HMD Vibe 2 Pro 5G लॉन्च: मिलेगी 64MP Sony कैमरा और 6000mAh बैटरी; कीमत ₹15,999 से शुरू
HMD ने भारत में नया HMD Vibe 2 Pro 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 15,999 रुपए है। यह फोन मई में लॉन्च हुए HMD Vibe 2 5G का अपग्रेडेड वर्जन है। Vibe 2 5G की शुरुआती कीमत 10,999 रुपए थी और इसमें HD+ डिस्प्ले के साथ 18W चार्जर मिलता था। नए Pro मॉडल में FHD+ डिस्प्ले, तेज प्रोसेसर, 64MP Sony कैमरा और 33W फास्ट चार्जिंग दी गई है। फोन की बिक्री 8 अक्टूबर से Flipkart पर शुरू होगी।
HMD Vibe 2 Pro 5G के स्पेसिफिकेशन
HMD Vibe 2 Pro 5G में 6.78 इंच का FHD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन में MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 8GB तक LPDDR4X RAM और 128GB स्टोरेज मिलती है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन Android 16 पर चलता है। कंपनी ने फोन के लिए दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। हालांकि, कंपनी की ओर से किसी OS अपग्रेड का वादा नहीं किया गया है, इसलिए फोन Android 16 पर ही रह सकता है। फोन में 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 33W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार, यह सामान्य इस्तेमाल में पूरे दिन की बैटरी लाइफ दे सकती है। 33W चार्जिंग पुराने Vibe 2 5G में मिलने वाली 18W चार्जिंग के मुकाबले तेज है।
64MP Sony कैमरा और 13MP सेल्फी कैमरा
कैमरा सेटअप की बात करें तो HMD Vibe 2 Pro 5G के रियर में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 64MP का Sony IMX682 मेन सेंसर और 2MP का मैक्रो कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 13MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर भी मिलते हैं। इसके अलावा इसमें 3.5mm हेडफोन जैक दिया गया है, जिससे यूजर्स बिना अडैप्टर के वायर्ड ईयरफोन कनेक्ट कर सकते हैं।
22 से ज्यादा भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है Indus AI
HMD ने फोन में Sarvam का Indus AI असिस्टेंट भी दिया है। यह 22 से ज्यादा भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है। यूजर्स अपनी भाषा में ड्राफ्ट तैयार करने, सवाल पूछने और कामों की प्लानिंग के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। फोन में Sanchar Saathi ऐप का सपोर्ट भी दिया गया है। यह ऐप टेलीकॉम से जुड़ी सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराता है।
HMD Vibe 2 Pro 5G की भारत में कीमत और सेल
HMD Vibe 2 Pro 5G को भारत में दो वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसके 6GB RAM + 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 15,999 रुपए और 8GB RAM + 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 17,999 रुपए है। हालांकि, सीमित समय के लिए कंपनी दोनों मॉडल की कीमत पर 1,000 रुपए की कटौती कर रही है। इसके बाद 6GB मॉडल 14,999 रुपए और 8GB मॉडल 16,999 रुपए में मिलेगा।
फोन की बिक्री 8 अक्टूबर से Flipkart पर आयोजित होने वाली Big Billion Days सेल के दौरान शुरू होगी। इसे Silver Mist, Aqua Green और Cosmic Purple कलर में खरीदा जा सकेगा।
कर्नाटक में MSP पर खरीदे जाएंगे 1.67 लाख टन से अधिक तिलहन और दालें, केंद्र ने दी मंजूरी
(फाइल फोटो के साथ) बेंगलुरु, 30 सितंबर केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को बताया कि केंद्र ने 2026-27 के खरीफ सत्र के लिए कर्नाटक में मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत 13413 टन सूरजमुखी, 38250 टन मूंग और 1,15,500 टन सोयाबीन की खरीद को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इन मंजूरियों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद के जरिये किसानों को सहायता मिलेगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार भी जताया।
कुमारस्वामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इन मंजूरियों से एमएसपी पर खरीद के जरिये किसानों को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।’’ कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने 29 सितंबर को तीन अलग-अलग पत्रों के जरिये कर्नाटक में इन तीन फसलों की मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत खरीद को मंजूरी दी। ये मंजूरियां कर्नाटक सरकार के अनुरोध के बाद दी गईं। पत्रों में सूरजमुखी और मूंग के लिए 11 अगस्त तथा सोयाबीन के लिए 17 अगस्त को राज्य सरकार की ओर से भेजे गए पत्रों का उल्लेख किया गया है।
खरीद की अवधि शुरू होने की तारीख से 90 दिन होगी। इसकी शुरुआत की तारीख राज्य सरकार तय करेगी। केंद्रीय नोडल एजेंसियों को खरीद शुरू होने की तारीख के बारे में केंद्र को सूचित करने को कहा गया है।
एजेंसियों को खरीद शुरू करने से पहले वैज्ञानिक भंडारण के लिए उपलब्ध जगह की पुष्टि करने और केवल उतनी ही मात्रा में खरीद करने का निर्देश दिया गया है, जितनी के लिए भंडारण की पुष्टि हो चुकी हो। केंद्र ने कहा कि खरीद पंजीकृत किसानों के आधार आधारित ‘बायोमेट्रिक’ या चेहरे की पहचान के जरिये की जानी चाहिए और केवल उचित औसत गुणवत्ता (एफएक्यू) वाली उपज की खरीद की जानी चाहिए। खरीद उस समय की जाएगी, जब बाजार भाव एमएसपी से नीचे हों।
राज्य सरकार से मंजूर मात्रा की खरीद लागत के कम से कम 15 प्रतिशत के बराबर राशि का ‘रिवॉल्विंग फंड’ उपलब्ध कराने और खरीद के तीन दिन के भीतर किसानों के बैंक खातों में सीधे भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। उसे पूरे पीएसएस परिचालन को मंडी कर या उपकर से मुक्त करने तथा केंद्रीय नोडल एजेंसियों द्वारा प्रत्यक्ष खरीद केंद्र स्थापित करने में सहयोग करने को भी कहा गया है। केंद्र ने एजेंसियों और राज्य सरकार को पीएसएस के तहत अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) लाभार्थियों का आंकड़ा दर्ज करने का भी निर्देश दिया है, ताकि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के संबंधित मद के तहत निर्धारित धनराशि का इस्तेमाल किया जा सके।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi
prabhasakshi









