Responsive Scrollable Menu

कौन हैं रिया अहीर?: 27 साल की लड़की ने प्रोटेस्ट में अकेले रोकी पुलिस वैन, लोग कर रहे सलाम; Video Viral

Riya Ahir Video: देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन का एक सिलसिला मुंबई में भी देखने को मिला। इस दौरान मुंबई में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच एक युवा महिला की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस महिला ने अपना साहसिक कदम दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को लेकर जा रही पुलिस वैन के सामने डटकर खड़े होकर उनका विरोध किया। उनके इस कदम ने इंटरनेट पर चर्चा छेड़ दी है और कई लोग इसे साहसिक नागरिक के रूप में देख रहे हैं।

अब लोग जानना चाहते हैं कि आखिर ये महिला है कौन? अपने साहसिक कदम के लिए जानी जाने वाली ये महिला हैं 27 साल की मॉडल और एक्ट्रेस रिया अहीर।

पुलिस वैन के सामने खड़े होकर जताया विरोध
रिया अहीर शाम करीब 4:30 बजे शिवाजी पार्क की ओर जा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक पुलिस वैन देखी, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। उनका कहना है कि यह देखकर उन्होंने तुरंत वैन के सामने जाकर रास्ता रोक दिया और हिरासत में लिए गए लोगों को तत्काल छोड़ने की मांग की।

रिया ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की आवाज और माहौल ने उन्हें कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया। उनके मुताबिक, वह वहां जो कुछ हो रहा था, उसे अनदेखा नहीं कर सकती थीं।

पुलिस से हुई बहस, लेकिन डटी रहीं
रिया अहीर का दावा है कि इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कहा था कि प्रदर्शनकारियों को कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया जाएगा। इस पर रिया ने सवाल उठाया कि यदि छोड़ना ही है, तो उन्हें उसी समय क्यों नहीं छोड़ा जा सकता।

रिया के मुताबिक, पुलिस की ओर से उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि बाहर से वह शांत दिखाई दे रही थीं, लेकिन अंदर से काफी डरी हुई थीं। इसके बावजूद उन्होंने अपना स्थान नहीं छोड़ा।

प्रदर्शनकारियों की रिहाई के बाद मिली सराहना
रिया का कहना है कि वह तब तक पुलिस वैन के सामने खड़ी रहीं, जब तक हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को रिहा नहीं कर दिया गया। उनके अनुसार, रिहाई के बाद कई छात्रों ने उनका धन्यवाद किया, हाथ मिलाया और उनके साहस की सराहना की।

इस घटना के बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट भी साझा किया, जिसमें लिखा, "बच्चों को भर तो लिया, अब कहां जाओगे?" यह पोस्ट भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।

कौन हैं रिया अहीर?
रिया अहीर को सोशल मीडिया पर रिया एकौसिया के नाम से भी जाना जाता है, मॉडल, अभिनेत्री, एंटरप्रेन्योर और होस्ट हैं। वह सामाजिक और समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने के लिए भी जानी जाती हैं।

मनोरंजन जगत में काम करने के साथ-साथ रिया अपना लग्जरी क्लोदिंग ब्रांड 'रियासत' भी चलाती हैं, जहां प्रीमियम परिधानों का निर्माण किया जाता है। उन्हें डांस का भी शौक है और वह कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं।

फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में भी कर चुकी हैं काम
रिया अहीर म्यूजिक वीडियो 'दिलबरा' में दिखाई दे चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने 'दीदी (क्राइम एंड जस्टिस)' नामक शॉर्ट फिल्म में भी अभिनय किया है।

Continue reading on the app

झूठ बोल रहे आमिर खान?: 3 Idiots से पहले सोनम वांगचुक से हुई थी मुलाकात; पुराना Video आया सामने

Aamir Khan vs Sonam Wangchuk: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपने हालिया बयान को लेकर विवादों में आ गए हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि फिल्म '3 इडियट्स' की मेकिंग के दौरान वह सामाजिक कार्यकर्ता और एजुकेटर सोनम वांगचुक को नहीं जानते थे। हालांकि, अब सोशल मीडिया पर वांगचुक का एक पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें वह 2008 में आमिर से मुलाकात का जिक्र करते दुख रहे हैं। जबकि 3 इडियट्स साल 2009 में रिलीज हुई थी।

इस पूरे मामले पर नई बहस शुरू हो गई है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स आमिर खान के बयान पर सवाल उठा रहे हैं।

सोनम वांगचुक का पुराना वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में सोनम वांगचुक बताते हैं कि उनकी मुलाकात आमिर खान से वर्ष 2008 में मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। उनके अनुसार, इस मुलाकात में उन्होंने आमिर को सियाचिन मुद्दे पर आधारित एक फिल्म बनाने का सुझाव दिया था।

वांगचुक का कहना है कि उन्होंने आमिर को बताया था कि भारत और पाकिस्तान सियाचिन जैसे बर्फीले क्षेत्र पर हर दिन करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि इस विषय पर ऐसी फिल्म बनाई जाए, जिसमें दोनों देशों के आम लोग मिलकर समाधान निकालें और संसाधनों का उपयोग शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हो।

उन्होंने बताया कि आमिर खान ने उनकी बात ध्यान से सुनी थी और उनके काम पर आधारित एक ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन भी देखा था।

'3 इडियट्स' देखने के बाद हुए हैरान
सोनम वांगचुक ने वीडियो में यह भी बताया कि कार्यक्रम के बाद वह पढ़ाई के लिए फ्रांस चले गए थे। इसी दौरान 2009 में उन्हें कई लोगों के फोन और संदेश मिलने लगे कि उन पर आधारित एक फिल्म रिलीज हुई है।

उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें बताया कि फिल्म में उनके स्कूल जैसी जगह दिखाई गई है। यह सुनकर वह हैरान रह गए और उन्होंने अपने स्कूल से संपर्क किया।

स्कूल पहुंची थी फिल्म की टीम
वांगचुक ने बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि फिल्म की टीम उनके स्कूल पहुंची थी। हालांकि, टीम ने यह नहीं बताया था कि वह किस फिल्म की शूटिंग करने आई है। उन्होंने दावा किया कि स्कूल प्रशासन ने पर्यावरण संबंधी कारणों से शूटिंग की अनुमति नहीं दी थी, क्योंकि टीम प्लास्टिक सामग्री लेकर आई थी। इसके बाद कथित तौर पर फिल्म की शूटिंग पास के दूसरे स्कूल में की गई।

'मैं सोनम को नहीं जानता था...' आमिर के बयान से हैरान हुए लोग
इस विवाद की शुरुआत आमिर खान के हालिया बयान से हुई। ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (BFI) में बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या '3 इडियट्स' का मुख्य किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर आमिर ने साफ कहा कि फिल्म बनाते समय न तो वह, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक को जानते थे।

उन्होंने इसे एक गलतफहमी बताते हुए कहा कि फिल्म का मुख्य किरदार वांगचुक पर आधारित नहीं था। हालांकि, आमिर ने यह भी कहा कि वह सोनम वांगचुक के सामाजिक कार्यों का सम्मान करते हैं और उनके काम की सराहना करते हैं।

सोशल मीडिया पर बंटी राय
सोनम वांगचुक का पुराना वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर आमिर की मुलाकात 2008 में वांगचुक से हुई थी और फिल्म की टीम उनके स्कूल तक पहुंची थी, तो उनका हालिया बयान सवाल खड़े करता है।

Continue reading on the app

  Sports

Kusal Mendis ने England के खिलाफ 82 गेंदों में पूरा किया ODI शतक, बनाए कई रिकॉर्ड

श्रीलंका के लिए इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा एकदिवसीय मुकाबला बेहद अहम है और इसी मुकाबले में कप्तान कुसल मेंडिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मेंडिस ने 100 गेंदों में 121 रन बनाए। उन्होंने केवल 82 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया और श्रीलंका को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस पिछले सप्ताह हुई टी20 सीरीज में चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में वापसी करते हुए उन्होंने न सिर्फ कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली, बल्कि बल्ले से भी टीम को जरूरी मजबूती दी। गौरतलब है कि श्रीलंका के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि श्रृंखला में आगे बने रहने के लिए टीम को जीत की जरूरत है।

कुसल मेंडिस के इस शतक के साथ कई खास रिकॉर्ड भी जुड़े हैं। वह श्रीलंका के लिए कप्तान रहते हुए एकदिवसीय शतक लगाने वाले केवल दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि कुमार संगकारा ने हासिल की थी। संगकारा ने 18 मार्च 2011 को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 128 गेंदों में 111 रन बनाए थे।

इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान के तौर पर एकदिवसीय शतक लगाने वाले कुसल मेंडिस श्रीलंका के तीसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनसे पहले सनथ जयसूर्या और महेला जयवर्धने यह कारनामा कर चुके हैं। दोनों ने अपने करियर में इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान रहते हुए दो-दो एकदिवसीय शतक लगाए थे।

कुसल का शतक एक और खास रिकॉर्ड से जुड़ा है। वह इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में एकदिवसीय शतक लगाने वाले दुनिया के केवल तीसरे खिलाड़ी हैं। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक ने सबसे पहले यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 4 फरवरी 2020 को केपटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ 107 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप भी इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज रहते हुए दो एकदिवसीय शतक लगाए हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान के तौर पर एकदिवसीय पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है। बाबर ने 13 जुलाई 2021 को बर्मिंघम में 139 गेंदों पर 158 रन बनाए थे। वह इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान के तौर पर एकदिवसीय पारी में 150 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते कप्तान हैं।

मौजूदा मुकाबले में कुसल ने दूसरे विकेट के लिए कामिंदु मेंडिस के साथ 120 गेंदों में 137 रन की अहम साझेदारी की। कामिंदु ने 65 गेंदों पर 54 रन बनाए। इसके बाद कुसल ने पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 40 रन जोड़े। रत्नायके ने 39 गेंदों पर 48 रन बनाए।

श्रीलंका की पारी को मजबूती देने के बाद कुसल मेंडिस 36वें ओवर में रेहान अहमद की गेंद पर आउट हुए। उनकी 121 रन की पारी में दबाव के बीच संयम और आक्रामक बल्लेबाजी दोनों देखने को मिली। ऐसे में उनका यह शतक श्रीलंका के लिए सिर्फ रिकॉर्ड बनाने वाली पारी नहीं, बल्कि श्रृंखला में बने रहने के लिए बेहद अहम योगदान भी है।

Fri, 25 Sep 2026 19:04:00 +0530

  Videos
See all

Sahil Joshi | क्या है CJP की मांगें? | Abhijeet Dipke | #shorts #electioncommission #abhijeetdipke #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-25T14:45:40+00:00

टक्कर इतनी जोरदार कि हवा में उछला बाइक सवार #ludhiana #caraccident #aajtak #shorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-25T14:45:11+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers