी और यह टीम के लिए अच्छी खबर है। उन्होंने कहा, "कभी-कभी गेंदबाज को अपनी लय हासिल करने में थोड़ा वक्त लगता है, लेकिन कुलदीप हमारे बड़े मैच विनर हैं। वे आत्मविश्वास में हैं और अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।" टीम का लक्ष्य- सीरीज जीतना और मजबूत विकल्प तैयार करना मोर्केल ने कहा कि टीम का लक्ष्य मैच जीतने के साथ-साथ नए खिलाड़ियों का मजबूत पूल तैयार करना भी है। पिछले कुछ साल में जिन खिलाड़ियों को मौके मिले, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, "हम खिलाड़ियों के पूल को बढ़ाना चाहते हैं और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को भारतीय जर्सी में खेलने का अनुभव देना चाहते हैं। साथ ही हमारा लक्ष्य भारत के लिए मैच जीतना भी है।" --------------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
भारत-वेस्टइंडीज के बीच पहला T20 मुकाबला आज, क्या वैभव सूर्यवंशी को किया जाएगा टीम से बाहर? पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मैच आज शाम 7 बजे से लखनऊ में खेला जाएगा। दरअसल भारतीय टीम हाल ही में एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर लौटी है। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया था और अब सिर्फ तीन दिन बाद खिलाड़ी एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट में उतरेंगे। इस वजह से सबसे ज्यादा नजर उन खिलाड़ियों पर होगी जिन्हें लगातार मुकाबलों के बाद मैदान पर उतरना है।
दरअसल इस मैच में भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल ओपनिंग जोड़ी को लेकर हो सकता है। एशियन गेम्स में अभिषेक शर्मा और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की थी जबकि संजू सैमसन नंबर-3 पर खेले थे। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ ईशान किशन के भी प्लेइंग-11 में रहने की संभावना है। ऐसे में अभिषेक, सैमसन और सूर्यवंशी में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। मौजूदा समीकरण में वैभव सूर्यवंशी का पहला टी20 खेलना मुश्किल नजर आ रहा है।
भारत की प्लेइंग-11 में वैभव सूर्यवंशी की जगह क्यों मुश्किल?
बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने एशियन गेम्स में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों पर 38 रन बनाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने 9 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम का कॉम्बिनेशन थोड़ा अलग हो सकता है। एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने कई ऑलराउंडर्स के साथ मैदान संभाला था। जापान की धीमी पिच पर अभिषेक शर्मा ने पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाजी भी की जिससे टीम को अतिरिक्त विकल्प मिला। अब लखनऊ में टीम के सामने अलग चुनौती होगी। ईशान किशन के नंबर-3 पर खेलने की संभावना है, जबकि संजू सैमसन भी टीम के अहम बल्लेबाज हैं। ऐसे में अभिषेक और सैमसन को ओपनिंग के लिए प्राथमिकता मिलने की स्थिति में सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ सकता है।
भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 रिकॉर्ड में टीम इंडिया का दबदबा
दरअसल भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 31 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 20 मुकाबले जीते हैं जबकि वेस्टइंडीज को 10 मैचों में जीत मिली है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। वहीं लखनऊ के इकाना स्टेडियम की बात करें तो यहां भारतीय टीम का रिकॉर्ड और भी मजबूत है। भारत ने इस मैदान पर अब तक तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की है। भारत ने इकाना में अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच नवंबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही खेला था। उस मुकाबले में भारतीय टीम ने 71 रन से जीत हासिल की थी। अब एक बार फिर दोनों टीमें इसी मैदान पर आमने-सामने होंगी।
भारतीय बल्लेबाजी में ईशान किशन पर भी नजर रहेगी। बता दें इस साल टी20 इंटरनेशनल में वह 29 मैचों में 1005 रन बना चुके हैं और 1000 रन का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उनका स्ट्राइक रेट 169.47 है। इकाना में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। यहां उन्होंने 9 टी20 पारियों में एक सेंचुरी और तीन फिफ्टी लगाई हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज होंगे। उन्होंने 22 टी20 मैचों में 30 विकेट लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देकर 5 विकेट है।
पिच रिपोर्ट पर डालें नजर
दरअसल इकाना की सेंटर पिच नंबर-5 पर मुकाबला खेला जाएगा। यह लाल और काली मिट्टी के मिश्रण वाली पिच है। IPL 2026 में यहां बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिली थी इसलिए मैच में रन बनने की उम्मीद है। सोमवार को बारिश के कारण दोनों टीमों का प्रैक्टिस सेशन प्रभावित हुआ था लेकिन मैच के दिन बारिश का अनुमान नहीं है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार हो सकती है
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मयंक यादव/प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह।
वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, शमार स्प्रिंगर, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ, मैथ्यू फोर्ड।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Mp Breaking News








