आज भोपाल आएंगे गृह मंत्री अमित शाह, कल गोपालक सम्मेलन में होंगे शामिल, डेयरी प्लांट और नई योजनाओं पर रहेगा फोकस
मध्यप्रदेश में किसान और पशुपालकों से जुड़े बड़े कार्यक्रम के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज भोपाल पहुंचेंगे। राजधानी में उनके दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बता दें कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह करीब 23 घंटे भोपाल में रहेंगे। वे रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। 3 अक्टूबर को राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित कई जिलों से लोग पहुंचेंगे। कार्यक्रम में पशुपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े लोगों के लिए कई घोषणाएं और वितरण कार्यक्रम रखे गए हैं।
दरअसल गोपालक सम्मेलन में अमित शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि वितरित करेंगे। इसके साथ गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने का कार्यक्रम भी है। सम्मेलन में गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी बांटे जाएंगे।
सरकारी विभागों के कामों की जानकारी भी रखी जाएगी
वहीं कार्यक्रम में प्रदेश में चल रहे कृषक कल्याण वर्ष और बलराम कृषि महोत्सव के तहत किए गए कामों की जानकारी भी दी जाएगी। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की ओर से अपने-अपने काम और योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। इससे सम्मेलन सिर्फ पशुपालकों की सभा तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि अलग-अलग सरकारी विभागों के कामों की जानकारी भी यहां रखी जाएगी। डेयरी क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाएं भी अमित शाह के कार्यक्रम का हिस्सा हैं। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित डेयरी प्लांट शामिल है। इस प्लांट से दूध से बनने वाले उत्पादों की क्षमता बढ़ाने की योजना है।
फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल
दरअसल भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी कार्यक्रम में शामिल है। इस परियोजना पर 16.80 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यहां दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे दूध से बनने वाले उत्पाद तैयार किए जाएंगे। परियोजना का मकसद डेयरी कारोबार में सिर्फ दूध की बिक्री के बजाय दूसरे दुग्ध उत्पादों की प्रोसेसिंग को भी बढ़ाना है।
नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी शामिल
वहीं अमित शाह के भोपाल दौरे में गोपालक सम्मेलन के अलावा नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी शामिल है। भेल दशहरा मैदान में तैयार की जा रही इस प्रदर्शनी में नए कानूनों और पुलिस से जुड़ी व्यवस्था को दिखाया जाएगा। शाह प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। इसके बाद गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को संबोधित करेंगे। इस दौरे के दौरान भोपाल बायपास के पास भौरी स्थित IISER परिसर से जुड़ा कार्यक्रम भी रखा गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह परिसर का शिलान्यास करेंगे। इसी मौके पर परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। इस तरह उनके एक दिवसीय कार्यक्रम में डेयरी और पशुपालन के साथ उच्च शिक्षा से जुड़ा कार्यक्रम भी शामिल रहेगा।
वहीं अमित शाह के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है। कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात को लेकर अधिकारियों को जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
5 अक्टूबर को हरसूद दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव: गोंड राजघरानों के वंशजों का करेंगे सम्मान, 2 किमी लंबे रोड शो की तैयारियां तेज
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 अक्टूबर को खंडवा जिले के हरसूद दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 2 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो करेंगे और संत बुखारदास बाबा मणि स्थल के दर्शन भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान गोंड राजघरानों के वंशजों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। सीएम के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है और बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं।
कलेक्टर और एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी आगम जैन ने हरसूद पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रशासनिक टीम ने सभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और रोड शो मार्ग का मुआयना किया। अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए कलेक्टर ने समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभा स्थल पर पीने के पानी और कुर्सियों के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया है।
रोड शो मार्ग पर आवारा पशुओं की आवाजाही पर रोक
संत बुखारदास बाबा मणि स्थल से शुरू होने वाले 2 किलोमीटर लंबे रोड शो मार्ग की सुरक्षा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के काफिले और रोड शो में किसी तरह की अड़चन न आए, इसके लिए नगर पालिका और नगर परिषद को सड़क पर आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और संबंधित विभागों को मिलकर यातायात और रूट डायवर्जन की पुख्ता व्यवस्था बनाने को कहा गया है।
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
हरसूद में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी करेंगे। इसके लिए कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से पात्र हितग्राहियों की अंतिम सूची जल्द से जल्द जमा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित हो और आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News












