Karva Chauth 2024: अपने लुक को कंप्लीट करें लेटेस्ट ज्वेलरी ट्रेंड्स के साथ, जानें कैसे करें कैरी
Karva Chauth 2024: करवा चौथ का त्योहार महिलाओं के लिए बहुत ही खास होता है। इस दिन वे बड़े ही चाव से सजती-संवरती हैं। खासतौर पर सुहाग और सौभाग्य से जुड़े गहने पहनकर अपने रूप को निखारती हैं। आप भी इस मौके पर अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए ज्वेलरी कैरी कर सकती हैं, लेकिन उसमें लेटेस्ट ट्रेंड का खयाल जरूर रखें।
चूड़ियां-कड़े
करवा चौथ में अगर हाथों में चूड़ियां नहीं खनकेंगी तो आपका श्रंगार अधूरा-सा लगेगा। वैसे तो इस अवसर पर कांच और लाख की चूड़ियों का बैंगल सेट विशेष तौर पर पसंद किया जाता है। लेकिन अलग लुक के लिए आप कांच की चूड़ियों को मिक्स मैच करके पहन सकती हैं, जैसे- कांच की चूड़ियों के बीच या साइड में लाख की चूड़ियों के साथ कॉम्बिनेशन करके या फिर मैटल की चूड़ियों के साथ या बीड्स वाली चूड़ियों के साथ या कंगन के साथ सेट बनाकर पहन सकती हैं। अगर आप इस मौके पर कुछ अलग चूड़ियां पहनना चाहती हैं, तो डिफरेंट डिजाइन के सिंगल कड़े, मल्टी शेड्स स्लिम बैंगल्स, कलरफुल स्टोन विद मोती बैंगल्स, कटवर्क बैंगल्स, ब्रेसलेट स्टाइल की चूड़ियां भी पहन सकती हैं। इसके अलावा एथनिक गोल्डन चूड़ियां भी ट्रेंड में हैं। इसके बीच-बीच में लगे जरकन नग, आपके त्योहार की चमक को बढ़ा देंगे।
नेकपीस
ड्रेस से मैच करता हुआ गोल्ड या सिल्वर का लाइटवेट नेकपीस आप पहन सकती हैं। अगर कुछ नया ट्राय करना चाहती हैं, तो बीड्स वाला नेकपीस अच्छा ऑप्शन होगा या फिर पिकॉक और लोटस डिजाइन के नेकपीस भी आप ट्राई कर सकती हैं। इसके अलावा कुंदन वर्क में चोकर, जड़ाऊ चोकर, सतलड़ा, ट्राइबल कम एथनिक नेकपीस, कंठमाला स्टाइल नेकपीस, फ्लोरल कड़ी स्टाइल नेकपीस, कलरफुल मोतियों से बनी टेंपल नेकपीस भी पहन सकती हैं।
मंगल सूत्र
हर सुहागन महिला के लिए सबसे कीमती गहना उसका मंगल सूत्र होता है। पहले के समय में जहां महिलाएं सिंपल काले मोतियों से बना मंगल सूत्र ही पहनती थीं, वहीं आजकल इसमें भी कई वैरायटी-डिजाइन मार्केट में मौजूद हैं। अगर बात करवा चौथ की हो तो इस मौके पर ज्वेलरी के साथ-साथ डिफरेंट स्टाइल के मंगल सूत्र खुद के लिए चुन सकती हैं। इन दिनों कस्टमाइज्ड मंगल सूत्र भी ट्रेंड में हैं, जिसमें आप अपने पार्टनर का नाम पेंडेंट के रूप मे अटैच करवा सकती हैं। इसके अलावा आजकल ब्रेसलेट मंगल सूत्र भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। आप गले में कुछ हैवी नहीं पहनना चाहती हैं तो ब्रेसलेट मंगल सूत्र आपके लिए परफेक्ट हैं। ये अलग-अलग डिजाइन में अवेलेबल हैं, जो आपको डिफरेंट लुक देंगे।
झुमकी
खास मौकों पर खूबसूरत झुमकी आपके श्रंगार में चार-चांद लगा देती है। खासतौर से एथनिक आउटफिट के साथ झुमकी सुंदर लगती है। इसके बहुत-से डिजाइन मार्केट में अवेलेबल हैं। लेकिन खास डिमांड में है मल्टीकलर स्टोन वर्क और नग लगी झुमकियां। इसके अलावा एथनिक झुमकी, लाइट वेट झुमकी, राउंड झुमकी, पीकॉक स्टाइल, झुमकी विद चेन स्टाइल, कुंदन मोती वर्क झुमकी भी पसंद की जा रही हैं। डिफरेंट लुक के लिए आप स्टेटमेंट हूप झुमकी, चांदबाली भी पहन सकती हैं। यह ट्रेडिशनल ड्रेस के साथ जंचती हैं।
मांग टीका
मांग टीका भी आपके करवा चौथ के लुक को खास बनाने के लिए जरूरी माना जाता है। अगर आपने करवा चौथ के मौके पर हैवी ज्वेलरी पहन रखी है तो डायमंड वर्क में सिंगल मांग टीका आप कैरी कर सकती हैं। इसके अलावा स्टोन, राजस्थानी बोढ़ला, चेन स्टाइल में मोतियों और कुंदन वर्क वाला मांग टीका, कांच पर सोने की नक्काशी वाला, गोटा पट्टी मांग टीका, मल्टीकलर स्टोन मांग टीका भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।
पायल-एंकलेट
जब आप पूरी तरह तैयार हो जाएं, तो पैरों में छनकती पायल पहनना ना भूलें। कुंदन, पोल्की, गोल्ड प्लेटेड, स्टोन, टो रिंग पायल, जेम्स्टोन, बीड्स पायल, मीनाकारी, घुंघरू, कलरफुल स्टोन पायल पहनें। इसके अलावा आप सिल्वर एंकलेट भी करवा चौथ पर पहन सकती हैं। मार्केट में एंकलेट्स की बड़ी रेंज मौजूद है। ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ ये काफी खूबसूरत लगती हैं।
