फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 4 पायलट क्यों थे:कैप्टन ने गेट खोला तो कॉकपिट में घुसे, विमान संभाला; 5 सेकेंड और लगते तो क्रैश हो जाता
फ्लाईदुबई की दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कुल 4 पायलट सवार थे। उड़ान के दौरान को-पायलट ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। हमले के बाद कैप्टन ने जैसे-तैसे कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद विमान में बैठे 2 अन्य पायलट कॉकपिट में पहुंचे और विमान की कमान संभाली। उन्होंने बोइंग 737 मैक्स 8 को सुरक्षित सऊदी अरब में उतारा। एविएशन सिक्योरिटी एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर विमान को संभालने में करीब 5 सेकेंड और लग जाते तो वह ऐसी स्थिति में पहुंच सकता था, जहां उसे दोबारा ऊपर खींचना और क्रैश होने से बचाना संभव नहीं होता। अब सबसे बड़ा सवाल है कि 3.5 घंटे की इस फ्लाइट में 2 अतिरिक्त पायलट आखिर क्यों मौजूद थे… विमान में अतिरिक्त पायलट का होना आम नहीं एयरलाइंस छोटी फ्लाइट में सिर्फ इस डर से अतिरिक्त पायलट नहीं बैठातीं कि अगर मुख्य पायलटों को कुछ हो गया तो दूसरा पायलट काम संभाल लेगा। यानी इस फ्लाइट में 4 पायलट होने का मतलब यह नहीं था कि एयरलाइन ने जानबूझकर 2 पायलटों को इमरजेंसी बैकअप के तौर पर भेजा था। रिटायर्ड एयरलाइन कैप्टन और एविएशन सेफ्टी सलाहकार जॉन कॉक्स के मुताबिक, किसी छोटी फ्लाइट में सिर्फ संभावित देरी से निपटने के लिए अतिरिक्त पायलट रखना आम तरीका नहीं है। पायलटों की ट्रेनिंग और सैलरी पर काफी खर्च होता है, 2 की जगह 4 पायलट रखने पर कंपनी का खर्च बढ़ता है। इसलिए एयरलाइंस जरूरत के मुताबिक ही क्रू रखती हैं। फ्लाईदुबई विमान में 2 अतिरिक्त पायलट होने की 2 वजहें पहली वजह जॉन कॉक्स के मुताबिक दोनों पायलटों को शायद उनकी अगली फ्लाइट के लिए जरूरी जगह पर भेजा जा रहा था। पायलटों को अक्सर ऐसी फ्लाइट में भेजा जाता है जिसे वे खुद नहीं उड़ा रहे होते। उन्हें उनकी अगली ड्यूटी वाली जगह तक पहुंचाने के लिए ऐसा किया जाता है। एविएशन इंडस्ट्री में इसे 'डेडहेडिंग' कहते हैं। फ्लाईदुबई ने बताया कि विमान में मौजूद अतिरिक्त पायलट कंपनी के ड्यूटी पर तैनात क्रू का हिस्सा थे। ऐसे पायलट कंपनी के काम से यात्रा करते हैं, इसलिए उन्हें ड्यूटी पर माना जाता है और उन्हें वेतन मिलता है। वे शराब नहीं पी सकते, जबकि यूनिफॉर्म पहनना जरूरी नहीं होता। दूसरी वजह एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक वजह यह भी हो सकती है कि तेल अवीव से दुबई लौटने वाली फ्लाइट के लिए दूसरे क्रू की जरूरत हो। पायलट की ड्यूटी सिर्फ उड़ान के समय से नहीं गिनी जाती। एयरपोर्ट पहुंचने के साथ उनका ड्यूटी टाइम शुरू हो जाता है। ऐसे में ज्यादा देरी या लंबे रूट के कारण वे तय ड्यूटी सीमा पूरी कर सकते हैं। इसे ‘टाइमिंग आउट’ कहते हैं, जिसके बाद पायलट विमान नहीं उड़ा सकते। मौजूदा क्रू की कानूनी ड्यूटी सीमा पूरी होने पर उन्हें जरूरी आराम देना पड़ता है। ऐसे में वापसी की उड़ान के लिए दूसरे पायलटों को पहले ही वहां भेजा जा सकता है। फ्लाईदुबई ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन दोनों पायलटों को इस फ्लाइट में क्यों भेजा गया था। एक्सपर्ट बोले- इमरजेंसी में भी विमान का उड़ते रहना बड़ी बात रिटायर्ड कैप्टन रिचर्ड लेवी ने क्रू और यात्रियों की भूमिका की तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर का कॉकपिट का दरवाजा खोल पाना और इमरजेंसी सिग्नल भेजना बेहद अहम था। लेवी के मुताबिक, विमान का पिछला हिस्सा टूट जाने के बावजूद वह उड़ने की स्थिति में बना रहा। इतनी गंभीर स्थिति के बाद भी विमान का सुरक्षित रूप से उड़ते रहना असाधारण था। अतिरिक्त पायलट से फायदा- क्रू और शेड्यूल संभालना आसान एविएशन सिक्योरिटी एक्सपर्ट सैली लीव्सली के मुताबिक, इलाके में बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के चलते उड़ानों में देरी हो सकती है। ऐसे माहौल में अतिरिक्त पायलट होने से क्रू की कमी और फ्लाइट शेड्यूल को संभालने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि फ्लाईदुबई की इस फ्लाइट में अतिरिक्त पायलट किसी खास सुरक्षा चेतावनी के चलते रखे गए थे। ------------------- यह खबर भी पढ़ें… भारतीय पायलट पर हमले के आरोपी का नाम हमाम अल-हमामी:दावा- अलकायदा से प्रभावित था, कट्टरपंथी सोच के चलते ओमान एयर से निकाला गया इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने वाले को-पायलट की पहचान हमाम अल-हमामी के रूप में हुई है। वह ओमान का रहने वाला है। पूरी खबर पढ़ें…
दीपके का ममता बनर्जी को धन्यवाद देने वाला पोस्ट बैन:कहा-10 अक्टूबर से पहले मेरा X हैंडल हटाया जा सकता है; इसी दिन कॉकरोच दिल्ली जाएंगे
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी को CJP आंदोलन का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया था। उन्होंने इसे लेकर X पर एक पोस्ट किया था, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने बैन कर दिया। दीपके ने शनिवार को कहा कि अगर उनका X हैंडल 10 अक्टूबर से पहले हटा दिया जाए तो उन्हें हैरानी नहीं होगी। उन्होंने शुक्रवार रात X पर पोस्ट कर कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 10 अक्टूबर को पूरे देश से कॉकरोच दिल्ली पहुंचेंगे। ममता बोलीं- CJP, युवाओं और छात्रों के साथ खड़ी हूं दीपके ने ममता बनर्जी को टैग करते हुए X पर आंदोलन के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया था। TMC सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने इस पोस्ट को शेयर किया। इसके बाद X ने पोस्ट को बैन कर दिया। पोस्ट खोलने पर लिखा आ रहा है, स्थानीय नियमों के कारण यह कंटेंट X पर बैन है। ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में पोस्ट को बैन किया गया। यह मामला ममता बनर्जी के CJP आंदोलन को समर्थन देने के एक दिन बाद सामने आया। ममता ने शुक्रवार को कहा था कि वह CJP, युवाओं और छात्रों के साथ पूरी तरह खड़ी हैं। CJP ने मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी CJP ने मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पार्टी ने वोटर लिस्ट के SIR को लेकर भी सवाल उठाए थे। इस दौरान स्टेज पर मौजूद सभी लोग महात्मा गांधी की फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे। दीपके ने गांधी और अंबेडकर का जिक्र किया था। उन्होंने कहा- गांधी देश की आत्मा हैं, अंबेडकर रीढ़ की हड्डी और नेहरू दिमाग हैं। दीपके ने आगे कहा कि मुंबई में हुआ प्रदर्शन सिर्फ ट्रेलर है और उनका असली प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर होगा। CJP प्रदर्शन की 5 बड़ी बातें 1. तेज धूप के बावजूद हजारों लोग पहुंचे: मुंबई पुलिस से इजाजत नहीं मिलने के बावजूद CJP ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया। पुलिस ने दादर से शिवाजी पार्क जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ाई थी। इसके बावजूद शाम करीब 4 बजे शुरू हुए प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। 2. स्थानीय लोगों ने विरोध किया: शिवाजी पार्क के आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने प्रदर्शन का विरोध किया। उन्होंने शोर, भीड़ और रोजमर्रा के काम प्रभावित होने की शिकायत की। कुछ लोगों ने दावा किया कि भीड़ के कारण उन्हें अपनी दुकानें बंद रखनी पड़ीं। लेखक जावेद अख्तर ने तंज कसते हुए एक्स पर लिखा- उम्मीद है महाराष्ट्र की किसी राजनीतिक पार्टी की रैली होने पर भी लोग इसी तरह आपत्ति जताएंगे। 3. प्रदर्शन में 75 साल के बुजुर्ग की मौत: प्रदर्शन के दौरान 75 साल के गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वह शाम करीब 4:30 बजे प्रदर्शन में पहुंचे थे और करीब 5 बजे उनके सीने में तेज दर्द हुआ। उन्हें सुश्रुषा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 4. नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी सहित कई सेलिब्रिटी पहुंचे: प्रदर्शन में दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी, फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज और हंसल मेहता, गायक-म्यूजिक डायरेक्टर विशाल ददलानी और महात्मा गांधी के पड़पोते तुषार गांधी भी शामिल हुए। 5. ‘ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन’ के नारे, तिरंगे-पोस्टर लेकर जुटे युवा: प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा भी शामिल हुए। उन्होंने “ज्ञानू, तुझा डेमोक्रेसी वर भरोसा नाय काय?”, “ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन” और “गद्दार ज्ञानू मस्ट गो” जैसे नारे और पोस्टर लहराए। एआर रहमान का ‘रंग दे बसंती’ और ‘वंदे मातरम्’ गाना भी बजाया गया। -------------- ये खबर भी पढ़ें… मुंबई में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का प्रदर्शन:मुख्य चुनाव आयुक्त पद से इस्तीफे की मांग; दीपके बोले- 10 अक्टूबर को कॉकरोच दिल्ली आएंगे मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने वोटर लिस्ट के SIR को लेकर भी सवाल उठाए। इस दौरान स्टेज पर मौजूद सभी लोग महात्मा गांधी की फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 











