ज्वेल एंड्रयू चोटिल, अमित जांगू टीम में:भारत के खिलाफ T20I सीरीज से पहले वेस्टइंडीज ने विकेटकीपर-बल्लेबाज को कवर के तौर पर चुना
वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ आगामी T20I सीरीज के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज अमीर जांगू को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। उन्हें ज्वेल एंड्रयू के कवर के रूप में टीम में जगह दी गई है। एंड्रयू को शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान कैच पकड़ते समय उंगली में चोट लग गई थी। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि एंड्रयू की चोट पर मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है और उनके बैकअप के तौर पर अमीर जांगू को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार को लखनऊ में खेला जाएगा। कैच लेते वक्त लगी चोट, अस्पताल ले जाया गया शनिवार को भारत की पारी के 36वें ओवर की आखिरी गेंद पर यह हादसा हुआ। भारतीय बल्लेबाज नमन धीर ने बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती की गेंद को कवर की तरफ हवा में खेला। ज्वेल एंड्रयू ने कैच तो पूरा कर लिया, लेकिन इस दौरान गेंद उनकी उंगली पर जोर से लग गई। चोट लगने के तुरंत बाद एंड्रयू को मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल टीम ने उनकी चोट का आकलन किया। चोट के कारण ओपनिंग नहीं कर सके थे एंड्रयू उंगली की चोट इतनी गंभीर थी कि ज्वेल एंड्रयू वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी के दौरान पारी की शुरुआत करने मैदान पर नहीं उतर सके। 352 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ा। कप्तान शाई होप खुद जॉन कैंपबेल की जगह ओपनिंग करने उतरे थे। वनडे सीरीज में रहे तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 29 वर्षीय अमीर जांगू हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज में बेहद शानदार फॉर्म में रहे हैं। तीन मैचों की वनडे सीरीज में जांगू ने नाबाद 58, 114 और 67 रनों की पारियां खेलीं। वे 239 रनों के साथ पूरी सीरीज में दोनों टीमों को मिलाकर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस सीरीज में केवल भारत के शुभमन गिल (334 रन) और वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप (278 रन) ही उनसे आगे थे।
शिखर धवन पत्नी सोफी शाइन संग तिरुमला पहुंचे:फरवरी में शादी हुई थी; पूजा के बाद बोले- व्यवस्थाओं से खुश
पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन सोमवार को पत्नी सोफी शाइन के साथ तिरुमला मंदिर पहुंचे। दोनों ने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में धवन और सोफी पारंपरिक कपड़ों में मंदिर पहुंचे। धवन ने भक्तों से मुलाकात की और फैंस के साथ तस्वीरें भी खिंचाईं। दर्शन के बाद धवन ने मीडिया से कहा कि मंदिर प्रशासन ने बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की थीं। उन्होंने भगवान तिरुपति के अच्छे दर्शन के लिए आभार जताया। ANI के कैमरे में धवन मंदिर पहुंचते समय मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने कुर्ता और धोती पहनी थी। सोफी सफेद सूट में नजर आईं। धवन ने खुशी से भक्तों से मुलाकात की। उन्होंने फैंस के साथ तस्वीरें खिंचाने का अनुरोध भी स्वीकार किया। दर्शन के बाद धवन ने कहा, “मेरा दर्शन बहुत शानदार रहा। यहां प्रशासन ने बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की थीं। भगवान तिरुपति के इतने अच्छे दर्शन पाकर मैं बहुत आभारी हूं।” फरवरी में हुई शादी शिखर धवन और सोफी शाइन ने 21 फरवरी 2026 को शादी की थी। पहली शादी और बेटे से दूरी इससे पहले धवन की शादी आएशा मुखर्जी से हुई थी। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम जोरावर है। आठ साल की शादी के बाद दोनों अक्टूबर 2023 में अलग हो गए थे। दिल्ली की फैमिली कोर्ट ने 5 अक्टूबर 2023 को धवन को तलाक दे दिया था। धवन ने कहा है कि शादी खत्म होने के बाद वह करीब दो साल से अपने बेटे जोरावर से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाए हैं। ANI को दिए एक इंटरव्यू में पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने अपने बेटे के साथ रिश्ते पर बात की थी। उन्होंने उससे दूर रहने की भावनात्मक चुनौतियों के बारे में भी बताया था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 










