FASTag OneTag Portability: अब मोबाइल नंबर की तरह पोर्ट होगा FASTag; बिना स्टिकर बदले बदल सकेंगे बैंक
अब तक यदि किसी वाहन चालक को अपने FASTag का बैंक बदलना होता था, तो उसे पुराना FASTag स्टिकर कार से हटाकर नया FASTag खरीदना पड़ता था। NHAI ने इस परेशानी को खत्म करने के लिए OneTag सेवा पेश की है।
यह सुविधा ठीक वैसे ही काम करती है जैसे आप अपने मोबाइल नंबर को बिना बदले एक टेलीकॉम कंपनी से दूसरी कंपनी में पोर्ट कराते हैं।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में हुई इस नई सुविधा की शुरुआत
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में आयोजित 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' में इस नई पोर्टेबिलिटी फैसिलिटी का उद्घाटन किया। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि वाहन की विंडस्क्रीन पर लगा पुराना स्टिकर ही काम करेगा और उससे जुड़ी FASTag ID में कोई बदलाव नहीं होगा, जिससे बार-बार नया टैग खरीदने का झंझट खत्म हो जाएगा।
ऐप के जरिए ऐसे बदलें अपना FASTag बैंक
FASTag को नए बैंक में पोर्ट करने की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए सबसे पहले वाहन मालिक को अपने मोबाइल में 'राजमार्गयात्रा' ऐप में लॉगिन करना होगा। इसके बाद ऐप में अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके यह जांचना होगा कि गाड़ी पोर्टेबिलिटी के लिए पात्र है या नहीं। पात्रता पुष्टि होने के बाद, मौजूदा FASTag बैंक की ओर से यूज़र के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर 6 अंकों का वेरिफिकेशन कोड (MVC) भेजा जाएगा।
इस कोड को दर्ज करने के बाद यूज़र अपनी पसंद का नया FASTag इशूअर बैंक चुन सकता है और नए बैंक के साथ कस्टमर वेरिफिकेशन व वॉलेट ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होते ही पोर्टेबिलिटी का काम पूरा हो जाएगा।
दोबारा पोर्ट करने के नियम और कूलिंग पीरियड
अगर कोई यूज़र अपने FASTag को दोबारा किसी अन्य बैंक में पोर्ट कराना चाहता है, तो उसे 6 महीने का इंतजार करना होगा। पोर्टेबिलिटी प्रक्रिया सफल होने के बाद पुराना बैंक आपके मौजूदा FASTag वॉलेट को बंद कर देगा और उसमें बची हुई बैलेंस राशि को रिफंड कर देगा। इसके बाद अगले 6 महीने तक कूलिंग पीरियड लागू रहेगा, जिसके दौरान इसे दोबारा पोर्ट नहीं किया जा सकेगा।
इन प्रमुख बैंकों पर उपलब्ध है यह सुविधा
फिलहाल FASTag पोर्टेबिलिटी की सुविधा कुछ चुनिंदा प्रमुख बैंकों और इशूअर्स के साथ उपलब्ध कराई गई है। राजमार्गयात्रा ऐप के अनुसार, यूज़र स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), एयरटेल पेमेंट बैंक, एक्सिस बैंक, सिटी यूनियन बैंक, फेडरल बैंक, एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), इंडसइंड बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, करूर वैश्य बैंक और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के जरिए पोर्टेबिलिटी कर सकते हैं।
वनटैग सेवा से FASTag इकोसिस्टम में होगा सुधार
NHAI का कहना है कि OneTag सेवा से न केवल वाहन मालिकों के लिए बैंक बदलना आसान होगा, बल्कि यह FASTag के पूरे लाइफ साइकिल मैनेजमेंट में सुधार लाएगा। बार-बार नया FASTag बनाने की जरूरत खत्म होने से टैग प्रोडक्शन, डिस्पैच और अन्य खर्चों को घटाया जा सकेगा, जिससे देश में एक बेहतर और अधिक कुशल FASTag इकोसिस्टम तैयार करने में मदद मिलेगी।
IMD Weather Alert: 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और ओडिशा रेड अलर्ट पर
सितंबर के उत्तरार्ध में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के तीव्र होकर डिप्रेशन में बदलने के कारण पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भारत के मौसम पर इसका सीधा असर देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के तटीय राज्यों और पूर्वी भारत के तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
दक्षिण और पूर्वी भारत में भारी तबाही और अलर्ट
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बहुत भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है, जिनकी रफ्तार बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही ओडिशा के 20 जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है, क्योंकि तटीय इलाकों में भारी बारिश के कारण दोबारा बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति पैदा होने का खतरा मंडरा रहा है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी लगातार तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और केरल के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है, जहां अकेले केरल के ही 7 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
मध्य और पश्चिमी भारत का मौसम
मध्य भारत के छत्तीसगढ़ में एकाध स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक के साथ रुक-रुक कर बारिश की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी तट की बात करें तो कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज बौछारें पड़ने और बिजली कड़कने का अनुमान लगाया गया है।
उत्तर और पूर्वोत्तर भारत का हाल
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, जिसमें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार शामिल हैं, में कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इन इलाकों में हल्की आंधी के साथ छिटपुट बारिश या तेज बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी छिटपुट बारिश के साथ बिजली गिरने का अंदेशा जताया गया है।
मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में मौसमी दबाव के चलते समुद्र में हलचल काफी तेज रहेगी और हवा की गति 45 से 55 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो समय-समय पर बढ़कर 65 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस खतरनाक स्थिति को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह जारी की है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi







