वरुण चक्रवर्ती एशियन गेम्स से बाहर:विप्रज निगम को पहली बार सीनियर टीम में मौका; अफगानिस्तान के खिलाफ हैमस्ट्रिंग हुई
भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण एशियन गेम्स 2026 से बाहर हो गए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के पहले टी-20 में गेंदबाजी करने के बाद उनके पैर के बाएं हिस्से में परेशानी हुई थी। स्कैन में साइड स्ट्रेन की पुष्टि के बाद वे सीरीज के बाकी दो मैचों के साथ एशियन गेम्स में भी नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह युवा लेग-स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वरुण ने रविवार को दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ दो महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की थी। उन्होंने अपना पूरा 4 ओवर का स्पेल किया और 16 रन देकर एक विकेट लिया। हालांकि मैच के बाद उन्हें साइड में असहजता महसूस हुई। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया। चोट ने वापसी के तुरंत बाद फिर रोका वरुण की यह चोट इसलिए भी अहम है क्योंकि वे खुद हाल ही में एक लंबी इंजरी से वापसी कर रहे थे। इंग्लैंड दौरे पर जुलाई में तीसरे टी-20 के दौरान उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी। जांच में ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग इंजरी सामने आई थी। इसके बाद वे इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहे और BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बेंगलुरु में रिहैबिलिटेशन किया। रिहैब के बाद उन्होंने तमिलनाडु प्रीमियर लीग में वापसी की। दिंडीगुल ड्रैगन्स के लिए अगस्त में खेले एक मैच में उन्होंने 4 ओवर में 34 रन दिए थे। कुलदीप विकल्प थे, लेकिन निगम को चुना गया वरुण की जगह चुनने के लिए विप्रज निगम और कुलदीप यादव विकल्पों में थे। BCCI सूत्र के मुताबिक दोनों उपलब्ध विकल्प थे, लेकिन कुलदीप को इसी महीने के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। इसलिए चयनकर्ताओं ने निगम को एशियन गेम्स के लिए चुना। इस तरह निगम को पहली बार भारतीय सीनियर टीम के स्तर पर मौका मिला है। 22 साल के निगम IPL में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। वे लीग में अब तक 19 मैच खेल चुके हैं और 13 विकेट ले चुके हैं। वे केवल गेंदबाजी विकल्प नहीं हैं, बल्कि तेज रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं। IPL में उनका स्ट्राइक रेट करीब 176 रहा है। पहले ही अफगानिस्तान सीरीज में भी बदलाव वरुण के चोटिल होने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी-20 में रवि बिश्नोई को प्लेइंग-11 में मौका मिला। टीम के पास स्पिन विभाग में बिश्नोई के अलावा वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल भी विकल्प हैं। अक्षर ने पहले टी-20 में 1/27 का प्रदर्शन किया था। इस सीरीज में भारत पहले ही शुरुआती दोनों मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुका है। अब तीसरा और आखिरी टी-20 17 सितंबर को दिल्ली में खेला जाना है। एशियन गेम्स में भारत की शुरुआत क्वार्टर फाइनल से एशियन गेम्स 2026 जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है। पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी। भारत को सीधे क्वार्टर फाइनल स्टेज से अभियान शुरू करना है। क्वार्टर फाइनल के बाद सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और फाइनल 3 अक्टूबर को होना है। भारत के इंजरी लिस्ट में एक और नाम वरुण से पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी अफगानिस्तान सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर हुए थे। वे रिहैबिलिटेशन के दौरान 7 सितंबर को मैच सिमुलेशन में गेंदबाजी करते समय फिर चोटिल हो गए थे। उनकी जगह यश ठाकुर को दोनों टीमों में शामिल किया गया। इसी वजह से BCCI के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के इंजरी मैनेजमेंट पर भी चर्चा शुरू हुई है। हालांकि पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने सेंटर को सीधे जिम्मेदार मानने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि खिलाड़ियों के शरीर अलग-अलग तरह से चोट पर प्रतिक्रिया देते हैं और फिटनेस की प्रक्रिया में खिलाड़ी की प्रोग्रेस के हिसाब से वर्कलोड बढ़ाया जाता है। बुमराह, वॉशिंगटन और नीतीश भी हाल में चोट से लौटे भारत के कई प्रमुख खिलाड़ी हाल के महीनों में चोट से जूझ चुके हैं। जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी फिटनेस से जुड़ी चिंताओं के बाद टीम में लौटे हैं। वॉशिंगटन और नीतीश को फिटनेस असेसमेंट के बाद खेलने की मंजूरी मिली थी, जबकि बुमराह को दोनों टीमों में शामिल किया गया। भारत का एशियन गेम्स स्क्वॉड श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर और विपराज निगम।