(ज्वेलरी डिजाइनर स्वाति झवर से बातचीत पर आधारित)
श्रुति आयंगर
EV Scooter: काइनेटिक DX और DX+ स्कूटर हुए अपडेट, जानें कीमत, रेंज और फीचर
EV Scooter: भारतीय सड़कों पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले Kinetic DX ने अब नए इलेक्ट्रिक अवतार में वापसी की है। काइनेटिक ने DX और DX+ के अपडेटेड मॉडल पेश किए हैं। नए स्कूटरों में डिजाइन को काफी हद तक पुराने मॉडल जैसा रखा गया है, जबकि बैटरी, मोटर और टेक्नोलॉजी के स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। खासतौर पर Kinetic DX+ में बड़ी LFP बैटरी दी गई है, जिससे इसकी रेंज पहले से बेहतर हुई है।
3.1 kWh बैटरी के साथ 132 किमी तक रेंज
Kinetic DX+ की सबसे बड़ी खासियत इसकी 3.1 kWh LFP बैटरी है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर 132 किलोमीटर तक की सर्टिफाइड IDC रेंज देने में सक्षम है। वहीं, रोजमर्रा की परिस्थितियों में इसकी वास्तविक रेंज करीब 105-110 किलोमीटर तक रहने का दावा किया गया है।
बैटरी को 3.8 kW की अधिकतम पावर वाले हब BLDC मोटर से जोड़ा गया है। कंपनी के मुताबिक, यह सेटअप खास तौर पर शहर में रोजाना आने-जाने के लिए बेहतर परफॉर्मेंस और भरोसेमंद राइडिंग अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।
K-Coast Tech और दो राइडिंग मोड
स्कूटर में K-Coast Tech तकनीक दी गई है। यह ब्रेक लगाने या स्कूटर की रफ्तार कम करने के दौरान ऊर्जा को रिकवर कर उसे दोबारा बैटरी में भेजने में मदद करती है। इसके अलावा इसमें रेंज और पावर नाम से दो राइडिंग मोड दिए गए हैं, जिन्हें जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जा सकता है।
करीब 3 घंटे में 80% चार्ज
Kinetic DX+ में Easy Charge सुविधा दी गई है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 0 से 80 प्रतिशत तक करीब 3 घंटे में चार्ज हो सकती है। स्कूटर में Park Assist के साथ रिवर्स फंक्शन भी दिया गया है, जिससे तंग जगहों पर इसे पार्क करने या बाहर निकालने में आसानी होती है।
स्टोरेज की बात करें तो इसमें 37 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है। स्कूटर को IP67 रेटिंग भी दी गई है, जो इसे धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है।
ब्रेक और हार्डवेयर
Kinetic DX+ में 165 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे 220 mm डिस्क ब्रेक और पीछे 130 mm ड्रम ब्रेक दिया गया है। स्कूटर में 12-इंच के ट्यूबलेस टायर और 1,315 mm का व्हीलबेस मिलता है।
पुराने डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक
नए Kinetic DX+ में कंपनी ने पुराने DX की डिजाइन पहचान को बरकरार रखा है। स्कूटर में ऑल-मेटल बॉडी दी गई है, जिससे इसका रेट्रो लुक बना रहता है। हालांकि, इसके अंदर आधुनिक इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और नई तकनीक को शामिल किया गया है।
Kinetic DX और DX+ की कीमत
Kinetic ने DX रेंज को दो मॉडल में पेश किया है:
Kinetic DX 3 kWh: ₹1,18,599 (एक्स-शोरूम)
Kinetic DX+ 3.1 kWh: ₹1,27,650 (एक्स-शोरूम)
कंपनी की ओर से ग्राहकों के लिए फेस्टिव ऑफर भी पेश किया गया है। इसके तहत DX पर ₹2,000 और DX+ पर ₹3,000 का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा DX+ के साथ ₹8,999 की एक्सटेंडेड वारंटी, ₹5,000 का Amazon कैशबैक और ₹5,000 का PM E-DRIVE बेनिफिट भी उपलब्ध है।
पांच रंगों में उपलब्ध होगा DX+
Kinetic DX+ 3.1 kWh को ब्लैक, सिल्वर, ब्लू, व्हाइट और रेड समेत पांच रंगों में खरीदा जा सकेगा। वहीं, DX 3 kWh को ब्लैक और सिल्वर रंगों में पेश किया गया है।
कंपनी ने नए इलेक्ट्रिक स्कूटरों में Kinetic DX की पुरानी पहचान को बरकरार रखते हुए ज्यादा रेंज, बेहतर इलेक्ट्रिक तकनीक और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए उपयोगी फीचर्स को शामिल किया है। ऐसे में नया DX+ उन ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प हो सकता है, जो रेट्रो डिजाइन के साथ आधुनिक इलेक्ट्रिक स्कूटर की तलाश में हैं।
(मंजू कुमारी)
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi










