सोशल मीडिया की भीड़ में अकेला होता व्यक्ति
तकनीक ने मनुष्य को संवाद के ऐसे साधन उपलब्ध करा दिए हैं, जिनकी कल्पना कुछ दशक पहले तक असंभव लगती थी। अब एक क्लिक पर दुनिया के किसी भी कोने में बैठे व्यक्ति से संपर्क स्थापित हो जाता है। हजारों मित्र, सैकड़ों समूह, लगातार आती सूचनाएं और हर क्षण सक्रिय रहने वाली आभासी दुनिया ने यह भ्रम पैदा कर दिया है कि मनुष्य पहले से कहीं अधिक जुड़ा हुआ है। लेकिन इस चमकदार तस्वीर के पीछे एक गंभीर सामाजिक विडंबना भी आकार ले रही है, संपर्क बढ़ रहे हैं, संवाद घट रहा है और भीड़ बढ़ने के बावजूद मनुष्य भीतर से अकेला होता जा रहा है। उसे आत्मीयता भरे शब्दों की प्रतीक्षा रहती है। लेकिन दुनिया के व्यक्ति केवल ज्ञान देने तक ही सीमित रहते हैं, साथ चलने को कोई तैयार नहीं होता।
सोशल मीडिया ने दूरी अवश्य कम की है, लेकिन निकटता की परिभाषा बदल दी है। पहले किसी अपने से मिलने के लिए समय निकालना पड़ता था। आमने-सामने बैठकर बातचीत होती थी, चेहरे के भाव पढ़े जाते थे और मौन भी संवाद का हिस्सा होता था। अब किसी के जीवन में हमारी उपस्थिति कई बार केवल एक ‘लाइक’, एक इमोजी या कुछ शब्दों की टिप्पणी तक सीमित हो गई है। जन्मदिन पर दर्जनों शुभकामनाएं मिल जाती हैं, लेकिन संकट की घड़ी में कंधा देने वाला व्यक्ति तलाशना कठिन हो रहा है। इसी कारण आज हर कोई अकेलेपन की गहराई में लगातार घुसता ही जा रहा है। यह बात सच है कि जो व्यक्ति से मिल सकता है, उसे तकनीक कभी नहीं दे सकती।
यह स्थिति केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं है। इसका प्रभाव परिवार और समाज की संरचना पर भी दिखाई दे रहा है। एक ही घर में रहने वाले लोग कई बार अपने-अपने मोबाइल की स्क्रीन में व्यस्त रहते हैं। भोजन की मेज पर बातचीत के बजाय सूचनाओं की जांच होती है। बच्चे माता-पिता के साथ समय बिताने के बजाय डिजिटल मनोरंजन में डूबे रहते हैं और माता-पिता भी अपनी आभासी दुनिया में व्यस्त रहते हैं। परिणाम यह है कि घर भौतिक रूप से साथ होते हुए भी भावनात्मक रूप से दूर होते जा रहे हैं। इसी से परिवार के सदस्यों के बीच दूरियां बढ़ती जाती हैं, और यही परिवार टूटने का एक बड़ा कारण भी है। इससे भी व्यक्ति अवसाद की ओर अग्रसर होता जाता है।
सोशल मीडिया की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि उसने मनुष्य को स्वयं को प्रस्तुत करने का अभूतपूर्व मंच दिया, लेकिन स्वयं को समझने का अवसर कम कर दिया। यहां हर व्यक्ति अपने जीवन का चुना हुआ हिस्सा प्रदर्शित करता है। दूसरों के जीवन की दिखाई देने वाली चमक जब लगातार हमारी आंखों के सामने रहती है, तो अनजाने में तुलना शुरू हो जाती है। हमें लगता है कि दूसरे हमसे अधिक सफल, अधिक खुश और अधिक संतुष्ट हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाला जीवन अक्सर संपूर्ण जीवन नहीं, उसका चयनित अंश होता है। जीवन वही सार्थक है, जिसमें समाज और परिवार का साथ हो। किसी भी प्रकार की तुलना करना हानिकारक ही है। यही तुलना धीरे-धीरे आत्मसंतोष को प्रभावित करती है। व्यक्ति अपने जीवन की वास्तविक उपलब्धियों के बजाय दूसरों की आभासी उपलब्धियों से स्वयं को मापने लगता है। लाइक और कमेंट सामाजिक स्वीकृति के नए पैमाने बन जाते हैं। पोस्ट पर प्रतिक्रिया कम मिले तो बेचैनी और अधिक मिले तो क्षणिक संतोष प्राप्त होता है। यह चक्र व्यक्ति को बाहरी मान्यता पर निर्भर करता जाता है। विडंबना यह है कि हजारों लोगों की प्रतिक्रिया प्राप्त करने वाला व्यक्ति भी अपने मन की बात कहने के लिए एक विश्वसनीय व्यक्ति की तलाश कर सकता है।
समाज के सामने एक दूसरी चुनौती संवाद की गुणवत्ता की है। सोशल मीडिया ने अभिव्यक्ति को आसान बनाया है, लेकिन हर अभिव्यक्ति संवाद नहीं होती। संवाद में सुनना भी शामिल है, जबकि डिजिटल संसार में प्रतिक्रिया देने की जल्दबाजी कई बार सुनने की क्षमता को पीछे छोड़ देती है। असहमति होते ही बहस व्यक्तिगत आरोपों में बदल जाती है। विचारों का आदान प्रदान धीरे-धीरे विचारों की टकराहट में बदलने लगता है। इससे सामाजिक विश्वास कमजोर होता है।
यहां यह समझना आवश्यक है कि समस्या सोशल मीडिया स्वयं नहीं है। तकनीक एक साधन है, उसका उपयोग उसे उपयोगी या नुकसानदेह बनाता है। सोशल मीडिया ने आपदा के समय सहायता पहुंचाने, ज्ञान साझा करने, रोजगार और व्यवसाय के अवसर पैदा करने तथा दूर रह रहे परिवारों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समस्या तब पैदा होती है जब साधन जीवन का विकल्प बनने लगे। इसलिए समाधान तकनीक से पलायन नहीं, बल्कि उसके विवेकपूर्ण उपयोग में है। परिवारों को प्रतिदिन कुछ समय ऐसा निर्धारित करना होगा, जब मोबाइल और अन्य स्क्रीन किनारे रखकर केवल एक-दूसरे से बात की जाए। बच्चों के साथ संवाद को केवल उनकी पढ़ाई और अनुशासन तक सीमित न रखकर उनके विचारों, मित्रताओं, भय और सपनों तक ले जाना होगा। बुजुर्गों को डिजिटल दुनिया में शामिल करने के साथ-साथ उनके अनुभवों को सुनने के लिए भी समय देना होगा।
