पाकिस्तान वनडे ट्राई-सीरीज के लिए असलंका बाहर:खराब फॉर्म के चलते फैसला, निसांका की फिटनेस पर टीम में जगह निर्भर
श्रीलंका ने पाकिस्तान में होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए चरिथ असलंका को टीम से बाहर कर दिया है। पाथुम निसांका की टीम में शामिल होने की स्थिति उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी। श्रीलंका क्रिकेट ने रविवार को एक्स पर टीम का ऐलान किया। कुसल मेंडिस ट्राई-सीरीज में श्रीलंका की कप्तानी करेंगे। 18 अक्टूबर से शुरू होगी सीरीज वनडे ट्राई-सीरीज 18 से 31 अक्टूबर तक रावलपिंडी और लाहौर में खेली जाएगी। इसमें श्रीलंका, पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। निसांका चोट के कारण इस हफ्ते घोषित टी-20 इंटरनेशनल टीम में शामिल नहीं किए गए थे। श्रीलंका क्रिकेट के मुताबिक, मेडिकल फिटनेस मिलने पर ही वे वनडे ट्राई-सीरीज के लिए पाकिस्तान जाएंगे। चरिथ असलंका को खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर किया गया है। उन्होंने पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ तीनों ODI खेले थे। इन मैचों में उन्होंने 1, 11 और 7 रन बनाए थे। श्रीलंका की टीम अगले हफ्ते पाकिस्तान जाएगी। वहां पहले तीन मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद ODI ट्राई-सीरीज होगी। नवंबर में पाकिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी। इंग्लैंड सीरीज के 14 खिलाड़ी बरकरार पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज में खेलने वाले 14 खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा गया है। सहान अराचिगे और अविष्का फर्नांडो टीम में दो नए चेहरे हैं। 30 साल के सहान अराचिगे ने श्रीलंका के लिए पांच ODI और तीन T20I खेले हैं। उनका आखिरी 50 ओवर का मैच जनवरी 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ था। अविष्का फर्नांडो ने श्रीलंका के लिए आखिरी ODI 12 फरवरी 2025 को कोलंबो में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्हें 51 ODI खेलने का अनुभव है। उनके नाम 1,589 रन हैं। 18 अक्टूबर से शुरू होगी सीरीज श्रीलंका ट्राई-सीरीज में अपना पहला मैच 18 अक्टूबर को रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 22 अक्टूबर को इसी मैदान पर इंग्लैंड से मुकाबला होगा। श्रीलंका का तीसरा मैच 27 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होगा। टीम 29 अक्टूबर को इसी मैदान पर इंग्लैंड से फिर खेलेगी। फाइनल 31 अक्टूबर को गद्दाफी स्टेडियम में होगा। फाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को अंक तालिका में शीर्ष दो टीमों में रहना होगा। पाकिस्तान में होने वाली वनडे ट्राई-सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम कुसल मेंडिस (कप्तान और विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, कामिल मिशारा, पवन रथनायके, सहान अराचिगे, कामिंदु मेंडिस, जनिथ लियानागे, दासुन शनाका, दुनिथ वेल्लालागे, महीश तीक्षणा, सचिंदु कोलंबगे, दुश्मंथा चमीरा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा और पाथुम निसांका।
सोशल मीडिया पर चला फंडरेजिंग अभियान, फिर वेदांश के इलाज से जुड़ी आई बड़ी खबर
सोशल मीडिया पर चला फंडरेजिंग अभियान, फिर वेदांश के इलाज से जुड़ी आई बड़ी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Samacharnama










