Karnataka मंत्रिमंडल का विस्तार आज, डी के शिवकुमार करेंगे 20 मंत्रियों को शामिल
बेंगलुरु, तीन अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद संभालने के दो महीने बाद डी के शिवकुमार सोमवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे और इस दौरान 20 नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। आधिकारिक सूत्रों इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन में आयोजित होगा।
कांग्रेस आलाकमान ने जिन 20 नामों पर स्वीकृति दी है उनमें पी.एम. नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगडागी, रुद्रप्पा लामानी, के.एस. बसवंतप्पा, बी. नागेंद्र, टी. रघुमूर्ति, बी.जेड. जहीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, पुट्टुरंगाशेट्टी, मंकाला वैद्य, अजय सिंह, एन. चालुवराय स्वामी, के एम शिवलिंगे गौड़ा, एच सी बालकृष्ण, गायत्री शांतिगौड़ा, बसवराज रायरेड्डी, विजयानंद काशप्पनावर और लक्ष्मण सावदी शामिल हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने मुख्यमंत्री शिवकुमार को पत्र भेजकर मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने के लिए कांग्रेस आलाकमान द्वारा इन 20 नामों को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी है। कांग्रेस नेतृत्व ने जी.एस. पाटिल के नाम को कर्नाटक विधानसभा के नए अध्यक्ष तथा ए.एस. पोन्नन्ना के नाम को उपाध्यक्ष के रूप में भी स्वीकृति दी है।
पार्टी ने सलीम अहमद को राज्य विधान परिषद का नया सभापति तथा उमाश्री को उपसभापति नियुक्त करने का भी निर्णय लिया है। शिवकुमार ने 28 मई को सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ 13 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की थी।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद की स्वीकृत संख्या 34 है।
Mallikarjun Kharge ने अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संसद में घेरा
नयी दिल्ली, तीन अगस्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संसद में आकर प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के कथित इस्तेमाल को लेकर स्पष्टीकरण देना चाहिए। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बताना चाहिए कि राम मंदिर को मिले चढ़ावे की ‘‘चोरी’’ कैसे हुई। खरगे ने संसद भवन स्थित अपने कक्ष में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं की बैठक के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मोदी सरकार को ‘इंडिया’ को जवाब देना होगा।
पहला, गृह मंत्री संसद में आएं और छात्रों पर लाठीचार्ज एवं पैलेट गन के इस्तेमाल की कार्रवाई पर स्पष्टीकरण दें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दूसरा, प्रधानमंत्री यह बताएं कि श्री राम मंदिर को श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया चंदा और चढ़ावा कैसे चोरी हो गया, जबकि ट्रस्ट प्रधानमंत्री की निगरानी में था।’’ विपक्ष बीते 20 जुलाई को प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री से संसद में बयान देने की मांग कर रहा है। विपक्ष ने इस मुद्दे पर अमित शाह के इस्तीफे की भी मांग की है। विपक्षी दलों की बैठक में खरगे के अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव, तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के संजय राउत और अरविंद सावंत, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी, माकपा के जॉन ब्रिटास और कई अन्य नेता शामिल हुए।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi






















