‘वेलकम’ फेम मुश्ताक खान का निधन: लिवर कैंसर से जूझ रहे थे अभिनेता, बालाघाट में हुआ था जन्म
Actor Mushtaq Khan Dies: मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का आज निधन हो गया। ‘वेलकम’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाने वाले मुश्ताक खान पिछले कुछ समय से लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि मुश्ताक खान को करीब पांच साल पहले कैंसर के बारे में पता चला था। हाल के दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद बीमारी दोबारा बढ़ गई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभिनेता का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। हालांकि, अंतिम संस्कार की विस्तृत व्यवस्थाओं की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
तीन दशक का फिल्मी करियर
मुश्ताक खान ने अपने करीब तीन दशक लंबे फिल्मी करियर में हिंदी सिनेमा की कई फिल्मों में काम किया। वह खास तौर पर सहायक और कॉमिक भूमिकाओं के लिए पहचाने जाते थे। ‘हम हैं राही प्यार के’ (1993), ‘जोड़ी नंबर 1’ (2001) और ‘वेलकम’ (2007) में उनके किरदारों को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
फिल्म ‘वेलकम’ में मुश्ताक खान ने एक दिव्यांग हॉकी खिलाड़ी का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके अभिनय और संवाद ने दर्शकों का ध्यान खींचा। उनका डायलॉग “मेरी एक टांग नकली है” आज भी उनके यादगार संवादों में शामिल है।
बालाघाट में हुआ था जन्म
मुश्ताक खान का जन्म मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर शहर में हुआ था। उन्होंने हिंदी फिल्मों में बतौर सपोर्टिंग एक्टर अपनी अलग पहचान बनाई। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में काम किया और अलग-अलग तरह के किरदार निभाए।
नवंबर 2024 में हुआ था मुश्ताक खान का अपहरण
नवंबर 2024 में अभिनेता मुश्ताक खान अपहरण मामले को लेकर भी सुर्खियों में आए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें एक अवॉर्ड समारोह में शामिल होने के बहाने मेरठ बुलाया गया था। दिल्ली पहुंचने के बाद कथित तौर पर उन्हें दिल्ली-मेरठ हाईवे के रास्ते बिजनौर के पास एक सुनसान जगह पर ले जाया गया।
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम यादव के मुताबिक, अभिनेता को कथित तौर पर बंधक बनाकर कई घंटों तक प्रताड़ित किया गया था। अपहरणकर्ताओं ने कथित तौर पर उनकी रिहाई के बदले 1 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी। बाद में मुश्ताक खान इस घटना से बच निकलने में सफल रहे थे। मामले में पुलिस ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
फिल्म इंडस्ट्री में शोक
मुश्ताक खान के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर है। लंबे समय तक हिंदी फिल्मों में सहायक और कॉमिक किरदारों के जरिए अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता को उनके यादगार अभिनय और किरदारों के लिए याद किया जाएगा।
Actor Mushtaq khan passed away: नहीं रहें हर भारतीय को हंसाने वाले दिग्गज अभिनेता मुश्ताक़ खान.. 56 साल की उम्र में निधन, जूझ रहे थे इस बीमारी से
‘वेलकम’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में अपने कॉमिक और सपोर्टिंग किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। ताजा रिपोर्टों के अनुसार उनका मुंबई के नानावटी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi
IBC24








