Rajasthan के Governor और CM Bhajan Lal Sharma ने गांधी और शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि
जयपुर, दो अक्टूबर राजस्थान के राज्यपाल के हरिभाऊ बागडे व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने राम धुन की प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने एक्स पर लिखा, ‘‘गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की राह दिखाता है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनकल्याण और राष्ट्रहित के संकल्प को निरंतर मजबूत करते रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।’’ शर्मा ने सचिवालय में भी महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सचिवालय परिसर में आयोजित राम धुन कार्यक्रम में ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजन सुने।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा भी मौजूद थे।
Bihar विधान परिषद चुनाव: Congress ने 5 सीटों पर उतारे प्रत्याशी, 3 पर RJD से होगा मुकाबला
पटना, दो अक्टूबर बिहार विधान परिषद के चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिन पांच सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें से तीन पर सीधा मुकाबला उसके सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हो सकता है। बिहार के द्विसदनीय विधानमंडल के उच्च सदन की आठ सीट के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चार-चार सीट का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
बृहस्पतिवार देर शाम कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी स्वीकृत सूची के अनुसार, पार्टी ने दरभंगा शिक्षक सीट से अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को फिर से चुनावी मैदान में उतारा है। राजद ने इस सीट से अभी अपना कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इसी तरह, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस ने संजय यादव को उम्मीदवार बनाया है।
इस सीट से भी राजद चुनाव नहीं लड़ रहा है। हालांकि, कांग्रेस ने कोसी स्नातक सीट से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक सीट से रजनीकांत पाठक और पटना स्नातक सीट से असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया है और इन तीनों ही सीट पर राजद भी अपने उम्मीदवार उतार चुका है। राजद ने पिछले महीने छह सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी और कहा था कि ‘‘शेष सीट पर फैसला लिया जाना बाकी है।’’ स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में वे लोग मतदान करने के पात्र हैं, जिनके पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम तीन वर्ष पुरानी स्नातक की डिग्री है और जो संबंधित क्षेत्र के निवासी हैं।
इसी तरह, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में माध्यमिक विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव रखने वाले लोग मतदान कर सकते हैं। दोनों ही मामलों में मतदाता का नाम इस उद्देश्य के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में दर्ज होना अनिवार्य है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











