नेचुरल चीजों से घर पर बनाएं ब्लीच, चेहरा-बॉडी चमकाने के लिए देखें बेस्ट रेमेडी
ब्लीच का काम चेहरे के अनचाहें बालों को गोल्डन करके स्किन को चमकदार और एक समान दिखाना होता है। अगर आप अपनी स्किन पर केमिकल वाली ब्लीच का इस्तेमाल नहीं कर पाती हैं तो यहां बताई नेचुरल चीजों से बनी ब्लीच को लगाएं।
Mahalaxmi Vrat Katha: महालक्ष्मी व्रत का प्रारंभ हो चुका है, इस व्रत कथा को पढ़ें बिना नहीं मिलेगी कृपा
Mahalaxmi Vrat Katha: हिंदू धर्म में त्रिदेवों के साथ त्रिदेवियां भी हैं. इन देवियों में माता लक्ष्मी, माता पार्वती और माता सरस्वती शामिल हैं. सभी को इनकी कृपा चाहिए होती है. माता लक्ष्मी इनमें सबसे विशेष मानी जाती है क्योंकि वे धन-धान्य, सुख और समृद्धि की देवी होती है. हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि से महालक्ष्मी व्रत का प्रारंभ होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस व्रत को माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने के लिए किया जाता है. घर में सुख-समृद्धि और सफलता के लिए इनकी आराधना करना जरूरी होता है. बता दें कि इन व्रतों का प्रारंभ 19 सितंबर 2026 शनिवार से हो चुका है. इन व्रतों का समापन 3 अक्टूबर 2026 को होगा.
महालक्ष्मी व्रत के दौरान भक्तों को उनकी विधि-विधान से पूजा करनी होती है और उसके साथ-साथ व्रत कथा का भी पाठ करना चाहिए. कहते हैं कि व्रत कथा को पढ़ने या सुनने से माता लक्ष्मी ज्यादा प्रसन्न होती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कथा का श्रवण करना विशेष है और सुख-समृद्धि लेकर आता है. इस व्रत के दौरान श्रद्धा और विश्वास का होना अति आवश्यक होता है.
महालक्ष्मी व्रत कथा (Mahalaxmi Vrat Katha)
पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह कहानी मंगलार्ण नामक राजा एवं रानी पद्मावती की है. कथानुसार, भगवान शिव के श्रीमुख से महालक्ष्मी व्रत का विधान श्रवण करने के उपरान्त, भगवान स्कन्द ने कहा- हे प्रभु! इस व्रत का पालन सर्वप्रथम किसने किया था? किसने इस व्रत को संसार में प्रकाशित किया था? यदि आप मुझसे प्रेम करते हैं तो इस व्रत की कथा का यथार्थ वर्णन करने की कृपा करें.
तब भगवान शिव ने कहा कि प्राचीनकाल में मंगलार्ण नाम का एक शूरवीर चक्रवर्ती सम्राट शासन करता था. कुण्डन नगर नामक उसकी भव्य राजधानी थी. उसकी एक धर्मपत्नी थी जिसका नाम पद्मावती था. कालांतर में एक ब्राह्मण उसके समक्ष सेवा कार्य करने हेतु आया. राजा ने उस ब्राह्मण का नाम अज्ञात रख दिया, किन्तु कालांतर में वह धर्मपरायण ब्राह्मण तवल्लक के नाम से लोकप्रिय हुआ. एक दिन राजा आखेट करने के लिए वन में गया. वन में उसने अनेकों वन्य शूकरों तथा मृगों का आखेट किया. आखेट के उपरान्त प्यास से व्याकुल होकर वह एक वृक्ष के मूल में विश्राम करने लगा तथा अपने सेवकों को जल की खोज में सभी दिशाओं में भेज दिया. उसके सेवक खोजते-खोजते थक गए किन्तु उन्हें कहीं भी जल प्राप्त नहीं हुआ. तवल्लक भी तत्परता से वन में चारों ओर जल खोज रहा था.
ये भी पढ़ें- Bhadrapad Second Pradosh Vrat 2026: भाद्रपद मास का दूसरा प्रदोष व्रत कब है? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजन विधि
तवल्लक को हुए अलंकृत कन्याओं के दर्शन
जल की खोज में तवल्लक एक गह्वर के निकट पहुंचा, जहां एक अत्यंत सुन्दर कमल-पुष्पों से परिपूर्ण दिव्य सरोवर था. तवल्लक को सरोवर पर सुंदर वस्त्राभूषणों से अलंकृत देव कन्याओं के दर्शन हुए. वे देव कन्यायें व्रत के अंग स्वरूप देवी महालक्ष्मी का पूजन कर रही थीं. उन सभी को इस प्रकार पूजन करते देख तवल्लक ने उनसे प्रश्न किया- हे देवियों! यह आप क्या कर रही हैं? कृपया इसका वर्णन करने की कृपा करें.
तवल्लक ने भी व्रत करने का निश्चय लिया
उन स्त्रियों ने उत्तर दिया- 'हम सभी श्रद्धा एवं भक्तिपूर्वक महालक्ष्मी व्रत कर रही हैं, यह व्रत सभी कामनाओं की पूर्ति करने वाला पुण्यशाली व्रत है.' इस व्रत की महत्वता ज्ञात करने के उपरांत तवल्लक ने भी महालक्ष्मी व्रत ग्रहण कर लिया. तदुपरान्त उन देव कन्याओं से आज्ञा लेकर राजा के लिए जल लेकर शीघ्रतापूर्वक वहां से प्रस्थान कर गया. राजा को जल पिलाकर वह उसके सम्मुख ही बैठ गया.
राजा ने भी ग्रहण किया व्रत
जल ग्रहण करने के पश्चात् राजा ने तवल्लक के हाथ में सूत्र बंधा देखकर उससे पूछा- 'हे द्विजवर! आपके हाथ में यह सूत्र कैसा है, क्या आपने किसी व्रत का पालन किया है?' तवल्लक ने उस कुण्ड पर हुए सम्पूर्ण घटनाक्रम का वर्णन राजा के समक्ष किया. उस व्रत का विधान सुनकर राजा ने भी व्रत ग्रहण कर लिया तथा तवल्लक सहित अपने नगर में आ गया. महल में आकर वह राजा अपनी पत्नी पद्मावती के संग रमण करने लगा. उसकी पत्नी अत्यंत क्रोधी स्वभाव की थी. रमण करते हुए उसकी दृष्टि राजा के हाथ में बंधे सूत्र पर गई तो वह अत्यंत कुपित होकर बोली- 'किस स्त्री ने आपके हाथ में यह सूत्र बांधा है? कौन है वह स्त्री, जिसने आपको ठग लिया है?'
रानी को आया क्रोध
रानी के क्रोधपूर्ण वचनों को सुनकर राजा ने कहा- 'इससे अधिक और कुछ मत कहो यह तो दिव्य महालक्ष्मी के श्रेष्ठ व्रत का सूत्र है.' राजा मंगलार्ण द्वारा समझाने पर भी रानी का क्रोध शांत नहीं हुआ तथा उसने अपने हाथ से वह सूत्र तोड़कर आग में डाल दिया. रानी की इस धृष्टता से राजा अत्यंत क्रोधित हो गया तथा बोला- हे रानी! तूने अपनी मूर्खता के वशीभूत होकर घोर पाप किया है.' इतना कहकर राजा ने क्रोधवश रानी को सघन वन में ले जाकर उसका त्याग कर दिया. अतः व्रत का अनादर करने से उस दुष्ट रानी की ही हानि हुई, राजा का कुछ अहित नहीं हुआ.
राजा ने रानी को महल से निकाला
महालक्ष्मी का अपमान करने के परिणामस्वरूप रानी राजमहल से निकलकर एक जल रहित वन में पहुंच गयी थी. वन में किसी आश्रयस्थल की खोज में वह इधर-उधर भटक रही थी. वन में घूमते हुए उसे एक आश्रम दृष्टिगोचर हुआ. वह आश्रम विभिन्न प्रकार के वन्य प्राणियों एवं शांत कृष्ण मृगों से घिरा हुआ था. वह आश्रम अत्यंत सुन्दर एवं रमणीक प्रतीत हो रहा था. आश्रम के निकट ही उसे ऋषि वशिष्ठ के दर्शन हुए. वशिष्ठ जी का दर्शन करते ही रानी विलाप करती हुई उनके चरणों में लेट गयी तथा रोने लगी और पीड़ा के कारण मूर्छित हो गई.
रानी ने किया महालक्ष्मी व्रत
ऋषि वशिष्ठ जी ने अपने योगबल से ध्यानस्थ होकर उस रानी की समस्त व्यथा को ज्ञात कर लिया. ऋषिवर को ज्ञात हो गया कि देवी महालक्ष्मी का अनादर करने के कारण ही रानी की यह दुर्दशा हुई है. अतः ऋषिवर ने रानी से वही महालक्ष्मी व्रत करवाया. व्रत के प्रभाव से रानी का चित्त निर्मल एवं शांत हो गया.
राजा पहुंचा ऋषि वशिष्ठ के आश्रम
उधर राजा मंगलार्ण पुनः आखेट करने के लिए उसी वन में आ गया, जहां रानी वनवास कर रही थी. राजा ने वन में एक मृग पर बाण चलाया जिससे वह आहत होकर भागने लगा तथा राजा भी उसका पीछा करते हुए वशिष्ठ जी के आश्रम के निकट पहुंच गया. वशिष्ठ जी ने राजा का आतिथ्य-सत्कार किया. उसी समय राजा की दृष्टि वशिष्ठ जी के आश्रम के बाहर विचरती हुई एक अत्यन्त सुंदर, मृगनयनी स्त्री पर पड़ी. उस स्त्री की भाव-भंगिमा से राजा का मन-मयूर आकृष्ट हो रहा था.
