अचानक स्पीड ब्रेकर आने से अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार, डिवाइडर से टकराकर जली, बाल-बाल बचे 5 सवार
रतलाम के नामली इलाके में फोरलेन पर शनिवार देर रात एक सांसे थमा देने वाला हादसा सामने आया। सांवरिया जी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार इकोस्पोर्ट्स कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
टकराते ही कार में भीषण आग लग गई और कुछ ही पलों में जोरदार धमाका हो गया। गनीमत यह रही कि कार में सवार पांचों युवक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे की पूरी खौफनाक तस्वीर पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पीथमपुर से सांवरिया जी दर्शन के लिए निकले थे दोस्त
यह घटना शनिवार रात लगभग 10:30 बजे नामली के पल्दूना फंटा के पास हुई। कार में सचिन सौंधिया, सोनरजीत यादव, अनुपम केशरवानी, प्रिंस सिंह राजपूत और उनका एक अन्य साथी सवार थे। यह सभी दोस्त शनिवार शाम करीब 7 बजे पीथमपुर से अपनी इकोस्पोर्ट्स कार से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए निकले थे। कार को सचिन चला रहा था और फोरलेन पर गाड़ी काफी तेज स्पीड में दौड़ रही थी।
स्पीड ब्रेकर देखकर मारा ब्रेक
जिस जगह पर यह दुर्घटना हुई, वहां पल्दूना जाने के लिए फोरलेन पर एक कट बना हुआ है। तेज रफ्तार गाड़ियों के हादसों को रोकने के लिए इस कट के दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार काफी तेज गति में आ रही थी। सामने अचानक स्पीड ब्रेकर देखकर चालक ने एकाएक ब्रेक लगा दिया। तेज स्पीड में अचानक ब्रेक लगने के कारण कार से नियंत्रण हट गया और वह सीधे डिवाइडर से टकराकर पलटियां खाते हुए सड़क पर जा गिरी।
देखते ही देखते धू-धू कर जली कार
डिवाइडर से टकराते ही कार में तुरंत आग लग गई। गाड़ी के अंदर मौजूद पांचों युवाओं ने बिना वक्त गंवाए सूझबूझ दिखाई और लपटें फैलने से पहले ही तेजी से बाहर कूद पड़े। उनके बाहर निकलते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही मिनटों में गाड़ी के अंदर एक जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे आसपास का इलाका दहल उठा। इस हादसे में कार पूरी तरह जलकर कंकाल बन गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
धमाके की आवाज और आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग मदद के लिए मौके की तरफ दौड़े। सूचना मिलते ही नामली थाना प्रभारी अमित कोरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत सभी युवकों को संभाला और इलाज के लिए नामली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सभी युवकों को हल्की चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।
हाई ब्लड प्रेशर को न करें नजरअंदाज, इन आसान आदतों से रखें इसे कंट्रोल
नई दिल्ली, 20 सितंबर (आईएएनएस)। हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) ऐसी समस्या है, जो कई बार बिना किसी स्पष्ट लक्षण के लंबे समय तक शरीर में बनी रह सकती है। व्यक्ति रोजमर्रा का काम सामान्य तरीके से करता रहता है और उसे महसूस भी नहीं होता कि बढ़ा हुआ रक्तचाप धीरे-धीरे उसके दिल, रक्त वाहिकाओं और किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल रहा है। यही वजह है कि हाई ब्लड प्रेशर को अक्सर साइलेंट किलर कहा जाता है।
हाई ब्लड प्रेशर का पता लगाने का सबसे आसान तरीका नियमित रूप से रक्तचाप की जांच करना है। खासकर जिन लोगों को पहले से उच्च रक्तचाप है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसकी निगरानी करते रहना चाहिए। नियमित जांच से ब्लड प्रेशर में होने वाले बदलावों पर समय रहते ध्यान दिया जा सकता है।
शारीरिक रूप से सक्रिय रहना स्वस्थ रक्तचाप बनाए रखने में मदद कर सकता है। रोज करीब 30 मिनट की शारीरिक गतिविधि, जैसे तेज चाल से चलना, साइकिल चलाना या अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम, दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है। लंबे समय तक बैठे रहने की आदत को भी कम करने की कोशिश करें।
ज्यादा नमक का सेवन रक्तचाप बढ़ सकता है। इसलिए खाने में नमक की मात्रा कम करना जरूरी है। संतुलित और पौष्टिक आहार लें तथा संतृप्त और ट्रांसफैट वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। फल, सब्जियां और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
अगर डॉक्टर ने हाई ब्लड प्रेशर की दवा लिखी है, तो उसे अपनी मर्जी से बंद या कम नहीं करना चाहिए। दवा निर्धारित समय और मात्रा में लेना जरूरी है। कई बार ब्लड प्रेशर सामान्य आने पर लोग दवा छोड़ देते हैं, लेकिन ऐसा करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
इसके अलावा, धूम्रपान और अन्य तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाना दिल और रक्त वाहिकाओं की सेहत के लिए महत्वपूर्ण है। शराब का सेवन करते हैं तो उसे कम करना भी जरूरी है। इसके साथ ही तनाव को कम करने के लिए पर्याप्त नींद, आराम और अपनी पसंद की स्वस्थ गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News
News Nation










