Kunal Kamra ने बेंगलुरु में रद्द किए कार्यक्रम, हिंदू संगठनों के विरोध का था मामला
बेंगलुरु, तीन अगस्त हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के बाद हास्य कलाकार कुणाल कामरा ने यहां ‘व्हाइटफील्ड’ में प्रस्तावित अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कामरा रविवार को खुद व्हाइटफील्ड थाने पहुंचे और अधिकारियों को सूचित किया कि वह अपने प्रस्तावित कार्यक्रमों को आयोजित नहीं करेंगे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘वह (कामरा) थाने आए थे और उन्होंने जानकारी दी कि हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण व्हाइटफील्ड में प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला किया है।’’ यह घटनाक्रम ‘हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति’ द्वारा हाल में बेंगलुरु पुलिस को एक ज्ञापन सौंपकर यूआरयू व्हाइटफील्ड में तीन अगस्त के लिए निर्धारित कामरा के कार्यक्रम को रद्द किए जाने की मांग के बाद सामने आया है। समिति ने कानून-व्यवस्था और धार्मिक सौहार्द के बिगड़ने का अंदेशा जताया था। समिति ने यह दावा भी किया था कि कामरा ने हिंदू देवी-देवताओं का अनादर किया है।
वहीं, कामरा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार के कार्यक्रम को अब कोरामंगला स्थित एक अन्य स्थल पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी सूचित किया कि ‘बुकमायशो’ मंच ‘व्हाइटफील्ड’ कार्यक्रम के लिए खरीदे गए टिकटों का भुगतान वापस करेगा। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कोरामंगला वाले स्थान के लिए कार्यक्रम की टिकट लेने का अनुरोध किया, जहां बैठने की सीमित क्षमता है।
Sawan Rajasthan News: राजस्थान के शिवालयों में सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़
जयपुर, तीन अगस्त सावन माह के पहले सोमवार को राजस्थान के शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रदेशभर में तड़के से ही भगवान शिव के दर्शन, जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं प्रशासन ने भी व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं तथा प्रमुख मंदिरों व कांवड़ मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जयपुर के ताड़केश्वर महादेव मंदिर में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की परंपरा के दर्ज पर तड़के चार बजे विशेष भस्म आरती का आयोजन किया गया और गलता तीर्थ पर हजारों श्रद्धालु रविवार देर रात से ही पहुंचने लगे जहां उन्होंने कुंड में स्नान किया, कांवड़ में जल भरा और पूजा-अर्चना के उपरांत अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों के लिए रवाना हुए।
कांवड़ यात्राओं में युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज और तिरंगा लिए हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। रविवार को गलता तीर्थ से जयपुर के बरकत नगर स्थित रामेश्वरम शिवालय तक भव्य कांवड़ एवं कलश यात्रा निकाली गई।
यात्रा के संयोजक मनीष भार्गव के अनुसार, 11वीं वार्षिक यात्रा में 300 से अधिक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। झारखंड महादेव मंदिर में भी दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे जहां सोमवार को मंदिर के बाहर लगभग दो किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। ऐतिहासिक ताड़केश्वर महादेव मंदिर के पुजारी शक्ति व्यास ने बताया कि मंदिर के कपाट तड़के तीन बजकर 45 मिनट पर खोले गए।
इसके बाद भगवान शिव का अभिषेक कर विशेष भस्म आरती की गई। उन्होंने बताया कि तड़के चार बजकर 30 मिनट पर भगवान शिव का देसी गाय के 51 किलोग्राम घी तथा 151 किलोग्राम दूध, दही, शहद और शक्कर से महाभिषेक किया गया। मंगल आरती के दौरान भगवान शिव का विशेष श्रृंगार भी किया गया।
जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर सहित प्रदेश के अन्य जिलों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिरों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और अन्य विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कांवड़ यात्राओं को देखते हुए जयपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। प्रमुख मंदिरों में अवरोधक, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग, वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत छह विशेष पुलिस दल भी तैनात किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे सावन माह के दौरान प्रमुख शिवालयों तथा कांवड़ मार्गों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर की जाएगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi















.jpg)




