Goa voter list: छूटे 97 मतदाताओं में 88 के Form-6 आवेदन स्वीकार, CEO ने दी जानकारी
पणजी, दो अक्टूबर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर जारी विवाद के बीच गोवा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि छूटे हुए 97 मतदाताओं में से 88 ने पहले ही फॉर्म-6 दाखिल कर दिया है और उनके आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, फॉर्म-6 वह आवेदन पत्र है जिसका इस्तेमाल पात्र नागरिक मतदाता सूची में नए मतदाता के रूप में अपना नाम शामिल कराने के लिए करते हैं। गोवा के सीईओ ने बृहस्पतिवार को छूटे हुए 97 मामलों की स्थिति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि 88 लोगों ने ‘फॉर्म-6’ भरा है और उनके फॉर्म स्वीकार कर लिए गए हैं, जबकि तीन लोग पुर्तगाली पासपोर्ट धारक हैं और छह मतदाता ‘‘अभी भारत से बाहर’’ हैं।
गोवा के सीईओ ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा है, ‘‘जो मतदाता अभी भारत से बाहर हैं, उनसे संबंधित अधिकारी आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संपर्क स्थापित करने और बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।’’ गोवा के इन मतदाताओं के नाम सूची से बाहर रह जाने का मामला उस समय चर्चा में आया था जब ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में कहा गया कि इन सत्यापित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं जोड़े जा सके क्योंकि ईसीआई का सॉफ्टवेयर इस बदलाव को दर्ज करने की अनुमति नहीं दे रहा था। इससे पहले, गोवा के सीईओ ने कहा था कि बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) ने फरवरी 2026 में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची से बाहर रह गए इन 97 मतदाताओं के घरों का अलग-अलग दौरा किया था, ताकि फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया पूरी कराने में मदद की जा सके। बृहस्पतिवार को एक अन्य पोस्ट में गोवा के सीईओ के कार्यालय ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद वह राज्य में छूटे हुए और नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस विकल्प का लाभ उठाएं और सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हो।
Delhi Metro: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के आह्वान से Rajiv Chowk सहित 12 स्टेशन बंद
आम आदमी पार्टी (आप) और कुछ छात्र संगठनों द्वारा विरोध-प्रदर्शन के आह्वान के बाद दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार को राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय और जंतर-मंतर के नजदीक स्थित पटेल चौक सहित 12 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया। ये प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाताओं के बड़े पैमाने पर कथित रूप से नाम हटाए जाने को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, बाराखंभा, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नयी दिल्ली स्टेशनों पर प्रवेश व निकास अगले आदेश तक बंद रहेगा।
इसे भी पढ़ें: BJP से जुड़े कॉन्ट्रैक्टर Praveen Jain पर फायरिंग की साजिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
हालांकि, डीएमआरसी ने बताया कि राजीव चौक, मंडी हाउस, नयी दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर इंटरचेंज (ट्रेन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








