VHP नेता विकास प्रभाकर हत्याकांड: दिल्ली की अदालत ने आरोपी Harvinder को NIA को सौंपा
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को पंजाब के नंगल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले से कथित तौर पर जुड़े एक प्रमुख व्यक्ति को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की चंडीगढ़ इकाई को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौंपे जाने को मंजूरी दे दी। इससे पहले दिन में एजेंसी ने हरविंदर कुमार उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया जो संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहा था। हरविंदर पर कथित तौर पर हत्या को अंजाम देने वालों को लॉजिस्टिक और वित्तीय सहायता मुहैया कराने में शामिल होने का आरोप है।
एनआईए के अनुसार, हरविंदर को गहन कूटनीतिक प्रयासों के बाद निर्वासित करके भारत भेजा गया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किए जाने के बाद आरोपी को शाम को ही विशेष न्यायाधीश (एनआईए) प्रशांत शर्मा के समक्ष पेश किया गया। न्यायाधीश ने हरविंदर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की, ताकि उसे शुक्रवार को चंडीगढ़ की अदालत के समक्ष पेश किया जा सके।
यह मामला प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के सदस्यों द्वारा प्रभाकर की लक्षित हत्या से जुड़ा है। हत्या के संबंध में एनआईए ने नौ मई, 2024 को मामला दर्ज किया था। इस मामले में एनआईए अब तक तीन आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।
जांच एजेंसी के अनुसार, प्रभाकर की हत्या की साजिश कथित तौर पर जर्मनी में रह रहे बीकेआई के सदस्यों हरजीत सिंह उर्फ लड्डी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू ने रची थी। एनआईए ने अपनी जांच का हवाला देते हुए कहा कि हरविंदर ने यूएई में रहते हुए विदेश में रह रहे बीकेआई के सदस्यों को वित्तीय व अन्य मदद पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। एजेंसी ने कहा कि उसने एक आका और भर्ती करने वाले व्यक्ति के रूप में काम किया, हथियारों की व्यवस्था की और प्रभाकर की हत्या में शामिल हमलावरों तक उन्हें पहुंचाने में मदद की।
आतंकवाद रोधी एजेंसी ने कहा कि हरविंदर ने हरजीत सिंह और कुलबीर सिंह के निर्देश पर साजिश रचने के सिलसिले में आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन प्राप्त किया और उसे अन्य लोगों को भी भेजा।
चबाने वाले Tobacco से दुनिया की 90 फीसदी मौतें भारत समेत 10 देशों में: Lancet
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर भारत समेत कुछ ही देशों को चबाने वाले तंबाकू से दुनिया भर में होने वाली 90 प्रतिशत बीमारियों और मौतों का सामना करना पड़ रहा है और दक्षिण एशिया इसके उपयोग का मुख्य केंद्र है। द लैंसेट ग्लोबल हेल्थ पत्रिका में प्रकाशित एक नए शोध में यह जानकारी सामने आई है। शोधकर्ताओं के अनुसार, 2023 में वैश्विक स्तर पर चबाने वाले तंबाकू के कारण 2,51,000 लोगों की मौत हुई।
दुनिया भर में 24.1 करोड़ लोग इसका उपयोग कर रहे थे, जिनमें 60 से 64 वर्ष की आयु के लोगों में इसका सेवन सबसे अधिक देखा गया। इस अध्ययन के तहत 1990 से 2023 तक 204 देशों और क्षेत्रों को शामिल कर किए गए विश्लेषण में शोधकर्ताओं की टीम ने चबाने वाले तंबाकू के जोखिमों को धुआं रहित तंबाकू के अन्य रूपों से अलग रखा है। वाशिंगटन विश्वविद्यालय से संबद्ध अनुसंधान वैज्ञानिक और शोध की मुख्य लेखक गैब्रिएला गिल ने कहा, ‘‘चबाने वाला तंबाकू हर जगह एक जैसी सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या नहीं है।
हमारे अध्ययन से पता चलता है कि इससे होने वाली बीमारियों और मौतों की सबसे बड़ी मार कुछ ही देशों पर पड़ रही है।’’ गिल ने कहा कि इन आबादी समूहों के भीतर इसके सेवन की अलग-अलग प्रवृत्तियों को समझना प्रभावी रोकथाम और तंबाकू नियंत्रण रणनीतियां तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण है। शोधकर्ताओं ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण में दशकों की प्रगति के बावजूद वैश्विक स्तर पर चबाने वाले तंबाकू के सेवन की दर में कोई खास बदलाव नहीं आया है। वैश्विक स्तर पर इसके सेवन के कारण स्ट्रोक (लकवा) तथा होंठ और मुंह का कैंसर जैसी बीमारियां प्रमुखता से सामने आयीं।
वर्ष 2023 के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण एशिया में 15 वर्ष से अधिक आयु की 14.6 प्रतिशत आबादी चबाने वाले तंबाकू का सेवन कर रही थी, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। अध्ययन के अनुसार, इस क्षेत्र में चबाने वाले तंबाकू से संबंधित 2,10,000 मौते हुईं, जो वैश्विक कुल मौतों का लगभग 84 प्रतिशत है। पुरुषों के मामले में, चबाने वाले तंबाकू से होने वाली मौतों और विकलांगता के बोझ का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा भारत, बांग्लादेश, चीन, पाकिस्तान और अमेरिका सहित 10 देशों में केंद्रित था।
वहीं महिलाओं के मामले में, 90 प्रतिशत से अधिक बोझ भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, म्यांमा और चीन जैसे देशों में देखा गया। शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े कुल मौतों और विकलांगता को दर्शाते हैं। इसका मतलब है कि अधिक आबादी वाले देशों में इससे होने वाले नुकसान का हिस्सा बड़ा हो सकता है, भले ही उनके यहां सेवन की दर सबसे अधिक न हो।
चबाने वाले तंबाकू के सेवन की प्रवृत्ति उम्र और लिंग के आधार पर भी काफी भिन्न थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











