भारत-उरुग्वे मैच के टिकट 90% तक सस्ते:₹1,999 का टिकट ₹99 में, 85 हजार क्षमता वाले स्टेडियम में ब्राजील मैच में 51 हजार दर्शक आए
कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में ब्राजील के खिलाफ मैच में खाली सीटें देखने के बाद आयोजकों ने उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले के लिए टिकट के दाम घटा दिए हैं। 6 अक्टूबर को होने वाले भारत-उरुग्वे फ्रेंडली मैच के लिए कुछ टिकटों की कीमत में 90% तक कटौती की गई है। C2 लेफ्ट और C2 राइट ब्लॉक का टिकट ₹1,999 से घटाकर सिर्फ ₹99 कर दिया गया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने रविवार को सोशल मीडिया पर टिकट के नए रेट जारी किए। आयोजकों का लक्ष्य उरुग्वे के खिलाफ मैच में स्टेडियम की खाली सीटें भरना और ज्यादा दर्शकों को मैदान तक लाना है। 85 हजार क्षमता, ब्राजील मैच में 51 हजार से ज्यादा दर्शक 3 अक्टूबर को भारत और ब्राजील के बीच मुकाबला साल्ट लेक स्टेडियम में खेला गया था। करीब 85 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में 51 हजार से कुछ ज्यादा दर्शक पहुंचे थे। ब्राजील की टीम में विनिसियस जूनियर, गेब्रियल मैगलहेस और मार्क्विनहोस जैसे स्टार खिलाड़ी होने के बावजूद कई ब्लॉक खाली नजर आए थे। ब्राजील ने भारतीय टीम को इस मुकाबले में 4-0 से हराया था। दो बार की वर्ल्ड चैंपियन उरुग्वे पहले ही कोलकाता पहुंची भारत के खिलाफ 6 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले के लिए उरुग्वे की टीम 30 सितंबर को ही कोलकाता पहुंच गई थी। टीम को मैच से पहले शहर के मौसम और परिस्थितियों के अनुकूल होने का समय मिल गया है। उरुग्वे 1930 और 1950 में वर्ल्ड कप चैंपियन रह चुका है। वाल्वर्डे और नुनेज जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल उरुग्वे की टीम में रियल मैड्रिड के मिडफील्डर फेडेरिको वाल्वर्डे, रोड्रिगो बेंटानकुर, लुकास टोरेरा, जियोर्जियन डी अरास्केटा और फेकुंडो पेलिस्ट्री जैसे खिलाड़ी हैं। डिफेंस में रोनाल्ड अराउजो, जोस मारिया गिमेनेज और मथियास ओलिवेरा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं फॉरवर्ड लाइन में लिवरपूल के डार्विन नुनेज के अलावा मिगुएल मेरेंटिएल, रोड्रिगो अगुएरे और मार्टिन सत्रियानो जैसे खिलाड़ी हैं। ब्राजील से 0-4 हार के बाद उरुग्वे की चुनौती भारत को ब्राजील के खिलाफ मुकाबले में 0-4 से हार मिली थी। हालांकि, टीम ने शुरुआती करीब 30 मिनट तक ब्राजील को गोल करने का मौका नहीं दिया था। अब भारतीय टीम के सामने उरुग्वे की चुनौती है। उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। वहीं आयोजकों की कोशिश भी स्टेडियम में ज्यादा से ज्यादा दर्शक जुटाने की होगी।
प्रज्ञान चुन सकते हैं न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम:अगरकर का कार्यकाल समाप्त, नया नाम तय नहीं; इसी हफ्ते ऐलान संभव
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) इस हफ्ते न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टीमें घोषित कर सकता है। प्रज्ञान ओझा अजित अगरकर के बाद पहली चयन बैठक की अगुआई करेंगे। BCCI की सीनियर पुरुष चयन समिति 5 से 11 अक्टूबर के बीच बैठक कर सकती है। न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होगा। अगरकर का चयन समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो गया। BCCI ने अभी तक उनका उत्तराधिकारी तय नहीं किया है। न्यूजीलैंड दौरे में पांच T20Is, पांच ODIs और दो टेस्ट खेले जाएंगे। नए चयनकर्ता की नियुक्ति तक समिति चार सदस्यों के साथ काम करेगी। ओझा की भूमिका अस्थायी या स्थायी, साफ नहीं Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रज्ञान ओझा अगरकर के बाद की पहली चयन बैठक की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह अंतरिम तौर पर चयन समिति के प्रमुख की भूमिका में होंगे। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि उनकी भूमिका अस्थायी होगी या स्थायी। BCCI की पांच सदस्यीय चयन समिति में नए चयनकर्ता की नियुक्ति होने तक चार सदस्य रहेंगे। तीनों सीरीज के लिए मजबूत टीमें चुने जाने की उम्मीद चयनकर्ता न्यूजीलैंड में होने वाली तीनों सीरीज के लिए पूरी मजबूत टीमें चुन सकते हैं। पांच मैचों की ODI सीरीज भारत को 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारी में मदद करेगी। 2027 ODI वर्ल्ड कप अगले साल 2 अक्टूबर से शुरू होना है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले हफ्ते ODI सीरीज खत्म होने के बाद भारत के कप्तान शुभमन गिल ने पहली पसंद के खिलाड़ियों को अगली सीरीज से उपलब्ध रखने की इच्छा जताई थी। ऐसे में पांचों 50 ओवर के मैचों के लिए भारत के सभी शीर्ष खिलाड़ियों के उपलब्ध रहने की संभावना है। टेस्ट सीरीज में भारत के लिए जीत जरूरी न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए भारत मजबूत टीम उतार सकता है। अगर भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 में क्वालिफाई करने की उम्मीद बनाए रखनी है, तो ये दोनों टेस्ट जीतना जरूरी है। बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार न्यूजीलैंड सीरीज से टेस्ट टीम में वापसी कर सकते हैं। उन्होंने ईरानी कप में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है। मुकेश ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप की दूसरी पारी में रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए छह विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी से ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने मैच 167 रन से जीता। मुकेश के अलावा आकाश दीप को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ विदेशी टेस्ट सीरीज के लिए चुने जाने की उम्मीद है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 











