जशपुर में मिर्च की बोरियों के नीचे छिपा 440 किलो Ganja जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
जशपुर, दो अक्टूबर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 440 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद कर इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2,20,31,500 रुपये है, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और प्रभावी कार्रवाई करने के लिए ओडिशा की सीमा से लगे लावाकेरा पुलिस जांच बिंदु पर विशेष मादक पदार्थ रोधी दल को तैनात किया गया है जो संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर कुछ तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे लावाकेरा पुलिस जांच अवरोधक पर मादक पदार्थ रोधी दल और तपकरा थाने की संयुक्त टीम ने ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक छोटे ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया और उसमें सवार दो लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपनी पहचान मोहम्मद वसीम (28) और मोहम्मद आसिफ (34) के रूप में बताई। दोनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने बताया कि ट्रक में लदे सामान के बारे में पूछे जाने पर दोनों ने कहा कि उसमें मिर्च की बोरियां हैं, जिन्हें वे ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच की। उन्होंने बताया कि ट्रक में ऊपर की ओर मिर्च से भरी बोरियां रखी थीं। अधिकारियों ने बताया कि नीचे रखी बोरियों की जांच करने पर उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले।
उन्होंने बताया कि इन पैकेट में गांजा पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ट्रक से कुल 14 बोरियों में रखे 440 पैकेट में 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और ट्रक जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज ले जा रहे थे। धिकारियों ने बताया कि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसकी पूरी कड़ी का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जशपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, ‘‘जशपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत यह एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की हर कड़ी की जांच कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी दृढ़ता और निरंतरता के साथ कार्रवाई करती रहेगी।’’ सिंह ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के कुल 16 मामलों में करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य का 1,906 किलोग्राम गांजा बरामद किया है और 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने बताया कि साथ ही तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ जारी है।
उत्तराखंड में BJP 60 से ज्यादा सीटें जीतकर बनाएगी सरकार, Ram Madhav ने दिया कार्यकर्ताओं को मंत्र
देहरादून, दो अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रभारी राम माधव ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में 60 सीट पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखें। उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल चुनाव होना है। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे माधव ने पार्टी की एक संगठनात्मक बैठक में कहा, “हमें चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं बल्कि सबसे बड़े बहुमत यानि 60 से ज्यादा सीट जीतने के लिए काम करना है।” माधव ने कहा कि बहुत से राज्य ऐसे हैं जहां भाजपा लगातार तीन बार जीती है और उत्तराखंड में भी ऐसा ही करना है।
इस दौरान पार्टी की सह प्रभारी और सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा को तीसरी बार अपना आशीर्वाद देने के लिए तैयार है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि अब राजनीतिक परीक्षा का समय आ गया है और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अपनी उपस्थिति और अधिक बढ़ानी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








