Responsive Scrollable Menu

BSE Sensex में 1124 अंक की भारी गिरावट, Nifty 22800 के नीचे फिसला

कच्चे तेल के दाम में तेजी, वैश्विक अनिश्चितता और कमजोर वैश्विक रुख से स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 1,124 अंक का गोता लगाकर छह महीने के निचले स्तर पर आ गया। वहीं एनएसई निफ्टी 22,800 अंक के नीचे रहा। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,124.02 अंक यानी 1.52 प्रतिशत लुढ़क कर 72,771.72 अंक पर बंद हुआ।

यह 30 मार्च, 2026 के बाद इसका सबसे निचला बंद स्तर है। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,179.51 अंक टूटकर 72,716.23 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 360.25 अंक यानी 1.56 प्रतिशत की गिरावट के साथ करीब छह महीने के निचले स्तर 22,780.25 अंक पर बंद हुआ।

निफ्टी में शामिल 50 में से 47 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि केवल तीन में बढ़त रही। इससे पता चलता है कि बाजार में व्यापक स्तर पर बिकवाली हुई। विश्लेषकों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच गतिरोध से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली, अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि और एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के कारण वित्तीय, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, धातु, दैनिक उपयोग की वस्तुओं, तेल एवं गैस तथा वाहन कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से 29 में गिरावट रही। लार्सन एंड टुब्रो में सबसे अधिक 2.81 प्रतिशत का नुकसान रहा। पावर ग्रिड 2.62 प्रतिशत, अदाणी पोर्ट्स 2.38 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.30 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.27 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.24 प्रतिशत टूटे।

इन्फोसिस एकमात्र शेयर है जिसमें तेजी रही। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 3.81 प्रतिशत उछलकर 108.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 3,693.93 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा , ‘‘बाजार में मंदड़ियों का दबदबा बना रहा और बाजार प्रमुख मनोवैज्ञानिक समर्थन स्तर से नीचे आ गया। वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों में गिरावट के बीच निवेशकों की सतर्कता बढ़ रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका द्वारा संघर्ष विराम प्रस्ताव खारिज किए जाने से पश्चिम एशिया में तनाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका बढ़ी है। इससे निकट अवधि में कूटनीतिक समाधान की संभावना कम हुई है और आपूर्ति के लंबे समय तक प्रभावित होने तथा जिंस कीमतों में वृद्धि का जोखिम बढ़ा है।’’ विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल बढ़ने से भारत और अमेरिका के बीच बॉण्ड प्रतिफल का अंतर कम हो रहा है, जिससे विदेशी निवेशकों की बिकवाली बढ़ सकती है और बाजार धारणा सतर्क बनी रह सकती है।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 315.20 अंक चढ़कर 73,895.74 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 77.40 अंक की बढ़त के साथ 23,140.50 अंक पर रहा था।

Continue reading on the app

Sustainable Aviation Fuel से किसानों की आय में 29,000 रुपये तक की हो सकती है बढ़ोतरी: SAF Association

हरित विमान ईंधन के उपयोग से न केवल विमानन क्षेत्र को पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी बल्कि किसानों की आय में प्रति हेक्टेयर करीब 160-300 डॉलर (15,000-29,000 रुपये) की वृद्धि हो सकती है। टिकाऊ विमान ईंधन से जुड़े विशेषज्ञों ने सोमवार को यह संभावना जताई। टिकाऊ विमान ईंधन (एसएएफ) पारंपरिक विमान ईंधन का कम कार्बन उत्सर्जन वाला एक विकल्प है, जिसे नवीकरणीय और अपशिष्ट पदार्थों से बनाया जाता है।

