फ्लाइंग टीम-खनिज विभाग के पीछा करते ही सड़क पर रेत गिराकर भागा हाइवा, सिंगरौली पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
सिंगरौली जिले के कोतवाली वैढ़न क्षेत्र में रेत के कथित अवैध परिवहन को लेकर पुलिस की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। क्षेत्र में रेत से लदे ट्रैक्टरों और हाइवा की कथित आवाजाही के बीच एक मामला सामने आया है, जहां मुखबिर की सूचना पर खनिज विभाग और फ्लाइंग टीम ने रेत से लदे एक हाइवा का पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही चालक ने गनियारी स्थित वंदना हॉस्पिटल मार्ग पर रेत गिरा दी और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटनाक्रम से जुड़े वीडियो सामने आने की भी बात कही जा रही है। हालांकि वाहन की पहचान तथा परिवहन की जा रही रेत के दस्तावेजों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ट्रैक्टरों से हाइवा तक आवाजाही पर निगरानी कितनी?
कोतवाली थाना क्षेत्र में रेत से लदे ट्रैक्टरों और हाइवा की कथित आवाजाही को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार चर्चा है। रेत के अवैध कारोबार के बीच यह सवाल महत्वपूर्ण है कि क्षेत्र में परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच और निगरानी किस स्तर पर हो रही है।
रात के अंधेरे में दौड़ते वाहन, पुलिस को भनक क्यों नहीं?
सबसे बड़ा सवाल कोतवाली पुलिस की गश्त और सूचना तंत्र को लेकर है। यदि क्षेत्र में रात के समय रेत से लदे ट्रैक्टर और हाइवा लगातार आवाजाही कर रहे हैं और खनिज विभाग को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करनी पड़ रही है, तो नियमित पुलिस गश्त के दौरान इन वाहनों की निगरानी क्यों नहीं हो पा रही?
यदि पुलिस के सूचना तंत्र को क्षेत्र में चल रहे कथित रेत कारोबार की जानकारी समय रहते नहीं मिल रही है, तो उसकी प्रभावशीलता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। वहीं, यदि जानकारी है तो अब तक कितने वाहनों की जांच या कार्रवाई हुई, यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग हाइवा की पहचान, रेत के स्रोत और परिवहन दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई करते हैं या मामला सड़क पर बिखरी रेत तक ही सीमित रह जाता है।
राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट
इंदौर: “इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती, फिर शादी का प्रस्ताव..” इनकार किया तो युवक ने दी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती अब कई बार परेशानी का कारण बन रही है। दोस्ती के बाद शादी का दबाव, धमकी, ब्लैकमेलिंग और फ्रॉड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला इंदौर से सामने आया है जहां लसूड़िया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती के बाद युवती को धमकाने और मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायज दर्ज हुई है।
आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवक ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था। लेकिन जब युवती ने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया, तब युवक द्वारा युवती पर दबाव बनाया जाने लगा। इसके बाद युवती ने पुलिस थाने जाकर शिकायज दर्ज कराई एवं पुलिस के सामने मामले को विस्तार से रखा।
आरोपी के नशे की आदत के चलते युवती ने शादी से किया इनकार
शिकायत में युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी नशे का आदी है। इसी वजह से उसने युवक से शादी करने से इनकार कर दिया और उससे दोस्ती भी खत्म कर ली। इसके बाद आरोपी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और लगातार दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
इंस्टाग्राम के जरिए युवती की योगेश से हुई थी पहचान
एडीशनल DCP अमरेंद्र सिंह ने मामले के संबंध में मीडिया से बातचीत करते हुये बताया कि पीड़िता की इंस्टाग्राम के जरिये योगेश नाम के युवक से पहचान हुई थी। आरोपी ने खुद को युवती के ही समाज का बताकर उससे दोस्ती की और बाद में शादी का प्रस्ताव रखा। इसी दौरान.. युवती को कथित तौर पर पता चला कि आरोपी नशा करता है। इसके बाद युवती ने शादी करने से इनकार कर दिया।
आरोपी ने दी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
आरोप है कि जब युवती ने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया तब योगेश ने युवती पर मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, युवती ने पुलिस को शिकायत में बताया कि.. आरोपी उसके फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। आरोपी के धमकाने के बाद युवती बुरी तरह डर गई और तत्काल ही पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी।
वहीं, मामले की शिकायत मिलने के बाद लसूड़िया पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि.. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)