जोस बटलर ने रोहित को पीछे छोड़ा:ब्रूक का 42 गेंद में शतक, इंग्लैंड की टी-20 में श्रीलंका पर लगातार 13वीं जीत
इंग्लैंड ने मंगलवार को पहले टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को 119 रन से हरा दिया। यह इंग्लैंड की श्रीलंका के खिलाफ टी-20 मैच में लगातार 13वीं जीत है। हैरी ब्रूक ने साउथैम्पटन में खेले गए इस मुकाबले में 42 गेंद पर शतक जमाया। उन्होंने इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए। जोस बटलर ने 80 रन की पारी खेली। बटलर ने टी-20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। उनके 161 मैचों में 4,292 रन हैं। रोहित के नाम 4,231 रन हैं। पाकिस्तान के बाबर आजम 4,596 रन के साथ इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। कप्तान ब्रूक और बटलर की बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 19 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई। ब्रूक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ब्रूक का इंग्लैंड के लिए जॉइंट दूसरा सबसे तेज टी-20 शतक हैरी ब्रूक ने 49 गेंदों में नाबाद 114 रन बनाए। उन्होंने 42 गेंद में शतक पूरा किया, जो इंग्लैंड के लिए टी-20 इंटरनेशनल में जॉइंट दूसरा सबसे तेज शतक है। लियाम लिविंगस्टोन भी 42 गेंदों में सेंचुरी लगा चुके हैं। फिल सॉल्ट के नाम 39 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड है। ब्रूक का इस साल व्हाइट-बॉल क्रिकेट में तीसरा शतक हैरी ब्रूक का यह इस साल व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनका तीसरा शतक है। उन्होंने फरवरी में टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 50 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में नाबाद 136 रन बनाए थे। पावरप्ले में इंग्लैंड का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर इंग्लैंड ने पावरप्ले में 90 रन बनाए। यह टी-20 इंटरनेशनल में उसका दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इंग्लैंड का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर 91 रन है, जो उसने 2022 में ट्रेंट ब्रिज में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था। डेब्यू मैच में बेकर का प्रभाव 23 साल के सॉनी बेकर ने अपने डेब्यू टी20 मैच में मेडन ओवर से शुरुआत की। उन्होंने 145 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी की और 12 रन देकर 3 विकेट लिए। इंग्लैंड के सभी छह गेंदबाजों को कम से कम एक विकेट मिला। श्रीलंका की ओर से वेलालागे ने 21 गेंदों में 33 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी। श्रीलंकाई गेंदबाज महंगे साबित हुए श्रीलंका के वेलालागे ने तीन ओवर में 51 रन दिए। तीक्ष्णा भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके। इंग्लैंड ने लगातार बड़े शॉट लगाए और 254 रन का स्कोर खड़ा किया। ------------------------------------------------------------------------ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हुए संजू सैमसन:भारत के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा टी-20 हारने वाली टीम बनी अफगानिस्तान; मोमेंट्स-रिकॉर्ड्स भारत ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। मैच में फिफ्टी लगाने वाले भारतीय ओपनर संजू सैमसन अब रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हो गए हैं। वे बतौर ओपनर टी-20 इंटरनेशनल मैचों में हजार रन बनाने वाले पांचवे भारतीय बन गए। पूरी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 








/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