राजा ने स्त्री के समक्ष प्रस्तुत किया अपना प्रेम...
राजा ने उस स्त्री को सम्बोधित करते हुए कहा कि 'हे सुन्दरी! हे मनोहारिणी! आप कौन हैं तथा इस सघन वन में क्यों विचर रही हैं? हे सुन्दर स्मित हास्य वाली, आप कोई किन्नरी हैं अथवा कोई यक्षिणी? मेरा मन आप पर मोहित हो गया है, मैं आपके प्रेमपाश का बन्दी हो गया हूं, आप भी मुझसे प्रेम कर मेरे प्रणय-निवेदन को स्वीकार करो प्रिय.'
सुंदर स्त्री ही राजा की पत्नी थी...
राजा के मुख से इन प्रेमपूर्ण मधुर वचनों को श्रवण कर वह सुन्दरी बोली- 'हे राजन्! मैं तुम्हारी अर्धांगिनी ही हूं! मुझे पहचानो, मैं तो मात्र आपसे ही प्रेम करती हूं. मेरे द्वारा महालक्ष्मी व्रत का अनादर होने के कारण आपने मेरा परित्याग कर दिया था, जिसके कारण मैं इस अवस्था में यहां वनवास कर रही हूं. मुनिश्रेष्ठ वशिष्ठ जी ने मुझे सुन्दर वृक्षों एवं पुष्पों से सुशोभित इस आश्रम में शरण दी तथा मुझ अधम पर कृपा करके मेरे समस्त कष्टों के निवारण हेतु मुझसे पूर्ण विधि-विधान द्वारा महालक्ष्मी व्रत करवाया. उस व्रत के पुण्य प्रभाव से ही माता महालक्ष्मी ने मुझे यह रूप-सौन्दर्य एवं कान्ति प्रदान की है.'
राजा हुआ रानी से प्रसन्न
उस स्त्री के मुख से इन वचनों को श्रवण कर राजा के नेत्र कमल की भांति खिल उठे. तदुपरान्त उसने ऋषि वशिष्ठ से अपनी सहधर्मिणी को ले जाने की आज्ञा ग्रहण की तथा शीघ्र ही अपने सेवकों सहित ध्वजा-पताकाओं से सुसज्जित रथ में आरूढ़ होकर अपनी प्रिय पत्नी पद्मावती सहित नगर में लौट आया. समस्त प्रजाजन ने अपने सम्राट का अभिनंदन एवं जयघोष करते हुए राजा के संग चलने लगे. तदुपरान्त सम्पूर्ण प्रजा ने भी राजा के साथ महालक्ष्मी व्रत का श्रद्धापूर्वक पालन किया.
माता लक्ष्मी के आशीर्वाद से राजा को अनेकों सुख मिलें
श्री महालक्ष्मी व्रत के प्रभाव से राजा ने भूलोक पर अनेकों प्रकार के सुखों को भोगा तथा उसे अनेकों पुत्र-पौत्रादि की प्राप्ति हुई. साथ ही वह चक्रवर्ती सम्राट के रूप में प्रतिष्ठित हुआ तथा तवल्लक ब्राह्मण उसका प्रधानमंत्री बन गया. देवी महालक्ष्मी की कृपा से उसके भवन में समस्त प्रकार की सुख-समृद्धियां निवास करने लगीं. समस्त अभीष्टों को सिद्ध करने वाली देवी नारायणी लक्ष्मी का यही चमत्कार है. वह समस्त पापों को हरने एवं दुखों को नष्ट करने वाली हैं.
क्यों करना चाहिए यह व्रत?
भगवान शिव बताते हैं कि इस श्रेष्ठ महालक्ष्मी व्रत को सोलह वर्षों तक करना चाहिए. जो इस व्रत का श्रद्धा, भक्ति एवं प्रेमपूर्वक पालन करेगा, समस्त सिद्धियां स्वयं उसकी आराधना करेंगी तथा लोकपाल भी प्रसन्न होकर स्वतः ही उसके मनोरथों को पूर्ण करेंगे. जो भी स्त्री या पुरुष सावधानीपूर्वक इस व्रत को करेगा उसकी कामनाओं की पूर्ति हेतु स्वयं ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश भी सदैव तत्पर रहेंगे. समस्त मनुष्य उसके चरणों में अपना मस्तक झुकायेंगे. देवी लक्ष्मी भगवान विष्णु सहित उसके कुटुम्ब में सदा निवास करेंगी.
ये भी पढ़ें- Parivartini Ekadashi 2026: 21 या 22 सितंबर, कब है परिवर्तिनी एकादशी? जानें सही तारीख व पारण का दिन
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और केवल सूचना के लिए प्रदान की गई है. News Nation इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Hindustan
News Nation








