अमेजन, फ्लिपकार्ट और जियोमार्ट पर ₹25 लाख का जुर्माना:बिना रजिस्ट्रेशन वाली कीटनाशक दवा बेची, CCPA ने कहा- सेलर के भरोसे रहना लापरवाही
ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से खेती की दवाइयां खरीदने वालों के लिए काम की खबर है। कंज्यूमर अथॉरिटी CCPA ने अमेजन, फ्लिपकार्ट और जियोमार्ट पर बिना रजिस्ट्रेशन वाली कीटनाशक दवा साइक्लोसिनोन हर्बीसाइड बेचने पर कार्रवाई की है। अमेजन और फ्लिपकार्ट पर ₹10-10 लाख और जियोमार्ट पर ₹5 लाख का फाइन लगाया गया है। CCPA ने इस दवा की बिक्री और इसके विज्ञापनों पर तुरंत रोक लगाने के आदेश दिए हैं, ताकि किसानों और आम ग्राहकों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो। 43 हजार से ज्यादा पैकेट खरीद चुके थे लोग CCPA के मुताबिक, इस अमान्य और बिना जांच वाली दवा का सबसे बड़ा बाजार अमेजन पर बन गया था। अमेजन के जरिए इस कीटनाशक के कुल 38,410 ऑर्डर आए, जिनमें 43,634 पैकेट बेचे गए। इन दवाओं की कुल कीमत 96.43 लाख रुपए थी। सरकार का कहना है कि ये आंकड़े बताते हैं कि कितने बड़े पैमाने पर किसानों और आम ग्राहकों को धोखे में रखा गया और उनकी सेहत और फसलों को खतरे में डाला गया। कृषि मंत्रालय की शिकायत के बाद जांच हुई यह पूरा मामला तब सामने आया जब किसानों की संस्था क्रॉप केयर फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इसकी शिकायत की और कृषि मंत्रालय ने जांच शुरू करवाई। जांच में पता चला कि साइक्लोसिनोन नाम का यह केमिकल सरकार के कीटनाशक एक्ट 1968 की लिस्ट में शामिल ही नहीं है। इसका सीधा मतलब यह है कि यह दवा फसलों, मिट्टी या इंसानों के लिए कितनी सुरक्षित और असरदार है। इसकी सरकार से कोई भी कानूनी जांच या क्वालिटी चेक कराई ही नहीं गई थी। कंपनियों ने बिना किसी सरकारी मंजूरी के इसे सीधा बेचना शुरू कर दिया था। केमिकल का नाम छिपाकर प्रोडक्ट बेचा जा रहा था खेती में इस्तेमाल होने वाली इस दवा को कौन से केमिकल्स को मिलाकर बनाया गया है, इसकी जानकारी दिए बिना ऑनलाइन साइट्स पर बेचा जा रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने तीनों कंपनियों से कहा है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर बिक रहे ऐसे सभी सामानों की खुद जांच करें, ताकि कानून तोड़ने वाली या सेहत को नुकसान पहुंचाने वाली चीजें ऑनलाइन न बिक सकें। इसके साथ ही कंपनियों को 15 दिन के अंदर इस पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है। कंपनियां सेलर के भरोसे रहकर पल्ला नहीं झाड़ सकतीं कार्रवाई के दौरान अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों ने अपना बचाव करते हुए कहा कि सामान सही है या गलत, इसकी पूरी जिम्मेदारी सामान बेचने वाले यानी सेलर की होती है और उनके बीच ऐसा एग्रीमेंट होता है। इस पर CCPA ने कहा कि कंपनियों और सेलर के बीच का कोई भी निजी समझौता देश के कानून और ग्राहकों की सुरक्षा से बड़ा नहीं हो सकता। सामान बेचने वाले गलत या अधूरी जानकारी भी दे सकते हैं। सिर्फ सेलर के भरोसे बैठकर अमान्य प्रोडक्ट बिकने देना कंपनियों की घोर लापरवाही और उनके चेकिंग सिस्टम की नाकामी है।
India Post GDS Recruitment 2026: ग्रामीण डाक सेवक पदों के लिए आज है आवेदन की अंतिम तिथि, ऐसे करें अप्लाई
India Post GDS Recruitment 2026: भारतीय डाक विभाग में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बेहद जरूरी अपडेट है। ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के विभिन्न पदों पर आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों के पास आज यानी 19 सितंबर 2026 तक ही अंतिम मौका है। जो योग्य अभ्यर्थी अभी तक अपना आवेदन पत्र नहीं जमा कर पाए हैं, वे बिना किसी देरी के आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और अपनी पात्रता जांचने के बाद तुरंत आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि तय समय-सीमा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा।
योग्यता और आयु सीमा
जीडीएस के इन पदों पर आवेदन करने के लिए शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो, उम्मीदवार का भारत के किसी भी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान से 12वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है।
इसके साथ ही आयु सीमा को लेकर भी मानक तय किए गए हैं। आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि, सरकारी नियमों के मुताबिक आरक्षित वर्ग के सभी उम्मीदवारों को ऊपरी आयु-सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
India Post GDS Recruitment 2026: ऐसे करें घर बैठे ऑनलाइन आवेदन
यदि आप निर्धारित योग्यता को पूरा करते हैं और अंतिम तिथि से पहले फॉर्म भरना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन करके अपना आवेदन सबमिट कर सकते हैं:
- सबसे पहले भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in पर जाएं।
- वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध संबंधित 'रजिस्ट्रेशन' लिंक पर क्लिक करें।
- अब मांगी गई सभी जरूरी जानकारियां जैसे अपना पूरा नाम, चालू मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और शैक्षणिक योग्यता का विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
- इसके बाद अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
- प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपने फॉर्म को सबमिट करें और भविष्य की जरूरत के लिए उसका एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
कितनी है एप्लीकेशन फीस?
इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए सामान्य (General) और ओबीसी (OBC) श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 100 रुपये जमा करना अनिवार्य है। इसके विपरीत, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है, वे बिना किसी शुल्क के अपना फॉर्म भर सकते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Haribhoomi









