Meerut Police ने केसरगंज मस्जिद के पास बढ़ाई सुरक्षा, सोशल मीडिया वीडियो के बाद गश्त तेज
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में केसरगंज मंडी स्थित एक मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद और उसके आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा गश्त बढ़ा दी गई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की ओर से मंगलवार को मस्जिद के पास हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने की बात कही गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। मस्जिद के मुतवल्ली जुबेर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया। पुलिस के मुताबिक, केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के ऊपरी हिस्से में करीब एक महीने पहले निर्माण कार्य कराया जा रहा था। स्थानीय व्यापारियों की शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था और इसी घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो प्रसारित हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और क्षेत्र की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
Lucknow में खिली धूप, मौसम विभाग ने UP के कई हिस्सों में बारिश का जताया अनुमान
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को धूप खिली रही और अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मुजफ्फरनगर में 9.0 मिलीमीटर और मेरठ में 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मुरादाबाद में हल्की बारिश हुई जबकि इन स्थानों के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश दर्ज नहीं हुई। इस बीच, प्रदेश में लगातार हुई बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और निगरानी कार्य तेज कर दिए हैं।
सरकार ने सोमवार को जारी एक बयान के मुताबिक, नगर विकास और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। बयान में बताया गया कि जलभराव वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर जल निकासी तथा पानी उतरने के बाद तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संक्रामक बीमारियों के खतरे को रोका जा सके। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में जलभराव, जल निकासी, स्वच्छता और बीमारियों की रोकथाम के इंतजामों का जायजा लिया।
उन्होंने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहरी क्षेत्रों में सफाई और जनसुविधाओं को बेहतर करने तथा प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए अतिरिक्त मशीनरी, उपकरण और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









