भारत में निवेश बढ़ाए Nike, वाणिज्य मंत्री Piyush Goyal ने दिया Just Do It का संदेश
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, दो अक्टूबर वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत में निवेश को लेकर अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी नाइकी के नेतृत्व को संदेश देते हुए कहा, ‘‘जस्ट डू इट।’’ ‘जस्ट डू इट’ यानी ‘बस कर डालिए’ नाइकी ब्रांड का प्रसिद्ध ‘स्लोगन’ है। गोयल ने नाइकी के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) वेंकटेश अलगिरिसामी, मुख्य कानूनी अधिकारी रॉब लेनवांड और मुख्य सरकारी एवं जन मामलों के अधिकारी जॉर्ज कासिमिरो से मुलाकात की। गोयल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत की विकास गाथा में निवेश की बात हो तो संदेश बहुत सीधा है-‘जस्ट डू इट।’’ गोयल जी20 के सदस्य देशों के व्यापार मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए मिलवॉकी में थे।
नाइकी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ अपनी बैठक का जिक्र करते हुए गोयल ने कहा, ‘‘हमने भारत के साथ नाइकी के लंबे समय से जारी जुड़ाव को आगे बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की और विनिर्माण, स्थानीय स्तर पर खरीद तथा व्यापक खेल पारिस्थितिकी तंत्र में उसकी मौजूदगी को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार किया।
Canada के व्यापार मंत्री Maninder Sidhu 300 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे भारत
(सागर कुलकर्णी) वाशिंगटन, दो अक्टूबर कनाडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि वह इस महीने के अंत में करीब 300-सदस्यीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आएंगे और विभिन्न क्षेत्रों में अवसर तलाशेंगे। सिद्धू ने बृहस्पतिवार को अमेरिका के मिलवॉकी में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा इस साल के अंत तक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) संपन्न करने के प्रयासों के तहत नयी दिल्ली के वार्ताकारों के साथ अगले दौर की बातचीत शुरू करेंगे।
भारत और कनाडा ने इस साल मार्च में द्विपक्षीय व्यापार समझौते की घोषणा की थी, जिसका लक्ष्य 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को 70 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाना है। सिद्धू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुंबई में चौथे दौर की वार्ता पूरी होने के बाद मैंने जी20 बैठक के दौरान मंत्री पीयूष गोयल से फिर मुलाकात की। पांच अक्टूबर से शुरू होने वाली अगले दौर की वार्ता से पहले यह मुलाकात, इस साल के अंत तक समझौता संपन्न करने की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए हुई।’’ सिद्धू ने कहा, ‘‘फिलहाल दोनों देशों के बीच 30 अरब कनाडाई डॉलर से अधिक का द्विपक्षीय व्यापार है और 2030 तक इसे 70 अरब कनाडाई डॉलर तक पहुंचाने का हमारा साझा लक्ष्य है।
ऐसे में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ाने की काफी गुंजाइश है।’’ कनाडा के मंत्री ने कहा कि वह इस महीने ‘टीम कनाडा ट्रेड मिशन’ का नेतृत्व करते हुए भारत आएंगे और विभिन्न क्षेत्रों में अवसर तलाशेंगे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








