IT Raid Bollywood: रकुलप्रीत सिंह, वासु भगनानी से जुड़े 12 ठिकानों पर इनकम टैक्स छापा! फिल्म शूटिंग के नाम पर पैसे विदेश भेजने का आरोप
IT Raid Bollywood: बॉलीवुड के बड़े फिल्मकार, प्रोडक्शन कंपनी और स्टार्स पर इनकम टैक्स विभाग का छापा पड़ा है। इस छापे में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, फिल्ममेकर वासु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े ठिकानों पर छापा पड़ने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई आयकर विभाग ने 28 सितंबर 2026 को करीब 12 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई कथित तौर पर विदेश भेजे गए फिल्म से जुड़े फंड और संभावित टैक्स अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
12 ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई आयकर विभाग की कई टीमें रकुल प्रीत सिंह, वासु भगनानी और Panorama Studios से जुड़े ऑफिस और अन्य परिसरों में जांच कर रही हैं। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि विभाग को पिछले कुछ समय से फिल्म शूटिंग, विदेशी वितरण और निर्माण के नाम पर बड़ी रकम विदेश भेजे जाने की जानकारी मिल रही थी।
इसी जानकारी के आधार पर विभाग ने संबंधित ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। हालांकि, जांच अभी जारी है और आधिकारिक तौर पर वित्तीय अनियमितताओं को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
विदेश भेजे गए फंड को लेकर जांच
रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फिल्मों की शूटिंग, विदेशों में वितरण और निर्माण से जुड़े लेनदेन में कहीं टैक्स से जुड़ी गड़बड़ी तो नहीं हुई। कथित तौर पर बड़ी रकम विदेश भेजे जाने के मामले में वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई अभी चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अधिकारियों को किस तरह की वित्तीय जानकारी या कथित अनियमितताएं मिली हैं।
रकुल प्रीत सिंह जल्द ‘रामायण’ में आएंगी नजर
रकुल प्रीत सिंह बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल हैं। वह जल्द ही निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में नजर आएंगी। फिल्म में वह शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में, साई पल्लवी सीता के किरदार में, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
वासु भगनानी और Panorama Studios का फिल्मी कनेक्शन
वाशु भगनानी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता हैं। पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर से भी कई चर्चित फिल्मों का निर्माण और जुड़ाव रहा है।
इस बैनर से ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के अलावा ‘कुली नंबर 1’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘रहना है तेरे दिल में’ और ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों का नाम जुड़ा है।
रकुल, जैकी और वासु भगनानी की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल सामने आई रिपोर्ट्स में आयकर विभाग की कार्रवाई को जांच के स्तर पर बताया गया है। रकुल प्रीत सिंह, उनके पति जैकी भगनानी और वाशु भगनानी की ओर से इन तलाशी की खबरों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
India’s Got Latent 2: समय रैना के शो में अदनानी सामी को 'पाकिस्तानी जासूस' कहकर उड़ाया मजाक, सिंगर ने दिया ऐसा रिएक्शन!
Adnan Sami: समय रैना के शो इंडिया गॉट लेटेंट में हाल ही में मशहूर सिंगर अदनानी सामी को लेकर मजाक किया गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इसपर अब खुद सिंगर ने मजेदार रिएक्शन दिया है। पाकिस्तान से ताल्लुक रखने वाले अदनान सामी लंबे समय से भारत में रह रहे हैं और अब उन्हें भारतीय नागरिकता भी मिल चुकी है, लेकिन कुल्लू के हालिया बयान ने उन्हें एकबार फिर चर्चा में ला दिया।
शो में आयुष्मान खुराना, कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू और अन्य बतौर पैनलिस्ट पहुंचे थे। शो के दौरान कुल्लू ने आयुष्मान की आने वाली फिल्म ‘उ़डता तीर’ के किरदार को लेकर ऐसा मजाक किया, जिसका कनेक्शन सीधे अदनान सामी से जोड़ दिया गया।
आयुष्मान के जवाब पर कुल्लू ने किया मजेदार कमेंट
एपिसोड में समय रैना ने आयुष्मान खुराना से उनकी आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ की कहानी के बारे में पूछा। फिल्म के बारे में बताते हुए आयुष्मान ने कहा कि यह भारत की पहली देशभक्ति वाली कॉमेडी और एक स्पाई कॉमेडी है। आयुष्मान ने बताया कि फिल्म में वह एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो भारत आता है। यहां उसकी याददाश्त चली जाती है और वह खुद को भारतीय समझने लगता है। उसे देशभक्ति तो याद रहती है, लेकिन यह याद नहीं रहता कि उसका देश कौन सा है।
आयुष्मान की बात पूरी होते ही कुल्लू ने तुरंत मजाक करते हुए कहा, “वो अदनान सामी है।” इस कमेंट के बाद शो में मौजूद पैनलिस्ट और दर्शक हंसने लगे। इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से शेयर किया गया।
अदनान सामी ने किया रिएक्ट
कुल्लू ने बाद में इस वीडियो क्लिप को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। खास बात यह रही कि अदनान सामी ने खुद भी इस मजाक पर प्रतिक्रिया दी। क्लिप के कमेंट सेक्शन में अदनान सामी ने लिखा, “पहले मुझसे ‘राइट्स’ लो और फिर फिल्म बनाओ।”
अदनान का यह जवाब भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने अपने कमेंट के जरिए कुल्लू के मजाक को हल्के-फुल्के अंदाज में ही आगे बढ़ाया।
क्या है अदनान सामी का भारत-पाक कनेक्शन और कुल्लू का जोक?
कुल्लू के इस जोक का संबंध अदनान सामी के पाकिस्तान से भारत आने की कहानी से है। अदनान सामी पहले पाकिस्तानी नागरिक थे और साल 2001 में भारत आए थे।
भारत में लंबे समय तक रहने और यहां अपने संगीत करियर को आगे बढ़ाने के बाद उन्होंने पाकिस्तानी पासपोर्ट सरेंडर कर दिया था। साल 2016 में उन्हें भारतीय नागरिकता मिली। अदनान इससे पहले बता चुके हैं कि उनकी भारतीय नागरिकता की अर्जी दो बार खारिज भी हुई थी।
इसके अलावा वह कई बार पाकिस्तान विरोधी बयानों के चलते सुर्खियों में रहते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi










