Shimla Theft: एक करोड़ की चोरी का माल जब्त करने वाले आबकारी दरोगा समेत चार गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला में एक घर से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गहने और नकदी चुराकर भागे चोर उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में आबकारी विभाग की एक टीम के हाथों खुद लुट गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा होने के बाद हिमाचल प्रदेश और ऊधमसिंह नगर जिले की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रुद्रप्रुर से आबकारी विभाग के एक दरोगा और एक कांस्टेबल सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य दो आरोपियों में एक उपनल कर्मी और प्रांतीय रक्षक दल का एक जवान शामिल है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गयी संपत्ति का कारीब 80 प्रतिशत हिस्सा भी बरामद कर लिया गया है। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि चारों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश पुलिस अपने साथ ले गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला के सदर पुलिस थाने में आठ सितंबर को एक प्राथमिकी दर्ज की गयी थी जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्हें सुबह जागने पर अपने घर की अलमारियां खुली हुई और सामान बिखरा मिला था। शिकायत में कहा गया था कि जांच के दौरान आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब मिला, जिसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक की थी। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई संपत्ति में हीरे जड़ित सोने के कंगन, सोने की अंगूठियां और बालियां, चांदी के सिक्के, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान शामिल था।
शिकायतकर्ता ने यह भी पाया था कि घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका भी मौके से गायब थी। शिमला पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश, पूछताछ, तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जब जांच आगे बढ़ाई तो चोरी के सामान को उत्तराखंड के रास्ते नेपाल ले जाए जाने की बात सामने आयी। इसके बाद उसने ऊधमसिंह नगर पुलिस से संपर्क किया।
स्थानीय स्तर पर हुई जांच में सामने आया कि चोरी के सामान को लेकर जा रहा एक वाहन रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेकपोस्ट पर रोका गया था। सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य जांचों में चेकिंग के दौरान बरामद सामान को चौकी पर मौजूद चारों व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर अपने पास रखने में संलिप्तता सामने आयी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैनीताल जिले के रामनगर के रहने वाले आबकारी दरोगा देवेन्द्र कुमार (56), ऊधमसिंह नगर जिले के निवासी कांस्टेबल बलजीत सिंह (35), उपनल कर्मी पप्पू लाल (58) तथा पीआरडी जवान नईम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अब तक चोरी की संपत्ति का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद किया जा चुका है। शेष संपत्ति की बरामदगी के साथ ही चोरी की मूल घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
सीबीएसई 10वीं 12वीं परीक्षा 2027 के सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम जारी, कैसे और कहां से करें डाउनलोड
CBSE Class 10, 12 sample papers 2026 : सीबीएसई ने 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा के सैंपल पेपर जारी कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र cbseacademic.nic.in पर जाकर सैंपल पेपर देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
Hindustan