इसे भी पढ़ें: Social Media Post पर गिरफ्तारी Supreme Court के आदेश का उल्लंघन, Rahul Gandhi पर बरसे KTR
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें ‘कनेक्टेड’ होने और ‘जुड़े’ होने के अंतर को समझना होगा। कनेक्शन तकनीक बनाती है, संबंध मनुष्य बनाता है। हजारों संपर्कों की सूची किसी एक सच्चे मित्र का स्थान नहीं ले सकती। सैकड़ों प्रतिक्रियाएं उस एक आत्मीय बातचीत का विकल्प नहीं बन सकतीं, जिसमें सामने वाला हमारी बात केवल सुनता ही नहीं, समझता भी है।
आज आवश्यकता सोशल मीडिया छोड़ने की नहीं, बल्कि उसके बीच अपनी सामाजिक संवेदनशीलता बचाए रखने की है। हमें फिर से पड़ोसी से परिचय, मित्र से मुलाकात, परिवार के साथ भोजन और बिना किसी स्क्रीन के बातचीत जैसी छोटी-छोटी मानवीय परंपराओं को जीवन में स्थान देना होगा। क्योंकि मनुष्य को केवल सूचना नहीं, उसे आत्मीयता भी चाहिए। उसे केवल दर्शक नहीं, श्रोता चाहिए, केवल फॉलोअर नहीं, साथी चाहिए। यदि तकनीक हमें हजारों लोगों तक पहुंचा सकती है, तो हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उन हजारों संपर्कों के बीच अपने लोगों से हमारा वास्तविक संबंध कमजोर न हो।
सोशल मीडिया की भीड़ में अकेला होता समाज हमारी नियति नहीं है। यह एक चेतावनी है। तकनीक हमारे हाथ में रहे, जीवन पर उसका नियंत्रण न हो, यही संतुलन आधुनिक समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
- सुरेश हिंदुस्तानी
Kuldeep Yadav 200 ODI Wickets से 2 कदम दूर, गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ मौका
भारत के स्टार स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव के पास वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका है। वह वनडे क्रिकेट में 200 विकेट पूरे करने से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं। अगर गुवाहाटी में कुलदीप यह मुकाम हासिल कर लेते हैं, तो वह भारत के उन चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में 200 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं।
बता दें कि कुलदीप ने पहले वनडे में तिरुवनंतपुरम में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। अब दूसरे वनडे से पहले उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा हुआ है और टीम को उनसे एक बार फिर अहम योगदान की उम्मीद है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, कुलदीप ने अब तक 122 वनडे मैचों में 198 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 26.70 रहा है। उनके नाम 10 बार 4 विकेट और 2 बार 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर 6 विकेट रहा है।
200 विकेट पूरे करने के बाद कुलदीप भारत के 9वें ऐसे गेंदबाज बन जाएंगे, जिन्होंने वनडे में यह आंकड़ा पार किया है। भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है। कुंबले ने 269 वनडे मैचों में 334 विकेट लिए हैं।
भारतीय स्पिन गेंदबाजों की बात करें तो कुलदीप से पहले सिर्फ 3 गेंदबाज 200 विकेट का आंकड़ा पार कर सके हैं। अनिल कुंबले के 334 विकेट के अलावा हरभजन सिंह ने 265 और रवींद्र जडेजा ने 232 विकेट लिए हैं। ऐसे में कुलदीप के पास इस खास सूची में अपना नाम दर्ज कराने का मौका है।
हालांकि, इस साल कुलदीप का प्रदर्शन लगातार एक जैसा नहीं रहा है। उन्होंने 2026 में अब तक 5 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्हें 7 विकेट मिले हैं। इस दौरान उनका औसत 37.71 और रन खर्च करने की दर 5.86 रही है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच की 4 विकेट वाली गेंदबाजी उनके लिए अहम वापसी के तौर पर देखी जा रही है।
गौरतलब है कि दूसरे वनडे में भारत की टीम की कमान शुभमन गिल संभाल रहे हैं। टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। वेस्टइंडीज की टीम में जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शाई होप, रोस्टन चेज, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ और जयडेन सील्स जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।
कुलदीप के लिए गुवाहाटी का मुकाबला सिर्फ एक और वनडे नहीं होगा। 200 विकेट का आंकड़ा उनके करियर में एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि साबित हो सकता है और इसके लिए उन्हें सिर्फ 2 विकेट की जरूरत है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