यह पारंपरिक विमान ईंधन के मुकाबले पूरे जीवन चक्र में कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन को 80 प्रतिशत तक कम करता है। एसएएफ पर राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित दो-दिवसीय एसएएफ कॉन्क्लेव एंड अवॉर्ड्स 2026 कार्यक्रम में एसएएफ एसोसिएशन के महासचिव रोहित कुमार ने कहा, ‘‘एसएएफए उद्योग के नेतृत्व में सहयोग और वैश्विक साझेदारी के जरिये पूरी एसएएफ मूल्य श्रृंखला को एक साथ लाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा ध्यान नीति-निर्माताओं, निवेशकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, कच्चा माल उपलब्ध कराने वालों और खरीदारों को जोड़कर व्यावहारिक अवसर पैदा करने पर है।’’ एसएएफ एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में 25 से अधिक देशों के 500 से अधिक प्रतिनिधि और 200 से अधिक कंपनियां शामिल हो रही हैं। इस मौके पर एसएएफ एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और इंडियन ऑयल के पूर्व शोध एवं विकास निदेशक डॉ. आलोक शर्मा ने कहा कि उत्पादन का विस्तार आपूर्ति पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘एसएएफ का बड़े स्तर पर उत्पादन बढ़ाने के लिए भरोसेमंद कच्चे माल, प्रौद्योगिकी की तैयारी, वित्तपोषण, प्रमाणन, बुनियादी ढांचे और दीर्घकालिक खरीद प्रतिबद्धताओं की जरूरत होगी।’’ एसएएफ एसोसिएशन का अनुमान है कि टिकाऊ विमान ईंधन के उपयोग से न केवल विमानन क्षेत्र को पर्यावरण-अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी बल्कि किसानों की आय में प्रति हेक्टेयर करीब 160-300 डॉलर (15,000-29,000 रुपये) की वृद्धि हो सकती है। उद्योग निकाय के मुताबिक, भारत 2050 तक सालाना करीब चार करोड़ टन एसएएफ का उत्पादन कर सकता है, जो संभावित वैश्विक उत्पादन का लगभग 10 प्रतिशत होगा। ओमान के राजदूत ईसा सालेह अब्दुल्ला सालेह अल शिबनी ने सहयोग की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का एसएएफ बदलाव ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और निवेश के क्षेत्र में सहयोग के महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मजबूत भारत-ओमान साझेदारी टिकाऊ विमानन समाधान विकसित करने और स्वच्छ ऊर्जा परिवेश को मजबूत करने में मदद कर सकती है। एसएएफ को अपनाने और टिकाऊ विमानन भविष्य के निर्माण में अंतरराष्ट्रीय सहयोग महत्वपूर्ण होगा।’’ देश में करीब 1.5 अरब लीटर गन्ना आधारित एथनॉल की उपलब्धता से ‘अल्कोहल-टू-जेट’ ईंधन उत्पादन को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं, भारत में सालाना 2.9 से 3.0 करोड़ टन खाद्य तेल की खपत से 18-26 लाख टन इस्तेमाल हो चुका खाद्य तेल (यूसीओ) उपलब्ध हो सकता है।

हालांकि, इसका बहुत छोटा हिस्सा ही अधिकृत संग्रह केंद्रों तक पहुंचता है। भारत में पहले से चार आईएससीसी-कोर्सिया (इंटरनेशनल सस्टेनेबिलिटी एंड कॉर्बन सर्टिफिकेशन-कार्बन ऑफसेटिंग एंड रिडक्शन स्कीम फॉर इंटरनेशनल एविएशन) प्रमाणित सह-प्रसंस्करण संयंत्र हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता 1,06,500 टन है। अगला कदम इस व्यवस्था को खेत और रसोई स्तर तक ले जाना है, ताकि कार्बन अर्थव्यवस्था विश्वसनीय बनी रहे और कच्चा माल उपलब्ध कराने वालों को उचित भुगतान मिल सके।

आईएससीसी-कोर्सिया एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता-प्राप्त प्रमाणन प्रणाली है, जिसका उद्देश्य टिकाऊ विमान ईंधन के सत्यापन के जरिये विमानन क्षेत्र में ग्रीनहाउस गैस के उत्सर्जन में कमी सुनिश्चित करने में मदद करना है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में एसएएफ के मिश्रण का संकेतात्मक लक्ष्य के तहत 2027 में एक प्रतिशत, 2028 में दो प्रतिशत और 2030 तक पांच प्रतिशत रखा गया है। इसके साथ एसएएफ की मांग करीब 46,000 टन से बढ़कर लगभग 2.5 लाख टन होने की उम्मीद है।

एसएंडपी ग्लोबल एनर्जी के अनुमान के अनुसार, भारत में विमान ईंधन की मांग 2024 के करीब 1,92,000 बैरल प्रतिदिन से बढ़कर 2031 तक 2,77,000 बैरल प्रतिदिन हो सकती है। दो दिवसीय सम्मेलन में कंपनियों के बीच (बी2बी) और सरकार और कंपनियों के बीच (बी2जी) बैठकें, समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर, तकनीकी कार्यशालाएं तथा सीओआरएसआईए और एसएएफ-जैव अर्थव्यवस्था पर परिचर्चाएं होंगी। इस मौके पर सम्मेलन में एसएएफ के यूट्यूब चैनल ‘सैफटाइम्स डॉट कॉम’ की भी शुरुआत की गई।

Continue reading on the app

  Sports

11वां दिन, 13 खेल... भारत की झोली में गिरेंगे कितने मेडल? जानिए सुबह से शाम तक का पूरा प्लान

India Asian Games 2026 Schedule: जापान के ऐची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों 2026 के 11वें दिन भारतीय एथलीट 13 विधाओं में दम दिखाएंगे. मंगलवार का दिन भारत के लिए पदकों के लिहाज से बेहद अहम है. एथलेटिक्स में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स, बॉक्सिंग के सेमीफाइनल, शूटिंग की ट्रैप स्पर्धा और कुराश में भारतीय खिलाड़ी मेडल के लिए दावेदारी पेश करेंगे. इसके अलावा तीरंदाजी, टेनिस, साइक्लिंग, सेलिंग और कबड्डी में भी एथलीट अपनी श्रेष्ठता साबित करने उतरेंगे. Mon, 28 Sep 2026 21:31:19 +0530

  Videos
See all

Ujjain Masjid Update: उज्जैन में शाही मस्जिद पर बवाल! Giriraj Singh ने क्या बोल चौंकाया? #shorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-28T16:17:18+00:00

Breaking News LIVE | अभी-अभी SIR पर आई Gyanesh Kumar की सफाई | Election Commission | Top News #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-28T16:14:29+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers