21 साल बाद MP में लौट रही लोक परिवहन बस सेवा, CM डॉ. मोहन यादव ने पहुंचकर देखीं तैयारियां, कल गडकरी के साथ करेंगे शुभारंभ
मध्य प्रदेश में 21 साल बाद फिर लोक परिवहन बस सेवा शुरू होने जा रही है। इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार शाम भोपाल के BHEL दशहरा मैदान पहुंचे और ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ के शुभारंभ की तैयारियां देखीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं के साथ बसों के अंदर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
25 सितंबर को इसी मैदान से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत करेंगे।
CM बोले- मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक होगा दिन
तैयारियों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक होगा। प्रदेश में 21 साल बाद फिर लोक परिवहन बस सेवा शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका स्वरूप अपने आप में यूनिक है और सरकार का यह फैसला क्रांतिकारी साबित होगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक सुगम परिवहन सेवा में ई-बस से लेकर अलग-अलग सुविधाओं वाली बसों को चरणबद्ध तरीके से हर नगर और जिले तक पहुंचाया जाएगा। यात्रियों के लिए पानी, बस स्टॉप और बस स्टैंड जैसी जरूरी सुविधाओं पर भी काम किया जाएगा।
शहरों के साथ गांवों को भी बसों से जोड़ने की तैयारी
नई व्यवस्था में इंटरसिटी और इंट्रासिटी दोनों तरह की बसें शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में पांच लाख किलोमीटर से ज्यादा सड़कें हैं और गांवों में भी इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हुआ है। अब लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा देने के लिए बस कनेक्टिविटी का विस्तार किया जाएगा।
सुगम परिवहन सेवा के तहत बसों की सुरक्षा और निगरानी में भी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। बसों में GPS और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं शामिल की जा रही हैं।
जगन्नाथपुरी से चारधाम तक बस चलाने की तैयारी
सुगम परिवहन सेवा का दायरा केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लग्जरी बसों के जरिए दूसरे राज्यों के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक भी यात्रियों को पहुंचाया जाएगा। इनमें ओडिशा का जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, मथुरा और चारधाम जैसे धार्मिक स्थल शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रदेश में दो मेट्रो सेवाएं भी शुरू हुई हैं और अब सड़क परिवहन की कमी को दूर करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
गडकरी के साथ करेंगे शुभारंभ
शुक्रवार को BHEL दशहरा मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनके साथ बसों को हरी झंडी दिखाकर ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की शुरुआत करेंगे।
गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच, सभा स्थल और अन्य व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान परिवहन सचिव मनीष सिंह भी मौजूद रहे।
MP News : युवाओं के लिए बड़ा मौका, पावर जनरेटिंग कंपनी में 559 पदों पर ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, मिलेगा 10 हजार तक स्टाइपेंड
मध्य प्रदेश के युवाओं को प्रशिक्षण का एक सुनहरा मौका मिलने जा रहा है, युवाओं को कौशल निखारने का ये मौका मध्य प्रदेश पावर जनरेशन कंपनी दे रही है, युवाओं को ये अवसर मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत मिल रहा है जिसके तहत कंपनी ने 559 ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पद उपलब्ध कराए हैं। रोजगार के अवसर तलाश रहे युवा इस योजना के माध्यम से पावर जनरेशन कंपनी के विभिन्न कार्यालयों एवं विद्युत गृहों में एक वर्ष का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। पात्र प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा कुल 559 प्रशिक्षण पद स्वीकृत किये गए हैं। इसमें नियुक्ति के बाद युवाओं को जबलपुर स्थित कंपनी मुख्यालय के साथ प्रदेश के विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों में कार्य करते हुए व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
योजना के तहत इलेक्ट्रीशियन, इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एवं सिस्टम मेंटेनेंस, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, स्टेनो (हिन्दी/अंग्रेजी), सिविल इंजीनियरिंग, मानव संसाधन और अकाउंट्स सहित विभिन्न कार्यश्रेणियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विद्युत उत्पादन तथा कंपनी के विभिन्न कार्यक्षेत्रों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा।
15 अक्टूबर ऑनलाइन आवेदन की लास्ट डेट
मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। निर्धारित कार्यश्रेणी के अनुसार अभ्यर्थी का 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा अथवा स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है।
8 से 10 हजार रुपये तक मिलेगा स्टाइपेंड
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को उनकी कार्यश्रेणी और जिले के अनुरूप कंपनी के विभिन्न विद्युत गृहों एवं कार्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने के एक माह बाद पात्र प्रशिक्षणार्थियों को 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड का भुगतान शुरू होगा। प्रशिक्षण की कुल अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन पोर्टल से करना होगा आवेदन
अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के ऑनलाइन पोर्टल (https://mmsky.mp.gov.in/Web/Candidate/Registration) के माध्यम से आवेदन करना होगा। पंजीयन के लिए समग्र आईडी एवं आधार की ई-केवाईसी आवश्यक है। अभ्यर्थियों को यह ध्यान रखना होगा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत उपलब्ध 559 पद प्रशिक्षण के लिए हैं। इन्हें नियमित नौकरी अथवा स्थायी रोजगार नहीं माना जाएगा। आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई अथवा जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित जिला स्तरीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News







