नेपाल में फिर से बाढ़-लैंडस्लाइड, 6 की मौत:घर-पुल बहे, हाईवे बंद; एक महीने पहले आई बाढ़ में 1453 मौतें, 5500 से ज्यादा लापता
नेपाल में लगातार बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन से हालात बिगड़ गए हैं। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। बागलुंग जिले में भूस्खलन से एक घर मलबे में दब गया। हादसे में एक महिला और उसके तीन बेटों की मौत हो गई। पाल्पा जिले में 2 लोग मारे गए हैं। वहीं, बाढ़ और भूस्खलन से कई घर और पुल बह गए हैं। कई जगह हाईवे बंद होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। बुटवल में बाढ़ प्रभावित इलाकों से 1,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इससे पहले 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ में 1453 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5500 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर बह रही नारायणी नदी लगातार बारिश के कारण नेपाल की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। देवघाट में नारायणी नदी रविवार सुबह 7:45 बजे 11 मीटर पर बह रही थी। यह खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर है। अधिकारियों ने नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई थी। बुटवल में बाढ़ के खतरे को देखते हुए करीब 200 परिवारों को उनके घरों से हटाया गया। कई इलाकों में बाढ़ का पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। खबर अपडेट हो रही है…
दक्षिण अफ्रीका के बार में गोलीबारी, 17 की मौत:AK-47 लेकर आए थे हमलावर; 4 दिन पहले भी मास शूटिंग में 12 जानें गई थीं
बार में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 17 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। घटना दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप की है। गोलीबारी से पहले लोग पार्टी कर रहे थे। रॉयटर्स के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे गौतेंग में हुई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। दक्षिण अफ्रीका के क्वा-मखुथा इलाके में 4 दिन पहले भी मास शूटिंग हुई थी। इसमें 12 लोगों की मौत हुई थी। 8 अज्ञात हमलावरों ने लोगों पर फायरिंग की दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक 8 अज्ञात हमलावर बार में पहुंचे और बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद हमलावर बार के अंदर घुसे और वहां मौजूद लोगों पर भी फायरिंग की। गोलीबारी क्यों की गई इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावरों के पास AK-47 राइफल और पिस्तौल थीं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। दक्षिण अफ्रीका के क्वा-मखुथा इलाके में 22 सितंबर की रात एक घर में पार्टी चल रही थी। इसी दौरान तीन हथियारबंद लोग वहां पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। हमले में 12 लोगों की मौत हुई, जबकि 2 लोग घायल हुए। पुलिस के मुताबिक, 13 पुरुष और एक महिला पार्टी में मौजूद थे। महिला गर्भवती बताई गई है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 











